Download
Mobile App

android apple
signal

April 9, 2025 3:16 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • भारतीय रिजर्व बैंक ने रेपो दर घटाकर छह प्रतिशत की, विकास को बढ़ावा देने के लिए उदार रुख अपनाया।
  • रिजर्व बैंक ने चालू वित्त वर्ष के लिए सकल घरेलू उत्‍पाद वृद्धि अनुमान को भी घटाकर साढे छह प्रतिशत किया।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने जलवायु परिवर्तन को सबसे बड़ा संकट बताया, कहा-इसका एकमात्र उपाय सतत जीवनशैली है।
  • बिम्सटेक देशों के कृषि मंत्रियों की आज काठमांडू में बैठक।
  • अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप द्वारा चीन पर 104 प्रतिशत जवाबी शुल्क और भारत से आयात पर 26 प्रतिशत शुल्क आज से लागू।
  • और, अहमदाबाद में आईपीएल क्रिकेट में-आज शाम गुजरात टाइटन्स का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से।

 

—————————————–

 

भारतीय रिजर्व बैंक ने नीतिगत रेपो दर में 25 आधार अंकों की कमी की है। अब रेपो दर छह प्रतिशत हो गई है। रिजर्व बैंक ने पांच वर्ष में लगातार दूसरी बार रेपो दर घटाई है। इससे पहले फरवरी में रेपो दर कम की गई थी। आज मुम्‍बई में रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्‍होत्रा ने बताया कि छह सदस्‍यों की मौद्रिक समिति ने इस वित्‍त वर्ष की पहली बैठक में सर्व-सम्‍मति से रेपो दर कम करने का फैसला किया। उन्‍होंने कहा कि खुदरा महंगाई दर 2025-26 में चार प्रतिशत रहने की संभावना है।

 

और ब्‍यौरा हमारी संवाददाता से-

 

आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने आज कहा कि वैश्विक व्यापार से जुडी अनिश्चितताओं के प्रभाव को ध्यान में रखते हुए, विकास की संभावित दर को 6 दशमलव 7 से घटाकर 6 दशमलव 5 प्रतिशत कर दिया गया है। हालांकि, भारत के कृषि क्षेत्र की विकास संभावनाएं उज्ज्वल बनी हुई हैं, मैनुफैक्‍चरिंग क्षेत्र में भी सक्रियता दिखाई दे रही है तथा सर्विसेज क्षेत्र में भी मजबूती देखी जा रही है। तेज़ी से बदलती व्यापर स्थितयों के चलते, एमपीसी ने आज अपने रुख को न्‍यूट्रल से बदलकर एकोमोडेटिव कर दिया। आगे बढ़ते हुए, गवर्नर ने कहा कि भविष्य में किसी भी झटके की अनुपस्थिति में, एमपीसी केवल दो विकल्पों पर ही विचार करेगी – यथास्थिति या दर में कटौती। निशा रानी के साथ मैं अंकिता आपटे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

—————————————–

 

इस बीच, प्रमुख घरेलू शेयर बाजारों में आज कारोबार की शुरूआत नुकसान के साथ हुई। सेंसेक्स 350 अंक से अधिक गिरकर 73 हजार 874 पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी 107 अंक गिरकर 22 हजार 433 पर था।

 

—————————————–

 

जवाबी शुल्‍क लगाने का अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप का फैसला लागू हो गया है। इसमें चीन से आयात पर 104 प्रतिशत शुल्‍क भी शामिल है। नई शुल्‍क व्‍यवस्‍था राष्‍ट्रपति ट्ंरप की उस घोषणा के बाद लागू हुई है जिसमें उन्‍होंने चीन को अमरीकी सामान पर लगाए गए 34 प्रतिशत जवाबी शुल्‍क को वापस लेने की चेतावनी दी थी। गोल्‍डमैन सैक्‍स के अनुसार इससे चीन की अर्थव्‍यवस्‍था को बड़ा धक्‍का लग सकता है और उसकी वृद्धि दर दो दशमलव चार प्रतिशत तक घट सकती है।

 

इस बीच, भारत से आयात पर लगाया गया 26 प्रतिशत शुल्‍क भी आज से लागू हो गया। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने इस संबंध में कहा कि सरकार द्विपक्षीय व्‍यापार समझौते पर काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने फरवरी में इस संबंध में फैसला कियाा था। श्री गोयल ने कहा कि भारत ने कई मोर्चों पर बात की है जो सही दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

 

इस सप्‍ताह के शुरू में अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो और विदेश मंत्री सुब्रमण्‍यम जयशंकर ने शुल्‍क की स्थिति पर विचार विमर्श किया था। अमरीकी अधिकारियों के अनुसार दोनों पक्षों ने निष्‍पक्ष और संतुलित व्‍यापार संबंध के लिए प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की।

 

—————————————–

 

श्रीलंका के राष्‍ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने हाल ही में श्रीलंका से निर्यात पर लगाये गये जवाबी शुल्‍क से राहत के लिए अमरीका के राष्‍ट्रपति डोनल्‍ड ट्रंप को पत्र लिखा है। श्रम मंत्री अनिल जयंत फर्नान्‍डो ने संसद में इसकी पुष्टि की। उन्‍होंने कहा कि यह पत्र व्‍हाइट हाउस पहुंच गया है।

 

—————————————–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज नई दिल्‍ली में नवकार महामंत्र दिवस के उपलक्ष्‍य में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित किया। श्री मोदी ने जलवायु परिवर्तन को आज का सबसे बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि इसका एकमात्र उपाय जैन समुदाय की सतत जीवनशैली है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जैन समुदाय सदियों से सादगी, स्थिरता और संयम के सिद्धांतों का पालन करता आ रहा है।

 

श्री मोदी ने स्‍वदेशी उत्‍पादों की अधिक से अधिक खरीद करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रोत्‍साहित करने की आवश्‍यकता पर बल दिया। उन्‍होंने स्‍वदेशी उत्‍पादों को वैश्विक स्‍तर पर ले जाने के महत्‍व को रेखांकित किया।

 

साथियों जब मैं वोकल फॉर लोकल कहता हूं जो सामान बना है भारत में, जो बिके भारत में भी और दुनिया भर में जिस सामान को बनाने में किसी भारतीय के पसीने की खुशबू हो, जिस सामान में भारत की मिट्टी की महक हो, हमें उसे खरीदना है और दूसरों को भी प्रेरित करना है। 

 

नवकार महामंत्र के महत्‍व के बारे में बताते हुए श्री मोदी ने कहा कि यह मंत्र विकसित भारत के दृष्टिकोण से जुड़ा हुआ है।

 

नवकार महामंत्र का यह दर्शन विकसित भारत के विजन से जुड़ता है। विकसित भारत यानी विकास भी, विरासत भी, एक ऐसा भारत जो रुकेगा नहीं जो थमेगा नहीं। जो ऊंचाई छुयेगा लेकिन अपनी जड़ों से नहीं कटेगा।

 

श्री मोदी ने लोगों से नौ संकल्‍प करने का आह्वान किया। ये नौ संकल्‍प हैं – जल संरक्षण, एक पेड़ मां के नाम, स्‍वच्‍छता, स्‍वदेशी उत्‍पादों को अपनाना, घरेलू पर्यटन, जैविक खेती, स्‍वस्‍थ जीवन शैली, योग और खेल तथा जरूरतमंदों की सहायता करना। श्री मोदी ने ज्ञान को संरक्षित रखने के सरकार के कर्तव्‍य के रूप में प्राकृत और पाली को शास्‍त्रीय भाषाओं का दर्जा प्रदान करने का उल्‍लेख किया। उन्‍होंने कहा कि यह भारत के मिशन लाइफ के लिए अनुकूल है। श्री मोदी ने कई महत्‍वपूर्ण साहित्‍यों के गुम हो जाने पर चिंता व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि सरकार ज्ञान भारतम अभियान की शुरूआत करेगी।

 

हम ज्ञान भारतम मिशन शुरू करने जा रहे हैं। इस वर्ष बजट में इसकी घोषणा की गई है। देश में करोड़ों पांडुलिपियों का सर्वे कराने की तैयारी इसमें हो रही है। प्राचीन धरोहरों को डिजिटल करके हम प्राचीनता को आधुनिकता से जोड़ेंगे।

 

—————————————–

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु स्‍लोवाकिया की यात्रा पर हैं। उन्‍होंने स्‍लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी के साथ वार्ता की। इस दौरान भारत और स्लोवाकिया के बीच कई समझौतों पर हस्‍ताक्षर हुए। राष्‍ट्रपति की यह यात्रा 29 वर्षों के बाद हो रही है। ब्‍यौरा हमारी संवाददाता से-

 

स्लोवाकिया की राजकीय यात्रा के पहले दिन राष्ट्रपति का ब्रातिस्लावा के राष्ट्रपति भवन में भव्य स्वागत किया गया। स्लोवाक गणराज्य के राष्ट्रपति पीटर पेलिग्रिनी ने भारत की राष्ट्रपति का स्वागत किया। लोक परिधान में एक स्लोवाक जोड़े ने पारंपरिक रूप से रोटी और नमक के साथ राष्ट्रपति का स्वागत किया। राष्ट्रपति ने गार्ड ऑफ ऑनर का भी निरीक्षण किया। स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको और राष्ट्रीय परिषद के अध्यक्ष रिचर्ड रासी से भी राष्ट्रपति मुलाकात करेंगी। पूजा पी. वर्धन, आकाशवाणी समाचार, ब्रातिस्लावा।

 

—————————————–

 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि भारत विदेशी बैंकों के लिए विकास के बेहतर अवसर प्रदान कर रहा है और सरकार बैंकिंग क्षेत्र में विदेशी निवेश को सक्रिय रूप से प्रोत्साहित कर रही है। लंदन में भारत-ब्रिटेन निवेशक गोलमेज चर्चा को संबोधित करते हुए, वित्‍तमंत्री ने नीतिगत समर्थन सहित सतत आर्थिक विकास और निवेश के अवसरों को बेहतर बनाने के लिए सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया।

 

—————————————–

 

बहुक्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग के लिए बंगाल की खाड़ी पहल – बिम्सटेक की तीसरी कृषि मंत्री स्‍तरीय बैठक आज काठमांडू में हुई। केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री, शिवराज सिंह चौहान और भूटान के कृषि मंत्री, ल्योनपो यूंटेन फुंटशो के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल कल शाम बैठक में भाग लेने के लिए काठमांडू पहुंचा। बिम्सटेक के अन्य पांच सदस्य देशों के कृषि मंत्री बैठक में वर्चुअल माध्‍यम से शामिल हुए। नेपाल के कृषि मंत्री रामनाथ अधिकारी ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में कृषि की स्थिति और चुनौतियों तथा सदस्य देशों के बीच सहयोग से संबंधित मामलों पर चर्चा हुई। भारत की ओर से केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बैठक को संबोधित किया। उन्होंने जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक खेती और डिजिटल कृषि मिशन जैसी कृषि पहलों में भारत की भूमिका का उल्‍लेख किया।

 

—————————————–

 

केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड – सी.बी.डी.टी. ने अधिसूचित किया है कि प्रत्यक्ष कर विवाद से विश्वास योजना के तहत कर बकाया घोषणा प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि इस महीने के अंत तक है। राजपत्र अधिसूचना में, सीबीडीटी ने कहा कि घोषणाकर्ता इस महीने की 30 तारीख को या उससे पहले नामित प्राधिकारी को अपना कर बकाया दाखिल कर सकते हैं।

 

—————————————–

 

पंजाब में कल रात गुरदासपुर सेक्‍टर में विस्‍फोट में सीमा सुरक्षा बल का एक कर्मी घायल हो गया। विस्‍फोट में बीएसएफ और किसानों को निशाना बनाया गया था। यह घटना उस समय हुई जब बीएसएफ की टीम पाकिस्‍तान से लगी सीमा सुरक्षा बाड़ के पास गश्‍त कर रही थी। इस दौरान उन्‍हें भारतीय क्षेत्र में संदग्धि वस्‍तु नजर आई। छानबीन के दौरान टीम ने संदिग्‍ध आईईडी की पहचान की जिसके तार खेतों में छुपाए गए थे। क्षेत्र में कई आईईडी लगाई गई थी। क्षेत्र की घेराबंदी करके आईईडी हटाने की कोशिश में विस्‍फोट हो गया, जिससे बीएसएफ जवान के पैर में चोट आई। जवान को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। अब वह सुरक्षित है।   

 

—————————————–

 

बिहार में बेगूसराय और आसपास के जिलों में बिजली गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई है और कुछ लोग घायल हुए हैं। सरकारी सूत्रों के अनुसार बेगूसराय के बलिया, भगवानपुर, मटिहानी और साहेबपुर कमाल इलाकों में पांच लोगों की मौत की खबर है। हादसे में चार लोग घायल भी हुए हैं। मधुबनी के झांझरपुर इलाके में तीन लोगों की मौत हुई है। 

 

—————————————–

 

आईपीएल क्रिकेट में आज शाम अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से होगा। मैच शाम साढे सात बजे शुरू होगा। चंडीगढ़ में कल रात खेले गए मैच में पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 18 रन से हराया। एक अन्य मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को चार रन से हराया।

 

—————————————–

 

अब कुछ खबरें विदेश से-

 

डोमिनिकन गणराज्य की राजधानी सैंटो डोमिंगो में एक नाइट क्लब की छत ढहने से 98 लोगों की मौत हो गई और डेढ़ सौ से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं। घटनास्‍थल पर जीवित बचे लोगों के लिए तलाशी अभियान जारी हैं। हादसे में मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।

 

—————————————–

 

उप-राज्यपाल डॉ. नीलम धुंगाना तिमसीना को नेपाल राष्ट्र बैंक का कार्यवाहक गवर्नर नियुक्त किया गया है। 6 अप्रैल को निवर्तमान गवर्नर महाप्रसाद अधिकारी का कार्यकाल समाप्त होने के बाद से राष्ट्र बैंक में कोई गर्वनर नहीं था।

 

—————————————–

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • भारतीय रिजर्व बैंक ने रेपो दर घटाकर छह प्रतिशत की, विकास को बढ़ावा देने के लिए उदार रुख अपनाया।
  • रिजर्व बैंक ने चालू वित्त वर्ष के लिए सकल घरेलू उत्‍पाद वृद्धि अनुमान को भी घटाकर साढे छह प्रतिशत किया।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने जलवायु परिवर्तन को सबसे बड़ा संकट बताया, कहा-इसका एकमात्र उपाय सतत जीवनशैली है।
  • बिम्सटेक देशों के कृषि मंत्रियों की आज काठमांडू में बैठक।
  • अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप द्वारा चीन पर 104 प्रतिशत जवाबी शुल्क और भारत से आयात पर 26 प्रतिशत शुल्क आज से लागू।
  • और, अहमदाबाद में आईपीएल क्रिकेट में-आज शाम गुजरात टाइटन्स का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से।

 

—————————————–