मुख्य समाचार:-
- इसरो ने श्रीहरिकोटा से स्पेस डॉकिंग एक्सपेरिमेंट स्पेडेक्स मिशन का सफल प्रक्षेपण किया।
- रेल मंत्रालय, प्रयागराज महाकुंभ के लिए तीन हजार विशेष रेलगाडि़यों का संचालन करेगा।
- केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड ने विवाद से विश्वास योजना की समय सीमा अगले वर्ष 31 जनवरी तक बढ़ाई।
- उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप जारी।
- भारत–नेपाल सैन्य अभ्यास ‘सूर्यकिरण‘ आज से नेपाल के रूपनदेही के सलझंडी में शुरू होगा।
- न्यूयॉर्क में फिडे विश्व ब्लिट्ज़ शतरंज चैम्पियनशिप में वैशाली रमेशबाबू ने महिला वर्ग के नॉकआउट चरण में प्रवेश किया।
*******
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो ने कल रात स्पेस डॉकिंग एक्सपेरिमेंट- स्पेडेक्स मिशन का सफल प्रक्षेपण किया। श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से इसरो के पीएसएलवी-सी60 रॉकेट को दो अंतरिक्षयानों के साथ प्रक्षेपित किया गया। इससे अंतरिक्ष में डॉकिंग के प्रदर्शन में सहायता मिलेगी। पीएसएलवी-सी60 रॉकेट ने एसडीएक्स-01 यानी चेज़र और एसडीएक्स-02 यानी टारगेट के नाम के दो उपग्रहों को पृथ्वी की निचली कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया। यह दोनों उपग्रह अगले दस दिनों में अंतरिक्ष में डॉकिंग करने के लिए आगे बढ़ाए जाएंगे। स्पेडेक्स मिशन का लक्ष्य अंतरिक्ष में डॉकिंग की क्षमता की उन्नत प्रौद्योगिकी का प्रदर्शन करना है। यह मिशन चंद्र अभियान और भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन जैसे भविष्य के कार्यक्रमों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इसरो अध्यक्ष एस सोमनाथ ने बताया कि दोनों उपग्रहों के पैनल सफलतापूर्वक तैनात कर दिए गए हैं। दोनों उपग्रह 20 किलोमीटर की यात्रा करेंगे और फिर डॉकिंग प्रक्रिया शुरू होगी जब दोनों उपग्रह करीब आएंगे और अंतरिक्ष में एक साथ डॉक करेंगे।
*******
रक्षा मंत्रालय ने कल नौसेना की कलवरी श्रेणी की पनडुब्बियों की मारक क्षमता में वृद्धि के लिए दो हजार 867 करोड़ रुपये के अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए। ये अनुबंध रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन- की एयर इंडिपेंडेंट प्रोपल्शन- एआईपी प्लग के निर्माण और भारतीय पनडुब्बियों से इसे जोडने के लिए है। इसमें कलवरी श्रेणी की पनडुब्बियों को इलेक्ट्रॉनिक हैवी वेट टॉरपीडो- से भी जोड़ा जाएगा। स्वदेशी एआईपी प्लग के निर्माण और पनडुब्बियों से इसे जोडने से पारंपरिक पनडुब्बियों की सहनशक्ति बढ़ेगी और ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल को महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। इससे करीब तीन लाख मानव दिवस का रोजगार सृजन होगा।
*******
रेलवे प्रयागराज महाकुंभ के लिए तीन हजार विशेष रेलगाडि़यों का संचालन करेगा। इनमें एक हजार आठ सौ छोटी दूरी और 700 लंबी दूरी के लिए रेलगाडि़यां चलाई जाएंगी। 560 रेलगाडियां प्रयागराज में बनाए गए रिंग रेल मार्ग पर चलेंगी। महाकुंभ का आयोजन 13 जनवरी से 26 फरवरी तक उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में होगा। रेल मंत्रालय ने बताया है कि मेला क्षेत्र के अलावा प्रयागराज के नौ रेलवे स्टेशनों पर 560 स्थानों पर टिकट उपलब्ध कराई जायेंगी। महाकुंभ के लिए रेलवे ने 15 दिन पहले रेलवे टिकट जारी करने की सुविधा शुरू कर दी है।
*******
केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड-सीबीडीटी ने विवाद से विश्वास योजना की समय सीमा आज से बढ़ाकर अगले वर्ष 31 जनवरी तक कर दी है। इससे करदाताओं को योजना में निर्दिष्ट देय राशि निर्धारित करने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। बजट में घोषित योजना का उद्देश्य करदाताओं को आयकर विभाग के साथ विवादों को सुलझाने में मदद करना है। इससे करदाताओं को एक निर्दिष्ट प्रतिशत के साथ विवादित राशि का भुगतान करके अपनी बकाया कर देनदारियों का निपटान करने में मदद मिलेगी।
*******
सरकार ने डिजी यात्रा ऐप के डाटा का उपयोग, कर चोरी को पकड़ने के लिए किए जाने की मीडिया में आ रही खबरों और रिपोर्ट को खारिज किया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा है कि डिजी यात्रा पर मौजूद यात्रियों का आंकड़ा कर अधिकारियों के साथ साझा नहीं किया जाता है। यह ऐप केवल घरेलू यात्रियों के लिए है और इसका उपयोग अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए नहीं होता है। उधर, आयकर विभाग ने भी स्पष्ट किया है कि अभी तक ऐसा कोई कदम नहीं उठाया गया है।
*******
देशभर में अब तक छह सौ 14 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में रबी की फसलें बोई जा चुकी हैं। कृषि मंत्रालय के अनुसार 319 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गेंहू की बुवाई की गई है जबकि पिछले साल 313 लाख हैक्टेयर में बुवाई की गई थी। एक सौ 36 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में दालों की खेती की गई है जबकि 48 लाख 55 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में मोटा अनाज बोया गया है। 96 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में तिलहन की भी बुवाई की गई है।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
भारत और नेपाल का संयुक्त सैन्य अभ्यास सूर्यकिरण आज नेपाल में रूपनदेई के सलझंडी में शुरू होगा। बटालियन स्तर का यह संयुक्त सैन्य अभ्यास जंगल में युद्ध, कठिन भौगोलिक क्षेत्रों में आतंकवाद से मुकाबले, आपदा प्रबंधन और राहत जुटाने में मानवीय सहायता पर केंद्रित है। दो सप्ताह के प्रशिक्षण में नेपाली सेना की श्री जंग बटालियन और भारतीय सेना की 11वीं गोरखा राइफल शामिल होगी। इससे दोनों देशों के बीच व्यावसायिक सहयोग, मैत्रीपूर्ण संबंधों और विश्वास को बढ़ावा मिलने तथा सांस्कृतिक संबंधों के विस्तार की भी उम्मीद है।
*******
भारत ने पिछले एक दशक में अपनी कूटनीतिक स्थिति में बदलाव किया है। वो पक्के इरादे, सहानुभूति के साथ सहायता की भावना और ठोस उद्देश्य के साथ आगे बढ़ रहा है। आज भारत वैश्विक मंच पर चर्चा, सहायता और दुनियां को प्रेरित करने के लिए तैयार है। वर्ष 2024 भारत की कूटनीति के लिहाज से उल्लेखनीय रहा। इस वर्ष वैश्विक नेतृत्व के लिए भारत की स्थिति मजबूत हुई। हमारे संवाददाता ने बताया है कि दिग्गज अंतरराष्ट्रीय राजनेताओं की मेजबानी से लेकर वैश्विक शांति प्रयासों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने तक, भारत की कूटनीतिक गतिविधियों ने वैश्विक मंच पर इसके बढ़ते प्रभाव को प्रदर्शित किया है।
भारत द्वारा अफ्रीकी संघ को जी-20 में शामिल करने के अलावा अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन और वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन जैसी पहलों ने सभी के लिए एक निष्पक्ष और टिकाऊ भविष्य के लिए भारत की प्रतिबद्धता को उजागर करती है। नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा शुरू किए गए ऑपरेशन गंगा और अजेय जैसे अभियानों के कारण संघर्ष क्षेत्रों में फंसे भारतीयों को सुरक्षित वापस घर लाया गया। इसी तरह भूकंप प्रभावित तुर्की और युद्ध ग्रस्त यूक्रेन को सहायता देकर भारत ने दुनिया के साथ एकजुटता दिखाई है। इसके अलावा कोविड महामारी के दौरान भारत की वैक्सीन मैत्री कार्यक्रम ने यह साबित कर दिया कि भारत दृढ़ संकल्प और सहानुभूति के साथ नेतृत्व कर सकता है। वहीं 2024 में भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चार साल से चल रहा सैनिक गतिरोध भी कूटनीतिक और सैन्य स्तर की वार्ता के कारण समाप्त हो गया। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*******
मध्य प्रदेश में, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंत्र कचरे से कंचन प्रक्रिया द्वारा खेतों से निकलने वाले कचरे से तरह-तरह के उत्पाद बनाए जा रहे हैं। इन्हीं उत्पादों में सबसे प्रमुख है – केले की फसल से निकलने वाले कचरे से तैयार बुरहानपुर की टोपी, जिसके न सिर्फ भारतीय दीवाने हैं बल्कि अब विदेशों में भी इसकी ऑनलाइन मांग बढ़ रही है। एक रिपोर्ट…
बुरहानपुर जिले की केले के रेशों से बनी टोपियों की मांग विदेशों में भी तेजी से बढ़ रही है। अभी तक 10 टोपियाँ लन्दन भेजी गई हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका में भी 10 टोपियाँ भेजी जाएंगी। यह टोपियाँ देखने में बेहद आकर्षक हैं। इन टोपियों की कीमत 1100 से 1200 रुपये तक है। बुरहानपुर कलेक्टर भव्या मित्तल ने बताया कि जिला प्रशासन भी केले के रेशों से बनाए गए उत्पादों को बेचने के लिए बनाना क्रॉफ्ट वेबसाइट लॉन्च कर रहा है।
बुरहानपुर जिले में करीब 25 हजार हेक्टेयर में केला लगाया जाता है। बुरहानपुर से गणेश बाविस्कर के साथ संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
*******
केंद्र सरकार ने केरल के वायनाड में 30 जुलाई को हुए भीषण भूस्खलन के व्यापक असर को देखते हुए इसे अत्यंत गंभीर प्राकृतिक आपदा घोषित किया है। गृह मंत्रालय ने केरल सरकार को सूचित किया है कि राज्य आपदा प्रबंधन कोष से दी गई प्रारंभिक सहायता के अलावा अंतरमंत्रालयीय केंद्रीय दल के मूल्यांकन के बाद राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से अतिरिक्त मदद दी जाएगी। वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र के निर्णय का स्वागत किया है।
*******
बिहार सरकार ने भू सर्वेक्षण और बंदोबस्ती की चालू प्रक्रिया को एक और वर्ष के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब राज्य भर में इस सर्वेक्षण को पूरा करने की समयसीमा जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है। बिहार के राजस्व और भूमि सुधार विभाग के अवर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने बताया कि समयसीमा बढ़ाने से भू सर्वेक्षण में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
कार्यालयों पर इतनी लम्बी-लम्बी लाइनें लगने लगीं थी, इतनी भीड़ होने लगी थी। उसको देखते हुए हम लोगों ने अमेंडमेंट करके जो सेल्फ डिक्लेरेशन वाला टाइम है, उसको हम लोगों ने बढाया है। हम लोग चाहते हैं कि काम में भले ही थोड़ा विलम्ब हो, लेकिन ऐसा काम हो कि जिसमें विवाद जो है वो निष्पादन हो, न कि उसकी वजह से विवाद और बढ़े।
*******
बेंगलुरू के विशेष न्यायालय ने एक बांग्लादेशी आतंकवादी को सात वर्ष की कठोर कारावास की सजा दी है। डकैती, षडयंत्र और धन जमा करने के साथ-साथ हथियारों की खरीद के मामलों में दोषी जाहिदुल इस्लाम उर्फ कौसर पर 57 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। वह बांग्लादेश में सिलसिलेवार बम धमाकों के बाद भाग कर भारत आ गया था।
*******
दिल्ली पुलिस ने राजधानी के विभिन्न इलाकों से 12 बांग्लादेशी घुसपैठियों को हिरासत में लिया है। पुलिस उपायुक्त रवि कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस करीब बारह सौ लोगों का सत्यापन कर चुकी है और भविष्य में भी इस संबंध में जानकारी मिलने पर ऐसा करेगी।
टोटल हम लोगों ने अब तक 12 बांग्लादेशी पकड़े हैं, जो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से हमने पकड़े हैं। कुछ निज़ामुद्दीन से हैं, कालिंदी कुंज और शाहीन बाग और सरिता विहार इलाके से हम लोगों ने इनको रिटेन किया है। सब के सब रिटेंशन कैंप में भेज दिये गये हैं। जितने बांग्लादेशी हमें मिले हैं ये विदाउट आइडेंटिटी थे और कुछ लोग काफी समय से भी रह रहे थे, कुछ लोग अभी जस्ट रिसेंट भी आये थे, तो अलग-अलग अवधि से ये लोग हमारे इलाके में रह रहे थे, जिनको पकड़ा गया है।
*******
उत्तर भारत में शीत लहर जारी रहने से कई राज्यों के तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में शीत लहर जारी रहेगी। हरियाणा और चंडीगढ़ में आज तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में कल तक अधिक ठंड जारी रहने का अनुमान है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों में भी शीतलहर जारी है।
*******
हिमाचल प्रदेश नए साल 2025 के स्वागत के लिए तैयार है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इस बार बर्फबारी के कारण बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ी इलाकों में पहुंच रहे हैं।
नये वर्ष के जश्न को मनाने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी राज्य के पर्यटन स्थलों में पहुंच रहे हैं। शिमला और कुल्लू के लगभग सभी पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलज़ार हैं। प्रशासन द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखने और पर्यटकों व अन्य लोगों की सुविधा के लिए विशेष पुलिस बल की तैनाती की गई है। बाहरी राज्यों से आए पर्यटक कुफरी, नारकंडा, सोलंगनाला कोठी और अटल टनल में बर्फ का खूब आनंद ले रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग ने दो जनवरी से प्रदेश में एक बार फिर बर्फबारी और बारिश की संभावना जतायी है। प्रभा शर्मा, आकाशवाणी समाचार, शिमला।
*******
दिल्ली पुलिस ने आज नए साल के जश्न को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रमुख बाजारों में सीसीटीवी कैमरे और पुलिस कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की जायेगी।
*******
खेल जगत की खबरों के साथ हैं- अभिषेक कपिल
न्यूयॉर्क में फिडे विश्व ब्लिट्ज़ शतरंज चैम्पियनशिप में वैशाली रमेशबाबू महिला वर्ग के नॉकआउट चरण में पहुंच गई हैं। वैशाली 11 दौर के बाद साढ़े नौ अंक के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर रहीं। वह महिला और ओपन वर्ग में अगले दौर में पहुंचने वाली एक मात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। हाल में दूसरी बार विश्व रैपिड शतरंज चैम्पियनशिप जीतने वाली ग्रैंडमास्टर हंपी कोनेरू 9वें स्थान पर रहीं और अगले चरण में नही पहुंच सकीं। ओपन वर्ग में ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी, आर प्रज्ञानानंद और ग्रैंडमास्टर अनीश गिरि भी शीर्ष आठ में नहीं पहुंच सके। इधर, ओडि़शा में हॉकी इंडिया लीग में यूपी रुद्राज ने वर्तमान चैंपियन कलिंग लांसर्स को 3-1 से हरा दिया है। यूपी रुद्राज के कीपर जेम्स मजारेलो को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता में आज रात सवा आठ बजे दिल्ली एसजी पाइपर्स का मुकाबला हैदराबाद तूफान से होगा।
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- मुकेश कुमार।
दैनिक भास्कर की सुर्खी है- जगमगाती तारों भरी रात के साथ इस साल को विदाई दीजिए और नए साल की नई सुबह को हो जाइये तैयार। पत्र लिखता है- लद्दाख में तारों का कुंभ, रात 2 बजे क्लिक की गई आकाशगंगा और तारों की तस्वीर। लेह से 300 किलोमीटर दूर हनले में 14 हजार फुट की ऊंचाई पर माइनस 21 डिग्री तापमान में कैद हुआ अद्भुत नजारा। अमर उजाला सहित सभी अखबारों का शीर्षक है- भारत की अंतरिक्ष में एक और छलांग, स्पेडेक्स लॉन्च। अमरीका, रूस और चीन के विशेष क्लब में शामिल हो जाएगा भारत। पिछले कुछ दिनों से जम्मू-कश्मीर में हो रही बर्फबारी की अधिकतर तस्वीरें अखबारो ने सचित्र प्रकाशित की हैं। राजस्थान पत्रिका लिखता है- बर्फ से ढके पहाड़ों की गोद में चले शिकारी। नवभारत टाइम्स की सुर्खी है- नए साल का जश्न शुरू, बंदिशें, भीड़ और जाम भी। पहाड़ों में एन्ट्री के लिए कतार, होटलों की बुकिंग हुई फुल। अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर के निधन का समाचार भी सभी अखबारों के प्रथम पृष्ठ पर है। हिन्दुस्तान लिखता है- भारत के खास मित्र रहे, जिमी कार्टर की मोहब्बत में हरियाणा का नसीराबाद गांव बन गया कार्टरपुरी।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- इसरो ने श्रीहरिकोटा से स्पेस डॉकिंग एक्सपेरिमेंट स्पेडेक्स मिशन का सफल प्रक्षेपण किया।
- रेल मंत्रालय प्रयागराज महाकुंभ के लिए तीन हजार विशेष रेलगाडि़यों का संचालन करेगा।
- केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड ने विवाद से विश्वास योजना की समय सीमा अगले वर्ष 31 जनवरी तक बढ़ाई।
- उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप जारी।
- न्यूयॉर्क में फिडे विश्व ब्लिट्ज़ शतरंज चैम्पियनशिप में वैशाली रमेशबाबू ने महिला वर्ग के नॉकआउट चरण में प्रवेश किया।
*******