मुख्य समाचार:-
- नए लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव आज होगा। एनडीए ने ओम बिड़ला और इंडिया गठबंधन ने के. सुरेश को उम्मीदवार बनाया।
- विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा अफ्रीका भारत की शीर्ष प्राथमिकताओं में बना रहेगा।
- केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि अगले पांच वर्षों में भारत की परमाणु ऊर्जा उत्पादन क्षमता लगभग 70 प्रतिशत बढ़ जाएगी।
- भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा – भारत 8 प्रतिशत की विकास दर हासिल करने की ओर बढ़ रहा है।
- यूएस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में कृष्णा प्रसाद और साई प्रतीक पुरुष डबल्स के प्री-क्वाटरफाइनल में पहुंचे।
——–
नई लोकसभा के अध्यक्ष का चुनाव आज होगा। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ सांसद ओम बिरला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए के उम्मीदवार हैं। दूसरी ओर विपक्षी इंडिया गठबंधन ने कांग्रेस सांसद के.सुरेश को उम्मीदवार बनाया है। सरकार और विपक्ष के बीच पद के लिए सहमति नहीं बन सकी। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव सर्वसम्मति से और निर्विरोध होना चाहिए। उन्होंने विपक्ष से फैसले पर फिर से विचार करने का आग्रह किया।
कांग्रेस पार्टी ने अगर स्पीकर पद को चुनौती देने के लिए नामांकन पत्र भराया है, तो ये अफसोस की बात है, क्योंकि आज तक स्पीकर पद को लेकर चुनाव नहीं हुआ है। जब बात किया कांग्रेस के नेता आए थे माननीय राजनाथ सिंह, माननीय गृहमंत्री अमित शाह जी और एनडीए के सारे लीडर्स, हम लोग सब थे, वहां कांग्रेस के नेता ने कंडीशन लगाया कि आप डिप्टी–स्पीकर पोस्ट दें। तब हम स्पीकर को समर्थन करेंगे, तो ये आदान–प्रदान करके ये पद ये पार्टी ले लो। वो पद ये पार्टी ले लो। ऐसा स्पीकर और डिप्टी स्पीकर को नहीं कर सकते।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि विपक्ष को बताया गया है कि विपक्ष का उपाध्यक्ष के मुद्दे को इसके चुनाव के समय निपटाया जाएगा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए एनडीए उम्मीदवार को समर्थन देने को तैयार है, बशर्ते उपाध्यक्ष पद विपक्ष को दिया जाए।
——–
हमारे संवाददाता ने बताया है कि दशकों बाद लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हो रहा है।
संविधान के अनुच्छेद 93 के अनुसार, लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव साधारण बहुमत से होता है। इसका मतलब यह है कि जिस उम्मीदवार को सदन में मौजूद सदस्यों में से आधे से अधिक वोट मिलेंगे, उसे अध्यक्ष चुना जाएगा। हालांकि सत्तारूढ़ एनडीए के पक्ष में बहुमत हैं और पूरी संभावना है कि ओम बिरला को इस बार भी लोकसभा अध्यक्ष के लिए चुन लिए जाएंगे। वहीं, विपक्ष अपने उम्मीदवार को मैदान में उतारकर पूरी टक्कर देने को तैयार है। पिछली लोकसभा में अध्यक्ष रहे ओम बिरला राजस्थान से लगातार तीसरी बार कोटा बूंदी लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वहीं, आठ बार के सांसद और विपक्ष के उम्मीदवार कांग्रेस के के.सुरेश केरल की मावेलिककारा लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। भूपेन्द्र सिंह, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
——–
लोकसभा में नवनिर्वाचित सांसदों की शपथ ग्रहण प्रक्रिया कल पूरी हो गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी।
——–
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता होंगे। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि पार्टी संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अस्थायी अध्यक्ष भर्तृहरि मेहताब को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर कल ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के नेताओं की बैठक भी हुई।
——–
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयंशकर ने कहा है कि अफ्रीका, भारत की प्राथमिताओं में सर्वोपरि बना रहेगा। नई दिल्ली अफ्रीका दिवस समारोह में उन्होंने कहा कि अफ्रीका के साथ भारत की साझेदारी रणनीतिक और आर्थिक लाभों से परे है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दस मार्ग दर्शक सिद्धांतों के तहत अफ्रीका के लिये भारत के प्रयासों को नया रूप दिया है।
——–
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने विश्वास जताया कि अगले पांच वर्षों में भारत की परमाणु ऊर्जा उत्पादन क्षमता लगभग 70 प्रतिशत बढ़ जाएगी। नई दिल्ली में परमाणु ऊर्जा विभाग की सौ दिवसीय कार्य योजना की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक में यह बात कही। डॉ.सिंह ने पहले से संचालित परियोजनाओं का भी जायजा लिया और आगामी योजनाओं के लिए दिशा-निर्देश दिये।
——–
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि वैश्विक परिवहन उपग्रह प्रणाली न केवल टोल संग्रह में प्रमुख भूमिका निभाएगी बल्कि यह प्रभावशाली, व्यावहारिक औऱ पर्यावरण अनुकूल भी होगी। नई दिल्ली में एक कार्यशाला में उन्होंने टोल भुगतान के नैतिक और आर्थिक महत्व पर जोर देते हुए गुणवत्तापूर्ण सेवा प्रदान करने में संतुलन बनाने पर बल दिया।
मेरा रिक्वेस्ट है अभी भी आपको लगता है तो आप बने तक सक्सेसफुल टेक्नोलॉजी के साथ ज्वाइंट वेंचर करिए। अगर इंडियन आईटी इंडस्ट्री अगर सक्सेसफुल टेक्नोलॉजी दे सकती है तो जरूर उसके साथ करें। एक एंगल है कि फॉरेन इन्वेस्टमेंट भी हमको चाहिए फौरन टेक्नोलॉजी चाहिए हम उनका स्वागत करते हैं पर अगर इंडिया की कोई कंपनी अपनी टेक्नोलॉजी देकर सक्सेसफुल कर सकती है तो सोने में सुहागा है।
——–
भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा है कि देश आर्थिक वृद्धि के क्षेत्र में महत्वपूर्ण ढांचागत परिवर्तन की दहलीज पर है। भारत आठ प्रतिशत की वृद्धि दर हासिल करने की ओर बढ रहा है। मुम्बई में कल उन्होंने कहा कि भारत की विकास प्रक्रिया में विभिन्न सेक्टर और संरचनात्मक सुधारों का योगदान रहा है। वस्तु और सेवाकर की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। शक्तिकांत दास ने कहा कि अन्य देशों के मुकाबले भारत में जीएसटी अधिक तेजी से स्थापित हुआ है। उन्होंने बताया कि मासिक जीएसटी संग्रह एक लाख सत्तर हजार करोड रूपये तक पहुंच चुका है और इससे व्यवसाय अधिक सुविधाजनक हुआ है।
——–
मेडिकल स्नातक परीक्षा-नीट घोटाले में एक और आरोपी को महाराष्ट्र में लातूर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम संजय जाधव है। अब तक चार में से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने कुल चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। लातूर जिला परिषद स्कूल के शिक्षक जलील खान पठान को रविवार को गिरफ्तार किया गया था।
——–
उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के जी बी पंत विज्ञान संस्थान के प्रोफेसर बद्रीनारायण तिवारी ने कहा है कि शिक्षा मंत्रालय नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं के मामले में पूरी गंभीरता और सख्ती के साथ कार्रवाई कर रहा है।
अभी जो गवर्नमेंट ने पांच बड़े एक्शन लिए हैं और उन बड़े एक्शन में एनटीए को ओवरहॉल करने की जो प्रोसेस है उनके लिए कमेटी बनाई है उच्चस्तरीय कमेटी और वो कमेटी न केवल एनटीए में क्या चेंजिंग होंगे, उसको सजेस्ट करेगी, बल्कि फ्यूचर में एक्जामिनेशन प्रोसेसेज में लीकेज की संभावना कैसे खत्म की जाएं, उसके लिए सुझाव देगी। डेटा प्रोटोकॉल सिस्टम, जो ट्रांसपोर्टेशन, ह्यूमन इंटरफेयरनेंस कैसे मिनिमाइज करेगी, तो ये सारे सोल्यूशन वो कमेटी देगी। सीबीआई इंक्वेरी हो रही है। सीबीआई इंक्वेरी से वो कहां से शुरू हुआ है, पकड़ा जाएगा।
——–
आबकारी नीति मामले में सर्वोच्च न्यायालय में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल की याचिका पर आज सुनवाई होगी। याचिका में निचली अदालत द्वारा मंजूर जमानत रोकने के उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती दी गई है। प्रवर्तन निदेशालय ने 21 मार्च को केजरीवाल को गिरफ्तार किया था।
——–
मध्य प्रदेश में राज्य के मंत्री अब आयकर व्यय स्वयं करेंगे और सरकार से किसी प्रकार का वित्तीय सहयोग नहीं लेंगे। मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा है कि मंत्रियों के आयकर का वित्तीय भार अब राज्य पर नहीं पड़ेगा।
आयकर की दृष्टि से 1972 का एक नियम था जिसमें विवरणी में मंत्रीगणों का या संसदीय सचिव तक का भी सारा राज्य सरकार के खाते में जाता था एक निर्णय हमने किया कि हमारे अपने सभी मंत्रीगण अपने–अपने इनकम टैक्स की दृष्टि से स्वयं का वहन करेंगे तो शासन से कोई वित्तीय भार उसमें से नहीं लेंगे।
——–
नए आपराधिक कानून सोमवार पहली जुलाई से लागू होंगे। इनके बाद इंडियन पीनल कोड- आईपीसी की जगह भारतीय न्याय संहिता 2023, और सीआरपीसी की जगह भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और इंडियन एविडेंस एक्ट की जगह भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 लागू होंगे। नए कानूनों के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि लोगों को त्वरित न्याय मिले। इसके लिए नई तकनीकों को पूरी प्रक्रिया में शामिल किया गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में कहा कि नए आपराधिक कानून लोगों को न्याय दिलाएंगे और पारदर्शिता लाएंगे।
सजा दिलाने की भावना नहीं अब न्याय दिलाने की भावना। दूसरा पारदर्शिता लाने की कोशिश की गई है। यह भी सुनिश्चित कराया गया है कि किसी भी व्यक्ति का चाहे वह कंप्लेंट हो या एक्यूज्ड हो किसी का उत्पीड़न ना हो।
——–
जम्मू कश्मीर में जम्मू से वैष्णो देवी तक बहुप्रतीक्षित हेलीकॉप्टर सेवा कल से शुरू हो गई। यह सेवा तीर्थस्थल तक परिवहन का एक सुविधाजनक और आरामदायक साधन है। यह सेवा प्रतिदिन उपलब्ध होगी, पूरे दिन में 04 उड़ानें संचालित होंगी। तीर्थयात्री श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट – www.maavaishnodevi.org के माध्यम से बुक कर सकते हैं।
——–
इस बीच, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कल बालताल में अमरनाथ यात्रा आधार शिविर का दौरा किया और यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। अमरनाथ यात्रा शनिवार से शुरू हो रही है। उपराज्यपाल ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि तीर्थयात्रियों को सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर मिलें।
——–
मौसम विभाग ने सौराष्ट्र, कच्छ और पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ स्थानों में आज और कल वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। तटवर्ती कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, उत्तरी कर्नाटक के भीतरी भागों, तेलंगाना, तटीय आंध्र पदेश, विदर्भ, पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में शुक्रवार तक और गुजरात में इस महीने की 29 तारीख तक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा कि जम्मू संभाग के कुछ स्थानों, पंजाब और पश्चिमी राजस्थान में कल तक गर्म हवाएं जारी रहेंगी।
——–
खेल खबरों के साथ है अमन यादव।
अमरीकी ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में कृष्ण प्रसाद गरागा और साई प्रतीक पुरूष डबल्स के प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। दोनों ने आयरलैंड के स्कॉट गिल्डिया और पॉल रेनॉल्ड्स को पराजित किया। पेरिस ओलंपिक के कारण शीर्ष भारतीय खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में नहीं खेल रहे हैं। उधर, टी–ट्वेंटी क्रिकेट विश्वकप के पहले सेमीफाइनल में कल सुबह छह बजे अफगानिस्तान का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा। अफगानिस्तान की टीम ने पहली बार प्रतियोगिता के अंतिम चार में जगह बनाई है। दूसरे समीफाइनल में कल रात आठ बजे भारत और इग्लैंड का आमना–सामना होगा। फाइनल शनिवार को खेला जाएगा।
——–
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों से कहा है कि किसी भी रूप में शराब और तम्बाकू का सेवन हानिकर है और इसे हतोत्साहित किया जाना चाहिये। संगठन ने कहा है कि इन उत्पादों के अवैध व्यापार के खिलाफ ठोस कार्रवाई होनी चाहिये।
——–
समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– सरफिरोजी।
लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव, अखबारों की बडी खबर है। जनसत्ता की सुर्खी है- सहमति नहीं बन पाने पर लोकसभा अध्यक्ष के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए के उम्मीदवार ओम बिडला और काँग्रेस के के. सुरेश आमने-सामने। अमर उजाला की टिप्पणी है 48 वर्षों में पहली बार नहीं बनी सहमति। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की एकजुटता को देखते हुए, ओम बिडला की जीत तय है।राष्ट्रीय सहारा का शीर्षक है- पेपर लीक कराने वालों को अब होगी उम्र कैद, एक करोड रुपये का जुर्माना। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल का फैसला, अध्यादेश हुआ जारी। दैनिक जागरण लिखता है- अब उत्तर प्रदेश में दुष्कर्म और गंभीर अपराधों में नहीं मिलेगी अग्रिम जमानत। संशोधित नागरिक सुरक्षा संहिता अध्यादेश का प्रस्ताव मंजूर। नवभारत टाइम्स लिखता है- डिपॉजिट के अनुपात में कर्ज ज्यादा, भारतीय रिजर्व बैंक कर रहा है ऑडिट। डिजिटल बैंकिंग चैनल से अचानक दिखाई दे रही जमा राशि की निकासी।
——–
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- नए लोकसभा अध्यक्ष का आज चुनाव होगा। एनडीए ने ओम बिड़ला और इंडिया गठबंधन ने के सुरेश को उम्मीदवार बनाया।
- विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा अफ्रीका भारत की शीर्ष प्राथमिकताओं में बना रहेगा।
- केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने विश्वास व्यक्त किया अगले पांच वर्षों में भारत की परमाणु ऊर्जा उत्पादन क्षमता लगभग 70 प्रतिशत बढ़ जाएगी।
- भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा – भारत 8 प्रतिशत की विकास दर हासिल करने की ओर बढ़ रहा है।
- यूएस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में कृष्णा प्रसाद और साई प्रतीक पुरुष डबल्स के प्री-क्वाटरफाइनल में पहुंचे।
——–