Download
Mobile App

android apple
signal

January 3, 2025 9:18 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
  • केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली में परिवहन व्यवस्था में सुधार और भीड़भाड़ और प्रदूषण कम करने के लिए साढ़े बारह हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की घोषणा की। 
  • प्रयागराज महाकुंभ मेले के लिए दूरसंचार सेवाएं सुदृढ़ की गईं, तीन सौ 28 नये टावर लगाए गए। 
  • बांग्लादेश रविवार को 95 भारतीय मछुआरों को रिहा करेगा।
  • सिडनी में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पांचवे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला जारी।
  • हॉकी इंडिया लीग में यूपी रुद्राज़ ने सूरमा हॉकी क्लब को तीन-शून्य से हराया।

**************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज दिल्‍ली में कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला और उद्घाटन करेंगे। वे झुग्‍गी-झोपड़ी में रहने वालों के लिए बनाए गए एक हजार सात सौ आवासों का उद्घाटन करेंगे और लाभार्थियों को आवास की चाबी सौपेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि  आवासों के उद्घाटन के साथ ही दिल्‍ली विकास प्राधिकरण की झुग्‍गी-झोपडी पुनर्वास परियोजना का दूसरा चरण पूरा हो जाएगा।  

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजधानी में दो नगर पुनर्विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं में नौरोजी नगर में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर और सरोजिनी नगर में सामान्य पुल आवासीय भवन टाइप टू क्वार्टरों का भी निर्माण शामिल है। प्रधानमंत्री द्वारका में करीब 300 करोड रुपए की लागत से बनाए गए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के एकीकृत कार्यालय परिसर का भी उद्घाटन करेंगे। साथ ही 600 करोड रुपए की लागत से दिल्ली विश्वविद्यालय में तीन नई परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। इनमें दिल्ली में सूरजमहल विहार में पूर्वी परिसर के अंतर्गत एक शैक्षिक खंड और द्वारका स्थित पश्चिमी परिसर में एक अन्य शैक्षणिक खंड शामिल है। इन परियोजनाओं में नजफगढ़ में अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ वीर सावरकर कॉलेज का निर्माण भी शामिल है। आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

**************

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज बेंगलुरु में, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और तंत्रिका विज्ञान संस्थान- निमहांस के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि होंगी। इस अवसर पर वे एक नए मनोचिकित्सा ब्लॉक, केंद्रीय प्रयोगशाला परिसर और छात्रावास भवन का उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति बेलगावी में एक अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल का भी उद्घाटन करेंगी।

**************

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली की परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने और भीड़ के साथ-साथ प्रदूषण कम करने के लिए 12 हजार, 500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की घोषणा की है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि दिल्ली के लिए केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि से बारह सौ करोड़ रुपये के फंड की भी घोषणा की गई है। 

इन परियोजनाओं के लागू होने से दिल्ली में बाहर से आने वाले वाहनों का दबाव कम होगा। ट्रैफिक जाम की समस्या कम होने के साथ-साथ वायु प्रदूषण में भी कमी आएगी। परियोजना के तहत दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे  से सीधा संपर्क जोड़ने से जम्मू कश्मीर और पंजाब से आने वाले वाहनों का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे से सीधा जुडाव हो सकेगा। देहरादून से आने वाले वाहनों को द्वारका एक्सप्रेसवे से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक वैकल्पिक संपर्क मिल सकेगा। जिससे यात्रा का समय डेढ़ घंटे से घटकर 45 मिनट हो जाएगा। रहीसुद्दीन रिहान आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

**************

केंद्रीय रेल और सूचना तथा प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव आज गुवाहाटी से तीन ट्रेनों गुवाहाटी-न्यू लखीमपुर जनशताब्दी एक्सप्रेस, न्यू बोंगाईगांव-गुवाहाटी पैसेंजर ट्रेन और तिनसुकिया-नाहरलागुन एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। श्री वैष्णव आज असम में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

श्री वैष्णव गुवाहाटी से पारसोली आकाशवाणी कोकराझार में 10 किलोवाट एफएम ट्रांसमीटर का उद्घाटन करेंगे। नया एफएम ट्रांसमीटर कोकराझार और आसपास के जिलों धुबरी, बंगाई गाव और सिरांग में बेहतर और रिसेप्शन गुणवत्ता के साथ साथ 70 किलोमीटर के दायरे को कवर करेगा। इसके अतिरिक्त मंत्री वर्चुअली राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान गुवाहाटी का शुभारंभ करेंगे। दोपहर में श्री वैष्णव का मोरीगांव जिले के जागीरोट में टाटा सेमीकंडक्टर कारखाने का दौरा करने का कार्यक्रम है। केंद्रीय मंत्री शाम को नई दिल्ली रवाना होने से पहले वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की चल रही परियोजनाओं को भी समीक्षा करेंगे। अमीनुलहक जद्दार आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी।

**************

केंद्र सरकार जूट और उससे जुड़ी खेती और इससे जुड़े उद्योग को प्रोत्साहित कर रही है। सरकार ने जूट की कीमत भी बढ़ा दी है। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने आज बैरकपुर, कोलकाता में आईसीएआर केंद्रीय जूट और संबद्ध किसान अनुसंधान संस्थान में यह बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार ने 14 हजार करोड़ रुपये के जूट बैग खरीदने की पहल की है। मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। जब जूट किसानों की आय बढ़ेगी तो श्रमिकों और जूट उद्योग की आय अपने आप बढ़ेगी।

**************

गुजरात के जामनगर में मैरीन नेशनल पार्क में आज से पक्षियों की गिनती का काम शुरु हो रहा है। राज्य का वन विभाग यह आयोजन पक्षी संरक्षण विभाग के साथ मिलकर कर रहा है। इसके तहत बगुलों और पक्षियों की अन्य प्रजातियों की गिनती की जाएगी। 

जामनगर को अकसर तटीय पक्षियों के लिए स्वर्ग माना जाता है। यह जिला विशेष रूप से वेडर्स पक्षियों के लिए जाना जाता है। जिन्हें जामनगर का रत्न कहा जाता है। जामनगर का समुद्री राष्ट्रीय उद्यान और अभ्यारण्य क्षेत्र लगभग तीन सौ निवासी और प्रवासी पक्षियों की प्रजातियां का घर है देश की पहली तटीय वेडर्स पक्षी जनगणना आज से शुरू हो रही है। जिसमें देवभूमि द्वारका जामनगर और मोरबी जिलों में फैले ओखा से नौलखी तक के अनुमानित 170 किलोमीटर के तटीय क्षेत्र और 45 दीपों के साथ-साथ चयनित स्थानों को शामिल किया जाएगा। पक्षी गणना गतिविधियों के साथ-साथ इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में वानिकी और वन्य जीव विशेषज्ञों द्वारा विशेषज्ञ वार्ता अभियान और ज्ञान साझा करने के लिए विविध सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।

**************

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में पहुंचने की संभावना को देखते हुए संचार नेटवर्क मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रयागराज में रेलवे स्‍टेशनों, बस अड्डों, हवाई अड्डे सहित प्रमुख सार्वजनिक स्‍थलों पर दूरसंचार सेवा को बेहतर बनाया जा रहा है।

केंद्रीय संचार मंत्रालय ने घोषणा की है कि महाकुंभ मेले की तैयारी में, दूरसंचार विभाग ने निर्बाध संचार सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्था की है। मेला क्षेत्र में 53 हेल्प डेस्क और तीन आपदा प्रबंधन केंद्र स्थापित किए गए हैं। ये डेस्क संदिग्ध धोखाधड़ी की रिपोर्ट करने और खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक करने जैसी सेवाओं में सहायता करेंगे। मजबूत संचार नेटवर्क के लिए प्रयागराज शहर में 126 किलोमीटर ऑप्टिकल फाइबर बिछाया गया है। पूरे क्षेत्र में नेटवर्क कवरेज को बेहतर करने के लिए 328 नए टावर स्थापित किए गए हैं। मेला क्षेत्र में ही हाई-स्पीड, विश्वसनीय नेटवर्क कवरेज प्रदान करने के लिए 192 किलोमीटर ऑप्टिकल फाइबर बिछाया गया है। स्टेशन, बस और हवाई अड्डे, पार्किंग स्थान तथा प्रयागराज के अंदर और बाहर जाने वाले राजमार्गों पर दूरसंचार सेवाओं को भी सृदृढ़ किया जा रहा है। समाचार कक्ष से आनंद पाठक।

**************

महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने कहा है कि राज्‍य में सभी ढांचागत परियोजनाओं को विशिष्‍ट पहचान संख्या दी जाएगी ताकि प्रणाली को व्‍यवस्थित और पारदर्शी बनाया जा सके। कल राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया।

जिस तरह आधार कार्ड ने फर्जी लाभार्थियों को बाहर निकलने में मदद की उसी तरह बुनियादी सुविधाओं बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए यूनिक आइडेंटिफिकेशन से सिस्टम को सुव्यवस्थित करने और कई एजेंसियों को एक ही काम बार-बार करने से रोकने में मदद मिलेगी। फडनवीस ने कहा कि जब भी कोई परियोजना शुरू की जाती है तो कार्य समय रेखा के साथ-साथ विवरण पीएम गति शक्ति पोर्टल महाराष्ट्र रिमोट सेंसिंग एप्लीकेशन सेंटर आदि पर अपलोड किए जाएंगे। यूआईडी परियोजनाओं को शुरू करने का उद्देश्य अधिक पारदर्शिता दोष रहित तंत्र और वित्तीय अनुशासन लाना है। भावना, आकाशवाणी समाचार. मुंबई।

**************

13वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस आज से भोपाल में शुरू हो रही है। चार दिन के इस आयोजन का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव करेंगे।

राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 6 जनवरी तक चलेगी। इसमें देश के विभिन्न राज्यों के 700 से अधिक बाल वैज्ञानिक और शिक्षक शामिल हो रहे हैं। इसके अलावा बहरीन, संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत, ओमान और सऊदी अरब जैसे देशों के बाल वैज्ञानिक भी अपनी उपस्थितियों के साथ शामिल होंगे। इस वर्ष राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय स्वास्थ्य कल्याण के लिए पारिस्थितिकी तंत्र को समझना है। यह कार्यक्रम बच्चों में वैज्ञानिक सोच को विकसित करने और उन्हें समाज की समस्याओं के समाधान में नवाचार का उपयोग करने के लिए प्रेरित करेगा। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का संचालन केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा किया जाता है। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।

**************

आकाशवाणी से वर्षांत श्रृंखला में, वर्ष 2024 के दौरान केंद्र सरकार के मंत्रालयों की उपलब्धियों की झलकियां प्रस्तुत की जा रही हैं। आज इस कड़ी में हम विद्युत मंत्रालय की कुछ महत्‍वपूर्ण पहलों और उपलब्धियों की बात करेंगे।

भारत के विद्युत क्षेत्र ने पिछले कुछ सालों में महत्वपूर्ण प्रगति की है। जो सभी के लिए विश्वसनीय सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा सुनिश्चित कर रही है। भारत ने 2024-25 के दौरान अब तक की सर्वाधिक 250 गीगावॉट बिजली की मांग को सफलतापूर्वक पूरा किया। वही, देश की कुल स्थापित विद्युत उत्पादन क्षमता में भी 83% से अधिक की वृद्धि हुई है। यह वर्ष 2014 के 249 गीगावॉट के उत्पादन क्षमता से बढ़कर 2024 में 457 गीगावॉट हो गई है। वहीं, अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली है। 2014 से अब तक 129 गीगावॉट अक्षय ऊर्जा क्षमता में बढ़ोतरी हुई है। जिसमें 91 गीगावॉट सौर ऊर्जा 27 गीगावॉट पवन ऊर्जा और 3.2 गीगावॉट बायोमास शामिल है। केंद्र सरकार ने 2032 तक 458 गीगावॉट की अधिकतम मांग को पूरा करने के लिए केंद्र और राज्य बिजली वितरण प्रणालियों के लिए राष्ट्रीय विद्युत योजना तैयार की है। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

**************

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि बांग्‍लादेश ने भारत के 75 मछुआरों को कल बांग्‍लादेश तटरक्षक बल को सौंप दिया है। बांग्‍लादेश तटरक्षक बल रविवार को इन मछुआरों को भारत को सौंपेगा। सद्भावना के तौर पर भारत भी रविवार को बांग्‍लादेश के 90 मछुआरों को रिहा करेगा।

**************

हॉकी इंडिया लीग में आज तमिलनाडु ड्रैगन्स का मुकाबला वेदांता कलिंगा लैंसर्स से होगा। यह मैच रात सवा 8 बजे से खेला जाएगा।

लीग में कल रात ओडिशा के राउरकेला में, यूपी रुद्राज ने अपने दूसरे मैच में सूरमा हॉकी क्लब को तीन-शून्य से हरा दिया।

**************

बॉडर्र-गावस्‍कर ट्रॉफी श्रृंखला का पांचवां और अंतिम क्रिकेट टेस्‍ट मैच आज से ऑस्ट्रेलिया में सिडनी में शुरू हो गया है। ताज़ा समाचार मिलने तक भारत ने टॉस जीतकर बल्‍लेबाजी करते हुए पहली पारी में 4 विकेट पर 72 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा के न खेलने के कारण इस मैच में जसप्रीत बुमराह कप्तानी कर रहे हैं।

**************

धन्‍यवाद विशाल, कश्‍मीर पर गृहमंत्री अमित शाह का बयान आज के सभी समाचार पत्रों के मुखपृष्‍ठ पर हैं। अमर उजाला ने गृहमंत्री के शब्‍दों को दिया है- कश्‍मीर भारत का अभिन्‍न अंग… हमने जो गंवाया, हासिल करके रहेंगे। वहीं नवभारत टाइम्‍स ने लिखा है- गौरवशाली इतिहास को साज़िशन मिटाया गया।

मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए होने वाली नीट-यूजी परीक्षा अब दो चरण और हाइब्रिड मोड में होगी। राजस्‍थान पत्रिका के अनुसार केन्‍द्र ने विशेषज्ञ समिति की सभी सिफारिशें मानी।

कर्मचारी भविष्‍य निधि संगठन-ईपीएफओ अब बैंक जैसी सुविधाएं देगा- हिन्‍दुस्‍तान के बिजनेस पन्‍ने पर है। आई.टी. सिस्‍टम हो रहा अपडेट। फंड निकासी से लेकर खाते से जुड़ी अन्‍य समस्‍याओं से मिलेगी राहत।

खेल रत्‍न पुरस्‍कारों की घोषणा भी अखबारों की सुर्खी बनी है।  राष्‍ट्रीय सहारा के अनुसार मनु भाकर, डी. गुकेश, हरमनप्रीत सिंह और प्रवीण कुमार देश के सर्वोच्‍च खेल सम्‍मान मेजर ध्‍यानचंद खेल रत्‍न पुरस्‍कार के लिए चुने गए।

प्रयागराज महाकुम्‍भ के लिए उत्‍तराखंड से शुरू होगी हवाई सेवा। देशबन्‍धु लिखता है- 12 जनवरी से राजधानी देहरादून से प्रयागराज के लिए सप्‍ताह में दो दिन होगी उड़ान। धन्‍यवाद फरहत।

**************

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
  • केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली में परिवहन व्यवस्था में सुधार तथा भीड़भाड़ और प्रदूषण कम करने के लिए साढ़े बारह हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की घोषणा की। 
  • प्रयागराज महाकुंभ मेले के लिए दूरसंचार सेवाएं सुदृढ़ की गईं, तीन सौ 28 नये टावर लगाए गए। 
  • बांग्लादेश रविवार को 95 भारतीय मछुआरों को रिहा करेगा।
  • सिडनी में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पांचवे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला जारी।
  • हॉकी इंडिया लीग में यूपी रुद्राज़ ने सूरमा हॉकी क्लब को तीन-शून्य से हराया।

**************