मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए कनाडा पहुंचे। इसमें ऊर्जा सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और अन्य वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा होगी।
- जी-7 देशों के नेताओं ने पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता के लिए प्रतिबद्धता दोहराई, कहा- इस्राइल को आत्मरक्षा का अधिकार, अमरीकी राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रंप क्षेत्र में ताजा घटनाक्रम के बीच सम्मेलन छोड़कर लौटे।
- भारतीय दूतावास ने इस्राइल और ईरान में बढ़ते तनाव को देखते हुए तेहरान से विद्यार्थियों को सुरक्षित निकाला।
- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हरियाणा के मानेसर में देश के सबसे बड़े गतिशक्ति मल्टी मॉडल कॉर्गो टर्मिनल का उद्घाटन किया।
- मौसम विभाग का गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में अगले चौबीस घंटे में मूसलाधार वर्षा का अनुमान।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज देर रात कनाडा के कनानास्किस में जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। श्री मोदी दो दिन की कनाडा यात्रा पर सवेरे कैलगरी पहुंचे। प्रधानमंत्री ऊर्जा सुरक्षा, प्रौद्योगिकी, बुनियादी ढांचे और निवेश से जुड़ी चर्चाओं में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी लगातार छठी बार जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि वे शिखर सम्मेलन में विभिन्न नेताओं से मिलेंगे और महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि सम्मेलन के दौरान वे अल्पविकसित और विकासशील देशों की प्राथमिकताओं पर भी जोर देंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्री मोदी कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी सहित अन्य नेताओं के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।
यह प्रधानमंत्री मोदी का पिछले एक दशक में पहला कनाडा दौरा है। 2015 में उनकी पिछली यात्रा के दौरान को रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाया गया था। भारत कनाडा संबंधों को मजबूत जनसंपर्क बढ़ाते व्यापार और निवेश संबंधों भारतीय छात्रों की मजबूत उपस्थिति तथा विज्ञान प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग की प्रचुर संभावनाओं द्वारा बल मिलता है। पिछले वर्ष दोनों देशों के बीच व्यापार माल 8 दशमलव 6 बिलियन अमेरिकी डॉलर रहा जो क्षमता से बहुत कम है विश्व भर में भारतीय प्रवासियों के लिए कनाडा सबसे प्रसिद्ध बसेरे में से एक रहा और इसकी आबादी का लगभग 4 दशमलव 5 प्रतिशत है इसमें भारतीय मूल के लगभग 1 दशमलव 8 मिलियन कनाडाई और एक मिलियन अनिवासी भारतीय शामिल हैं। सुपर्णा सैकिया के साथ आदर्श आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
******
प्रधानमंत्री मोदी कल क्रोएशिया की राजधानी ज़ागरेब पहुंचेंगे। क्रोएशिया में भारतीय समुदाय के लोगों का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है।आकाशवाणी समाचार से बातचीत में ज़ागरेब में एक रेस्तरां के कर्मचारी अभिषेक चौहान ने आशा व्यक्त की कि प्रधानमंत्री की इस यात्रा से दोनों देशों के आर्थिक संबंध और गहरे होंगे।
इंडिया ने अपोरचुनिटी दी है यहां पे आने का कि हमकों आराम से आके यहां वर्क कर सकते हैं। नाव अ डेज सिचुअशन ऐसी है इंडिया के रिलेशन काफी अच्छे हुए हैं सबसे। जिस वजह से हमारे को रेस्पेक्ट भी मिली है अपोरचुनिटी भी मिली है। और जो लोग आ नहीं पा रहे हैं यहां पर किसी चीज की वजह से या कोई प्रोबल्म की वजह से डॉक्यूमेंट प्रोबल्म, किसी का कुछ प्रोबल्म तो वो सब चीजें सॉर्ट होगी और प्रोसेस ईजी होगा।
ज़ागरेब में आई टी प्रोफेशनल सम्राट ने बताया कि उन्हें खुशी है कि छोटे महत्वपूर्ण देशों में भारत का प्रभाव बढ रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि भारत के किसी भी प्रधानमंत्री की यह पहली क्रोएशिया यात्रा होगी।
क्रोएशिया में 17 हजार से अधिक भारतीय रह रहे हैं। यहां रह रहे प्रवासियों में उद्यमी, आईटी पेशेवर, छात्र शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को लेकर प्रवासी समुदाय में काफी उत्साह है। यह उनके योगदान और उनकी बढ़ती साख को एक स्वीकृति है। वे इस पहली यात्रा को द्विपक्षीय संबंधों को सुदृढ़ करने और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को बढ़ावा देने के एक बड़े अवसर के रूप में देखते हैं। उन्हें उम्मीद है की भारतीय प्रधानमंत्री की इस यात्रा से दोनों देश के सम्बन्धो में एक नया अध्याय जुड़ेगा। ज़ाग्रेब, क्रोएशिया से आकाशवाणी समाचार के लिए मैं संजीवो सिंह।
******
जी-7 देशों के नेताओं ने इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ती तनावपूर्ण स्थिति देखते हुए संयुक्त वक्तव्य जारी किया। जी7 के नेताओं ने पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने इस्राइल के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन किया है। वहीं, ईरान को क्षेत्र में अस्थिरता और आतंक का प्रमुख स्रोत बताया है।
जी-7 समूह ने क्षेत्रीय तनावों के बीच नागरिकों की सुरक्षा के महत्व पर जोर दिया। नेताओं ने आशा व्यक्त की कि गाजा में युद्धविराम कराने के प्रयासों सहित ईरान संकट को हल करने में पश्चिम एशिया में व्यापक शत्रुता को कम करने में मदद मिल सकती है।
******
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प कनाडा में जी-7 शिखर सम्मेलन को बीच में ही छोड़कर वाशिंगटन लौट आए है। व्हाइट हाउस ने बताया कि इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और संघर्ष के मद्देनजर ट्रंप ने यह फैसला लिया है। विश्व नेताओं द्वारा पश्चिम एशिया में तनाव कम करने का आग्रह करने वाला संयुक्त बयान जारी करने के कुछ ही घंटों के बाद ट्रंप इस बैठक से अमरीका रवाना हो गए। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रोन ने कहा है कि ट्रम्प ने साथी जी-7 नेताओं से कहा था कि इस्राइल और ईरान के बीच युद्ध विराम सुनिश्चित करने के लिए चर्चा चल रही है। हालांकि श्री ट्रम्प ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उनके जाने का युद्ध विराम से कोई लेना-देना नहीं है।
******
श्री ट्रंप ने ईरान और इस्राइल के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए सभी लोगों से ईरान की राजधानी तेहरान छोड़ने का अनुरोध किया है। हालांकि उन्होंने इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी है।
******
ईरान की राजधानी तेहरान में भारतीय दूतावास ने सुरक्षा कारणों से भारतीय विद्यार्थियों को शहर से बाहर भेज दिया है। विदेश मंत्रालय के वक्तव्य में बताया गया है कि जिन नागरिकों के पास आने जाने की अपनी व्यवस्था है उन्हें भी स्थिति को देखते हुए शहर से बाहर जाने को कहा गया है। कुछ भारतीयों को आर्मेनिया से लगने वाली सीमा से ईरान से बाहर निकलने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। दूतावास लगातार भारतीय समुदाय के सम्पर्क में है।
******
विदेश मंत्रालय ने स्थिति पर नजर रखने और भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए 24 घंटे का नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। इसके लिए कई हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। टोल फ्री नम्बर हैं- 1800 118 797 और अन्य नंबर है 91-11-23 01 21 13
******
इस बीच, इस्राइल की सेना ने कल रात में ईरान के 30 ड्रोन को रोकने और नष्ट करने का दावा किया है, इस्राइल रक्षा बलों ने बताया कि ईरान ने इस्राइल की ओर कई बैलिस्टिक मिसाइलें भी दागी हैं।
मिस्र, जॉर्डन, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, तुर्की और पाकिस्तान सहित 20 अरब और मुस्लिम देशों के विदेश मंत्रियों ने ईरान पर इस्राइल के हमलों की निंदा की और एक संयुक्त बयान में तनाव कम करने का आह्वान किया।
इस्राइल के रक्षा मंत्री इज़राइल कैट्ज़ ने स्पष्ट किया कि इस्राइल का तेहरान के निवासियों को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं है।
******
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज हरियाणा के मानेसर में देश के सबसे बड़े गतिशक्ति मल्टी मॉडल कार्गो टर्मिनल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री वैष्णव ने बताया कि अब कुल एक सौ आठ मल्टी मॉडल कार्गो टर्मिनल तैयार हो चुके हैं जिनमें जल्दी ही सेवाएं शुरू हो जाएंगी और सरकार का मल्टी मॉडल नेटवर्क बनाने का सपना भी साकार हो जाएगा।
2021 में करीब दिसंबर के महीने में रिफॉर्म्स किए गए और पूरे प्रोसेस को इतना सिंपलीफाई किया कि आज इतने शॉर्ट टाइम फ्रेम में 108 मल्टी मॉडल कार्गो टर्मिनल बन के रेडी हो चुके हैं और आज जिस टर्मिनल में हम लोग हैं वह वन ऑफ द लार्जेस्ट है। 45 एकड़ जमीन में बना है और करीब साढ़े चार लाख कार्गो यहां से कैरी करने की कैपेसिटी है।
******
भारत ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सिद्धांतों से प्रेरित होकर एक दशक में उल्लेखनीय परिवर्तन किया है। आकाशवाणी समाचार आपके लिए पिछले 11 वर्षों में प्रमुख क्षेत्रों में सरकार के प्रयासों पर एक विशेष श्रृंखला लाया है। इस कडी में आज, हम सभी के लिए किफायती और स्वास्थ्य सेवा पर जानकारी दे रहे हैं।
पिछले एक दशक में, भारत की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में उल्लेखनीय परिवर्तन हुआ है। आयुष्मान भारत जैसी प्रमुख पहलों ने लगभग 55 करोड़ लोगों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान की है। जबकि आयुष्मान वय वंदना योजना के अंतर्गत, 70 वर्ष और इससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिया गया है। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन ने स्वास्थ्य सेवा वितरण को आधुनिक बनाया है, जिसके अंतर्गत 78 करोड़ से अधिक आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाते बनाए गए हैं। इसके अलावा, पीएम-आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हुआ है। पूर्वोत्तर में असम में पहले एम्स सहित कई राज्यों में एम्स की स्थापना और विस्तार, विकेंद्रीकरण और चिकित्सा शिक्षा के लिए सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सरकार ने कोविड-19 महामारी के दौरान पहला मामला दर्ज होने से पहले हवाईअड्डों पर स्क्रीनिंग से लेकर वैक्सीन टास्क फोर्स का गठन और तुरंत देशव्यापी लॉकडाउन लगाने तक त्वरित और साहसिक कदम उठाए। इसके अलावा, CoWIN प्लेटफॉर्म के माध्यम से सुचारू रूप से वैक्सीन वितरण सुनिश्चित किया गया, 220 करोड़ से अधिक खुराकें दी गईं, जबकि eSanjeevani ने टेलीकंसल्टेशन को सक्षम बनाया, जिससे मरीज घर से चिकित्सकों से जुड़े रहे। “सभी के लिए स्वास्थ्य” के दृष्टिकोण के अंतर्गत सरकार ने पिछले 11 वर्षों में भारत की स्वास्थ्य सेवा की पहुँच का विस्तार करने और इसकी गुणवत्ता में सुधार करने में अभूतपूर्व प्रगति की है। विष्णु की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोज़ी
******
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रीय राजधानी में 33 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और 17 जन औषधि केन्द्रों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले वर्ष मार्च तक आठ महीने की अवधि मे एक हजार एक सौ से ज्यादा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का शुभारंभ किया जाएगा।
हर विधानसभा में 15-15 आरोग्य मंदिर खोलने की योजना बनाई गई है। बेहतरीन यह आरोग्य मंदिर है। जिसमें वैक्सीनेशन की पूरी फैसिलिटी है, जिसमें इनबिल्ट लैब है, जिसमें सिक्योर करने के लिए सारी दवाइयां, मेडिकल ऑफिसर, डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ सब चीज एक अच्छी बिल्डिंग स्ट्रक्चर में बेहतर एनवायरनमेंट के साथ में जनता को दी गई है।
******
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सिलसिले में मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, नई दिल्ली में आज योग बंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें डेनमार्क, इंडोनेशिया, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, अर्जेंटीना सहित विभिन्न देशों के मुख्य प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
******
गुजरात में हाल में हुए विमान हादसे के बाद आज दोपहर 12 बजे तक लगभग 144 मृतकों के डीएनए नमूनों की पहचान कर ली गई है। राज्य के गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी ने आज सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी।
******
आज दुनिया भर में विश्व मरुस्थलीकरण और सूखा रोकथाम दिवस मनाया जा रहा है। यह दिन सभी को यह याद दिलाने का अनूठा अवसर है कि भूमि क्षरण को रोका जा सकता है। इस अवसर पर केन्द्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने जोधपुर में कहा कि मनुष्य सब कुछ विकसित कर सकता है, लेकिन प्रकृति का विकल्प नहीं बना सकता। इसलिए प्रकृति के दोहन के साथ-साथ संरक्षण पर भी ध्यान देना जरूरी है।
फूड चेन के लिए, अपनी मेडिसिन के लिए, अपने एनर्जी रिसोर्स के लिए, अपने ऑयल के सप्लाई के लिए और अपनी कॉसमेटिक्स के लिए जबकि अपने नेचर पर हम डिपेंड हैं। तो हम नेचर के साथ बैलेंस करके क्यों नहीं जी सकते। धरती को अगर बचाना है तो सबसे पहले इसके टेम्प्रेचर को मेंटेंन किया जाए। वैकल्पिक ऊर्जा की ओर जाया जाए और ग्रीन ऊर्जा की ओर जाया जाए, रिन्यूएबल की ओर जाया जाए।
******
मौसम विभाग ने आज गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्रों में मूसलाधार वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और राजस्थान में आज आंधी चलने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में शुक्रवार तक आंधी और तेज़ हवाओं के साथ वर्षा हो सकती है।
******
लंदन में एफ.आई.एच. हॉकी प्रो लीग में भारत की महिला टीम आज और कल अर्जेटीना की महिला टीम के साथ खेलेगी। कड़े मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से हारने के बाद भारत अब अर्जेटीना के साथ शानदार प्रदर्शन करके जीत हासिल करना चाहेगा।
******
वैश्विक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार के सेंसेक्स और निफ्टी आज दोपहर शून्य दशमलव तीन प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। अंतिम समाचार मिलने तक बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 262 अंक गिरकर 81 हजार 534 पर और निफ्टी 95 अंक घटकर 24 हजार 851 पर आ गया।
******
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए कनाडा पहुंचे। इसमें ऊर्जा सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और अन्य वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा होगी।
- जी-7 देशों के नेताओं ने पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता के लिए प्रतिबद्धता दोहराई, कहा- इस्राइल को आत्मरक्षा का अधिकार, अमरीकी राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रंप क्षेत्र में ताजा घटनाक्रम के बीच सम्मेलन छोड़कर लौटे।
- भारतीय दूतावास ने इस्राइल और ईरान में बढ़ते तनाव को देखते हुए तेहरान से विद्यार्थियों को सुरक्षित निकाला।
- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हरियाणा के मानेसर में देश के सबसे बड़े गतिशक्ति मल्टी मॉडल कॉर्गो टर्मिनल का उद्घाटन किया।
- मौसम विभाग का गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में अगले चौबीस घंटे में मूसलाधार वर्षा का अनुमान।
******