October 8, 2025 3:43 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – डिजिटल कनेक्टिविटी देश में प्रत्येक नागरिक के जीवन का अभिन्न अंग बन गया है। श्री मोदी ने नई दिल्ली के यशोभूमि में इंडिया मोबाइल कांग्रेस के नौवें संस्करण का उद्घाटन किया।
  • प्रधानमंत्री, आज महाराष्‍ट्र के नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण सहित प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।
  • बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एन.डी.ए. और महागठबंधन दोनों के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर गतिरोध जारी।
  • भारतीय वायुसेना आज अपना 93वां स्‍थापना दिवस मना रही है। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने अत्‍यधिक चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में देश के नभ-क्षेत्र की रक्षा करने के लिए वायुसेना की प्रशंसा की।
  • जम्मू-कश्मीर में श्रीमाता वैष्णो देवी की तीर्थयात्रा खराब मौसम के कारण तीन दिन स्थगित रहने के बाद फिर से शुरू।
  • और-कोलंबो में, महिला एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप में आज पाकिस्तान का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से।

 

———————————————-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि देश में डिजिटल कनेक्टिविटी अब कोई विलासिता नहीं है, बल्कि सभी के जीवन का अभिन्न अंग बन चुका है। श्री मोदी ने आज नई दिल्ली के यशोभूमि में एशिया के सबसे बड़े दूरसंचार, मीडिया और प्रौद्योगिकी कार्यक्रम, इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 के नौवें संस्करण का उद्घाटन करते हुए यह बात कही। श्री मोदी ने देश के डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे की सफलता को रेखांकित करते हुए कहा कि यह निवेश, नवाचार और मेक इन इंडिया का सबसे अच्छा समय है।

 

जो देश कभी टू-जी को लेकर स्‍ट्रगल करता था आज उसी देश के लगभग हर जिले मे फाइव जी पहुंच चुका है। इलैक्‍ट्रॉनिक प्रोडक्‍शन 2014 की तुलना में सिक्‍स टाइम बढ़ चुका है। मोबाइल मेन्‍युफेक्‍चरिंग में 28 टाइम्‍स और एक्‍सपोर्ट में 127 टाइम्‍स की वृद्धि हुई है। 

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने हाल ही में स्‍वदेशी, 4-जी स्टैक लॉन्च किया है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही भारत दुनिया के उन पांच देशों में शामिल हो गया है जिनके पास यह क्षमता है।

 

भारत ने अपना मेड इन इंडिया 4जी स्‍टेक लॉन्‍च किया है। ये देश की बड़ी स्‍वदेशी उपलब्धि हैं। अब भारत दुनिया के उन पांच देशों की लिस्‍ट में आ गया है जिनके पास ये सामर्थ्‍य है। इंडी जीनियस 4जी एंड 5 जी स्‍टेक के जरिए हम न केवल सीमलेस कनेक्टिविटी को सुनिश्चित कर पाएंगे बल्कि देशवासियों को तेज इंटरनेट और रिलायबल सर्विसिस भी दे पाएंगे।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इंडिया मोबाइल कांग्रेस केवल मोबाइल और दूरसंचार तक ही सीमित नहीं है, बल्कि कुछ ही वर्षों में एशिया का सबसे बड़ा डिजिटल प्रौद्योगिकी मंच बन गया है।

 

इंडी जीनियस टैक्‍नोलॉजिस का डेवलेपमेंट और स्‍टेलिंग हो आरएनडी के जरिए इंटेलेकचुअल प्रोपर्टी क्रिएट करना हो, ग्‍लोबल स्‍टेंडर्ड के डेवलेपमेंट में कंट्रीब्‍यूट करना हो, भारत हर आयाम में आगे बढ़ रहा है। इन्‍हीं प्रयासों का परिणाम है कि आज भारत एक इफेक्टिव प्‍लेटफॉर्म बनकर उभरा है। साथियों, इंडिया मोबाइल कांग्रेस और टेलीकॉम सेक्‍टर में भारत की सफलता आत्‍मनिर्भर भारत की विजन की ताकत को बताता है। 

 

इस अवसर पर संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारत, अब दुनिया का डिजिटल ध्वजवाहक बन गया है। उन्होंने कहा कि देश की दूरसंचार क्रांति फोर-डी – डेमोक्रेसी, डेमोग्राफी, डिजिटल फर्स्ट और डिलीवरी पर आधारित है। श्री सिंधिया ने कहा कि देश के 99 दशमलव नौ प्रतिशत जिले अब फाइव-जी से जुड़ चुके हैं।

 

पिछले 11 साल में हमारे मोबाइल डेटा की लागत में 98 प्रतिशत की कमी आई है। आज भारत में 120 करोड़ लोग मोबाइल का इस्‍तेमाल कर रहे हैं जो दुनियाभर में मोबाइल इस्‍तेमाल करने वालो की आबादी का बीस प्रतिशत है। 2014 में 6 करोड़ इंटरनेट ब्रॉडबैंड उपयोगकर्ता थे, जिनकी संख्‍या अब बढ़कर 94 करोड़ 4 लाख हो गई है।

 

———————————————-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज दो दिवसीय यात्रा पर मुंबई पहुंच रहे हैं। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इस यात्रा के दौरान श्री मोदी ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के साथ नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे सहित कई प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर लगभग 3 बजे नवी मुंबई पहुंचेंगे, जहां वे लगभग 19,650 करोड़ रुपये की लागत से बने नवनिर्मित नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे और मुंबई में विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ एवं लोकार्पण करेंगे, जिनमें मुंबई मेट्रो लाइन-3 भी शामिल है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ‘मुंबई वन’ यह एकीकृत सामान्य मोबिलिटी ऐप भी लॉन्च करेंगे। इसके अलावा, वे शॉर्ट-टर्म एम्प्लॉयबिलिटी प्रोग्राम का भी उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनसभा को संबोधित भी करेंगे। इस बीच, यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री सर कीर स्टार्मर आज सुबह अपने पहले आधिकारिक भारत दौरे पर मुंबई पहुंचे। इस दो दिवसीय दौरे के दौरान, दोनों नेता द्विपक्षीय वार्ताएं करेंगे। कल मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में आयोजित ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के छठे संस्करण में प्रधानमंत्री मोदी और यूके के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर भाग लेंगे तथा इस अवसर पर मुख्य भाषण भी देंगे। अंकिता आपटे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

———————————————-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर का उनकी पहली भारत यात्रा पर हार्दिक स्वागत किया है। श्री स्टारमर के साथ ब्रिटेन का अब तक का सबसे बड़ा व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी आया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि वह दोनों देशों के एक मज़बूत और पारस्परिक रूप से समृद्ध भविष्य के साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए कल होने वाली बैठक का इंतज़ार कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री स्टारमर मुंबई में कल ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के छठे संस्करण में भी शामिल होंगे।

 

———————————————-

 

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए गठबंधन और महागठबंधन के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर गतिरोध अब भी जारी है। लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास द्वारा सीटों की मांग के बाद, एनडीए के भीतर, प्रत्येक घटक दल कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा, इस पर भी अभी अनिश्चितता बनी हुई है। भाजपा के बिहार चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ नई दिल्ली में श्री पासवान के साथ सीट बंटवारे पर चर्चा की और गतिरोध को समाप्त करने का प्रयास किया।

 

पटना में मीडिया से बातचीत में श्री चिराग पासवान ने कहा कि सीट बंटवारे पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। दूसरी ओर, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के नेतृत्व वाले महागठबंधन में सीट बंटवारे पर सहमति नहीं बन पाई है।

 

———————————————-

 

बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि नीतीश कुमार ही एनडीए के नेता का चेहरा हैं। उन्होंने कहा कि सीटों के बंटवारे की घोषणा जल्द ही की जाएगी।

 

जल्‍द सीटों का…आप लोगों के सामने आ जायेगा। महागठबंधन अभी नेतृत्‍व भी नहीं तय हुआ है। एनडीए का नेतृत्‍व तय है, नीयत तय है, नीति तय है। घोषणा सारी चीजों का होगा।

 

पटना में संवाददाताओं से बातचीत में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि एनडीए विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।

 

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि उनकी पार्टी का किसी से कोई विवाद नहीं है और वह बिहार विधानसभा में मान्यता प्राप्त पर्याप्त सीटों की मांग कर रही है।

 

पटना में संवाददाताओें से बातचीत में लोक जनशक्ति पाटी (आर) अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता ‘बिहार फ़र्स्ट’ की सोच के साथ प्रदेश के विकास के लिए काम करने की प्रतिबद्धता के साथ चुनाव लड़ेगा।

 

बिहार फर्स्‍ट, बिहारी फर्स्‍ट की सोच को मैं आगे बढ़ाता रहा हूं। हमारा लक्ष्‍य है बिहार को फर्स्‍ट और बिहारियों को फर्स्‍ट बनाने की सोच के साथ इस संकल्‍प के साथ आज की लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास का हर एक कार्यकर्ता चुनावी रण में उतरेगा और लक्ष्‍य सिर्फ और सिर्फ बिहार को एक विकसित राज्‍य बनाना है।

 

———————————————-

 

भारतीय वायुसेना आज अपना 93वां स्‍थापना दिवस मना रही है। भारतीय वायुसेना विश्‍व की विशालतम वायुसेना में से एक है।

 

आठ अक्‍तूबर को हम वायु सेना दिवस मनाते हैं। वर्ष1932 में छह पायलट और 19 वायु सैनिकों के साथ एक छोटी सी शुरुआत से बढ़ते हुए हमारी वायु सेना आज 21वीं सदी की सबसे साहसिक और शक्तिशाली एयरफोर्स में शामिल हो चुकी है। ‘नव स्पर्शम दीप्तम’ – ‘टच द स्काई विद ग्लोरी’ के आदर्श वाक्य के साथ भारतीय वायु सेना, देश की आकाशीय सीमाओं की रक्षा में सदैव तत्‍पर रही है। युद्ध की स्थिति में शौर्य पराक्रम की पटकथा लिखनी हो या प्राकृतिक आपदाओं और संकट के समय आसमान से मानवीय सहायता पहुंचानी हो वायु सेना के जवान हर मौर्चे पर मौजूद रहें हैं। वायु सेना दिवस उन वायु योद्धाओं को समर्पित है, जिन्होंने त्याग, बलिदान और कर्मठता से राष्‍ट्र के नभ की रक्षा की है। वर्ष 1947-48, वर्ष 1962, 1965, 1971 और 1999 का करगिल, ऑपरेशन मेघदूत, कैकटस, बालाकोट एयर स्‍ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर, दुनिया ने हर बार भारतीय वायु शक्ति की एक नई धमक देखी है। वायु सेना के बेडे में राफेल, मिग 29, सुखोई, जगुआर और तेजस जैसे कई उन्‍नत श्रेणी के लड़ाकू विमान शामिल हैं जिनकी तेज रफ्तार और सटीक मारक क्षमता दुश्‍मन का दिल दहलाने के लिए काफी है। समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार बल।

 

इस अवसर पर राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्‍ट्रपति सी पी राधाकृष्‍णन, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने वायुसेना के जांबाज योद्धाओं और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दी हैं।

 

राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में देश की सेवा में अनुकरणीय साहस, प्रतिबद्धता और उत्कृष्ट सेवा के लिए वायुसेना की सराहना की। उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर और कई अन्य सफल सैन्य अभियान, वायुसेना के अमूल्य योगदान के प्रमाण हैं।

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में वायुसेना को वीरता, अनुशासन और सटीकता की प्रतिमूर्ति बताया।

 

वायुसेना प्रमुख, एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने आज कहा कि भारतीय वायुसेना ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया है। वायुसेना प्रमुख गाजियाबाद स्थित हिंडन एयर बेस पर वायुसेना दिवस के अवसर पर आयोजित एक समारोह में बोल रहे थे।

 

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान वायु सेना के प्रदर्शन ने हमें गौरव से भर दिया है। हमने दुनिया को दिखाया है कि कैसे वायु शक्ति का उपयोग कर कुछ ही दिनों में निर्णायक सैन्य परिणाम प्राप्त किये जा सकते हैं। साहसिक और सटीक हमलों ने राष्‍ट्र को उसकी ताकत और हवाई शक्ति के आक्रामक इस्‍तेमाल के महत्‍व को दिखाया है।

 

———————————————-

 

वस्‍तु और सेवा कर-जीएसटी बचत उत्‍सव समाज के सभी वर्गों को लाभान्वित कर रहा है। इसकी शुरूआत 22 सितंबर से हुई थी। जीएसटी सुधार से उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिल रहा है। 

 

जीएसटी में नए सुधार से उत्तर प्रदेश के कारीगरों, किसानों और छोटे व्यवसायों को बड़ा प्रोत्साहन मिला है। यह सुधार राज्‍य के पारंपरिक क्षेत्रों के लिए विशेष महत्व रखता है, जहाँ जीएसटी को 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। इससे भदोही के कालीन, मुरादाबाद के पीतल के बर्तन और सहारनपुर की लकड़ी की नक्‍कशी जैसे प्रसिद्ध उद्योगों को बढावा मिलने के साथ ही कारीगरों की आजीविका को भी मजबूती मिली है। कानपुर और आगरा के चमड़ा और जूता उद्योग, जिनमें दस लाख से ज़्यादा कर्मचारी कार्यरत हैं, अब 2,500 रुपये तक की कीमत वाली वस्तुओं पर कम जीएसटी का लाभ उठा सकेंगे। जिससे छोटे और मध्यम उद्यमों की प्रतिस्पर्धा क्षमता को भी बढोतरी मिलेगी। फिरोजाबाद, खुर्जा, गोरखपुर और आजमगढ़ जैसे शहर में बनी कांच, सिरेमिक और टेराकोटा उत्‍पादों पर भी अब पांच प्रतिशत जीएसटी लगेगा जिससे इनकी मांग पर बढोतरी होगी। इसके साथ ही मेरठ, वाराणसी और चित्रकूट जैसे शहरों में बने पारंपरिक खिलौने, हाथ से बने कागज़ और पर्यावरण-अनुकूल स्टेशनरी के उद्योगों को भी कटौती से लाभ होगा। आगरा का प्रसिद्ध पेठा भी 5 प्रतिशत जीएसटी श्रेणी में आने से सस्‍ता हो गया है। इससे छोटे मिठाई कारोबारियों को मजबूती मिली है।  नई दरों के साथ ये जीएसटी सुधार उपभोक्ताओं के लिए सामान सस्‍ता बनाने और कारीगरों की आमदनी बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम है। समर्थ के साथ सौम्‍या शरण, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

———————————————-

 

जम्मू – कश्मीर में खराब मौसम के कारण लगातार तीन दिनों तक स्थगित रहने के बाद श्रीमाता वैष्णो देवी यात्रा फिर से शुरू हो गई है। श्राइन बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि तीर्थयात्रियों को भवन की ओर बढ़ने की अनुमति दी जा रही है।

 

———————————————-

 

आईसीसी महिला एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप में आज पाकिस्तान का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। कोलंबो में यह मैच दोपहर तीन बजे से खेला जाएगा।

 

———————————————-

 

प्रमुख घरेलू बाजार सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी, आज दोपहर के कारोबार में मामूली बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स 93 अंक बढ़कर 82 हजार 20 और निफ्टी 9 अंक बढ़कर 25 हजार 117 पर पहुंच गया।

 

———————————————-

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-  

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – डिजिटल कनेक्टिविटी देश में प्रत्येक नागरिक के जीवन का अभिन्न अंग बन गया है। श्री मोदी ने नई दिल्ली के यशोभूमि में इंडिया मोबाइल कांग्रेस के नौवें संस्करण का उद्घाटन किया।
  • प्रधानमंत्री, आज महाराष्‍ट्र के नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण सहित प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।
  • बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एन.डी.ए. और महागठबंधन दोनों के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर गतिरोध जारी।
  • भारतीय वायुसेना आज अपना 93वां स्‍थापना दिवस मना रही है। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने अत्‍यधिक चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में देश के नभ-क्षेत्र की रक्षा करने के लिए वायुसेना की प्रशंसा की।
  • जम्मू-कश्मीर में श्रीमाता वैष्णो देवी की तीर्थयात्रा खराब मौसम के कारण तीन दिन स्थगित रहने के बाद फिर से शुरू।
  • और-कोलंबो में, महिला एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप में आज पाकिस्तान का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से।

 

———————————————-