Download
Mobile App

android apple
signal

February 25, 2025 3:48 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने गुवाहाटी में एडवांटेज असम के दूसरे संस्‍करण निवेश और बुनियादी ढांचा शिखर सम्मेलन का उद्घाटन किया, कहा- असम स्टार्टअप हब बन रहा है और जल्द ही पूर्वोत्तर का विनिर्माण केंद्र बनेगा।

  • दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा में उत्पाद शुल्क नीति पर सीएजी रिपोर्ट पेश की। विधानसभाध्‍यक्ष ने अमर्यादित व्यवहार के लिए आम आदमी पार्टी के 12 विधायकों को निलंबित किया।

  • संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने यूक्रेन संघर्ष को तेजी से समाप्त करने और रूस और यूक्रेन के बीच स्थायी शांति के लिए एक अमरीकी-मसौदा प्रस्ताव अपनाया।

  • मौसम विभाग ने अगले दो दिन में पश्चिमी हिमालय और उत्तरपूर्वी मैदानी इलाकों में वर्षा में वृद्धि का अनुमान लगाया। महाराष्ट्र के कुछ जिलों में दो दिन का गर्म हवाओं का अलर्ट जारी।

  • आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में आज दोपहर रावलपिंडी में ग्रुप बी के मैच में दक्षिण अफ्रीका का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा।

——


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुवाहाटी में एडवांटेज असम के दूसरे संस्‍करण में निवेश और बुनियादी ढांचा शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि असम, दक्षिण पूर्व एशिया और भारत के प्रवेश द्वार तथा असीमित संभावनाओं का केंद्र बना हुआ है।

राजनयिकों, प्रमुख उद्योगपतियों, विदेशी प्रतिनिधियों की विशाल सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि असम पूर्वी भारत का एक विनिर्माण केंद्र बनेगा। उन्‍होंने इस रणनीतिक स्थिति का लाभ उठाने का आग्रह उद्योगपतियों से किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार संपर्क और अवसंरचना में सुधार करने पर कार्य कर रही है। उनकी सरकार इस क्षेत्र में स्‍थानीय आपूर्ति श्रृंखला को सुदृढ़ बनाने पर भी कार्य कर रही है। श्री मोदी ने कहा कि भारत कम लागत की विनिर्माण प्रक्रिया के लिए मिशन मोड पर कार्य कर रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि असम में कानून और व्‍यवस्‍था की स्थिति में पिछले 10 वर्षों में सुधार हुआ है। केंद्र और राज्‍य सरकारों ने कई शांति समझौतों पर हस्‍ताक्षर किए हैं। 


बीते दशक में अनेक पीइस एफॉर्ट किए गए हैं। बॉर्डर से जुड़े लोंग पेंडिंग इसूज का समाधान किया गया है। आज असम का हर रीजन, हर नागरिक, हर युवा, यहां के विकास के लिए दिन-रात मेहनत कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि असम सरकार ने व्‍यवसाय को सुगम बनाने के लिए एक वातावरण सृजित किया है। असम सरकार ने उद्योगों के लिए श्रेष्‍ठ नीतियां तैयार की है। इसने वर्ष 2030 तक डेढ़ अरब की अर्थव्‍यवस्‍था बनने का लक्ष्‍य निर्धारित किया है।


आज भारत में इकोनॉमी के हर सेक्‍टर में बड़े रिफॉर्म्‍स हो रहे हैं। हमने इज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए निरंतर काम किया हमने इंडस्‍ट्री और इनोवेशन कलचर को बढ़ावा देने का पूरा इकोसिस्‍टम तैयार किया है। स्‍टार्टअप के लिए नीतियां हो मैन्‍युफैक्‍चरिंग के लिए पीएलआई स्‍कीमस हो, मैन्‍युफैक्‍चरिंग कंपनयिों ओर एमएसएमईस को टैक्‍स में छूट देना हो हमने हर एक के लिए बेहतरीन पॉलिसी बनाई है।

श्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार राज्‍य सरकार को लगातार समर्थन दे रही है। केंद्र सरकार ने हवाई संपर्क दुरूस्‍त करने के अलावा और साठ आधुनिक रेलवे स्‍टेशनों के निर्माण के लिए रेलवे बजट में वृद्धि की है।

असम भारत के आर्थिक विकास में एक महत्‍वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। एडवांटेज असम शिखर सम्‍मेलन का दूसरा संस्‍करण असम और पूर्वोत्‍तर क्षेत्र के लिए एक नई शुरूआत है।

उद्धाटन सत्र के बाद प्रधानमंत्री नई दिल्‍ली रवाना हो गए हैं।

दो दिवसीय शिखर सम्‍मेलन में उद्धाटन सत्र, सात मंत्री-स्‍तरीय सत्र और 14 विषयगत सत्र शामिल हैं।

 

——


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज देश में स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के विकेंद्रीकरण और अधिक शोध पर बल दिया। राष्ट्रपति बिहार में पटना के बापू सभागार में पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल-पी.एम.सी.एच.  के शताब्दी समारोह को संबोधित कर रही थीं। राष्ट्रपति ने कहा कि अगर छोटे शहरों में चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी तो इससे बड़े संस्थानों पर दबाव कम होगा। उन्होंने कृत्रिम मेधा और रोबोटिक्स का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल से इलाज में क्षमता और सटीकता बढ़ेगी। राष्ट्रपति ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि पी.एम.सी.एच. पांच हजार चार सौ से अधिक बिस्तरों के साथ दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा अस्पताल बन रहा है।

 

——–


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात के पांच दिन के दौरे पर हैं। कल वे मध्य प्रदेश के छतरपुर में बागेश्वर जन सेवा समिति द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होंगी। कल ही वह गुजरात के केवड़िया में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी और नर्मदा आरती में शामिल होंगी। बृहस्‍पतिवार को राष्ट्रपति केवड़िया में एकता कौशल विकास केंद्र का दौरा करेंगी और अहमदाबाद में राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान के 44वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।

 

—-


आम आदमी पार्टी के 12 विधायकों को
उनके अभद्र व्‍यवहार के कारण आज दिल्‍ली विधानसभा से दिनभर के लिए निष्‍कासित कर दिया गया है। निष्‍कासित विधायकों में विपक्ष की नेता आतिशी और आम आदमी पार्टी के वरिष्‍ठ नेता गोपाल राय शामिल हैं। आज सुबह जब उपराज्‍यपाल वी. के. सक्‍सेना सदन को संबोधित कर रहे थे तब विपक्षी सदस्‍यों ने दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता के कमरे से डॉक्‍टर भीमराव आम्‍बेडकर और भगत सिंह की तस्‍वीर हटाए जाने पर नारेबाजी शुरू कर दी। इस आरोप का खंडन सत्‍तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पहले ही कर चुकी है। इस हंगामे के बीच अध्‍यक्ष विजेन्‍द्र गुप्‍ता ने बार-बार सदन में व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया। लेकिन विपक्षी सदस्‍यों ने अपना विरोध जारी रखा।

बाद में, अध्‍यक्ष ने विरोध करने वाले आम आदमी पार्टी के विधायकों को उनके अभद्र व्‍यवहार के कारण बर्खास्‍त करने की घोषणा की। अपने संबोधन में उपराज्‍यपाल ने कहा कि दिल्‍ली सरकार नीति मार्गदर्शन के लिए दस्‍तावेज के रूप में विकसित दिल्‍ली संकल्‍प पत्र को लागू करेगी और लोगों से किए गए सभी वायदों को पूरा करेगी।


आगामी पांच वर्षों में मेरी सरकार साधारण नागरिकों से संबंधित पांच बुनियादी जरूरतों समेत निम्‍न दस प्रमुख क्षेत्रों पर व्‍यापक जोर देगी। भ्रष्‍टाचार मुक्‍त कुशल प्रशासन, सशक्‍त नारी, गरीब कल्‍याण, स्‍वास्‍थ्‍य सुविधाओं में सुधार, उत्‍कृष्‍ट शिक्षा व्‍यवस्‍था, विश्‍व स्‍तरीय सड़क परिवहन, सच एवं प्रदूषण मुक्‍त दिल्‍ली, यमुना नदी का पूर्णउद्धार ।

 

——-


भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक ने आम आदमी पार्टी सरकार की शराब नीति से संबंधित रिपोर्ट में कहा है कि इस नीति के कारण सरकारी खजाने को दो हजार करोड़ से अधिक रूपए के राजस्‍व का नुकसान हुआ है। मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता द्वारा दिल्‍ली विधानसभा में आज पेश की गई रिपोर्ट में दिल्‍ली में शराब की आपूर्ति के विनियमन और निगरानी करने वाले आबकारी विभाग के तरीकों में कई विसंगतियां उजागर हुई हैं। इसमें कहा गया है कि थोक विक्रेताओं, खुदरा विक्रेताओं, होटलों, क्‍लबों और रेस्‍तरांओं को जारी किए गए लाइसेंस में नियमों की अनदेखी की गई है। विभाग ने विभिन्‍न प्रकार के लाइसेंस जारी करने में नियम और शर्तों तथा आबकारी नियमों से संबंधित विभिन्‍न आवश्‍यकताओं की जांच किए बगैर लाइसेंस जारी किए हैं।


दो सौ से अधिक पन्‍नें की रिपोर्ट में गलत निरीक्षण रिपोर्ट से लेकर कारण बताओं नोटिस की कमी। शराब नीति में क्षेत्रीय लाइसेंस धारियों से सुरक्षा जमा की गलत वसूली और शराब नीति में अन्‍य खामियां शामिल हैं। केन्‍द्रीय लेखा परीक्षक ने पिछली सरकार में शराब की गुणवत्ता नियंत्रण की कमी को उजागर किया। उसे शराब नीति के कार्यान्‍वयन में आई समस्‍याओं के बारे में रिपोर्ट में कहा गया कि कुछ रिटेलर में नीति की अवधि समाप्‍त होने तक लाइसेंस बनाए रखें वहीं कुछ ने नीति अवधि समाप्‍त होने से पहले ही लाइसेंस लौटा दिए। जिससे आपूर्ति में विघटन हुआ और लगभग 9 सौ करोड रूपए का राजस्‍व नुकसान हुआ। विधानसभा अध्‍यक्ष विजेंद्र गुप्‍ता ने कहा कि 2017-18 से अब तक कैग की रिपोर्ट सदन में प्रस्‍तुत नहीं की गई। उन्‍होंने कहा कि पिछली सरकार ने संविधान में कैग रिपोर्ट से संबंधित प्रावधानों का उल्‍लंधन किया। सदन में रिपोर्ट पर टिप्‍पणी करते हुए बीजेपी विधायक अरविंद सिंह लवली ने आरोप लगाया कि पूर्व आम आदमी पार्टी सरकार ने लोकतांत्रिक मूल्‍यों को कमजोर किया ।

 

——-


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्ली में आयोजित अलंकरण समारोह में भारतीय तटरक्षक बल के कर्मियों को वीरता, विशिष्ट सेवा और सराहनीय सेवा के लिए 32 पदक प्रदान किए। इनमें विशिष्ट सेवा के लिए छह राष्ट्रपति तटरक्षक पदक, वीरता के लिए 11 और सराहनीय सेवा के लिए 15 पदक शामिल हैं। श्री सिंह ने कहा कि सरकार भारतीय तटरक्षक बल की दक्षता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

——


संसद की संयुक्त समिति की एक राष्ट्र एक चुनाव पर बैठक संसद भवन में जारी है। बैठक में आज समिति कानूनी विशेषज्ञों के साथ बातचीत कर रही है। 39 सदस्यों वाली समिति में लोकसभा से 27 और राज्यसभा से 12 सदस्य हैं।

 

——


एक आश्चर्यजनक घटनाक्रम में संयुक्त राष्ट्र महासभा में अमरीका ने अपने पश्चिमी सहयोगियों से नाता तोड़ कर प्रमुख यूक्रेन प्रस्ताव पर रूस के साथ आ गया है। भारत ने महासभा में मॉस्को को यूक्रेन में आक्रामक बताने वाले दो प्रस्ताव पारित किए, जिसमें भारत अनुपस्थित रहा। 

अमरीका ने मॉस्को के साथ रूस के हमले की निंदा करने वाले यूक्रेन के नेतृत्व वाले प्रस्ताव के खिलाफ मतदान किया, जबकि चीन इसमें अनुपस्थित रहा।

 

——


अब खबरें महाकुंभ से

प्रयागराज महाकुंभ में डिजिटल अनुभूति केन्‍द्र में 3 लाख 50 हज़ार से ज़्यादा श्रद्धालु आ चुके हैं। आध्यात्मिकता और नवीनता का यह केन्‍द्र आधुनिक तकनीक के माध्‍यम से प्राचीन पौराणिक कथाओं को जीवंत कर रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल ने भी डिजिटल अनुभूति केन्‍द्र में महाकुंभ की भव्यता का आनंद लिया और इस पहल की प्रशंसा की।


महाकुंभ मेला क्षेत्र के सेक्टर-4 में बना डिजिटल अनुभूति केंद्र इस आध्यात्मिक महापर्व के मुख्य आकर्षणों में से एक है। केंद्र में एआई, वर्चुअल रियलिटी और होलोग्राम देश की समृद्ध संस्कृति को डिजिटल प्रगति के साथ जोड़ रहे हैं। डिजिटल अनुभूति केंद्र विशेष रूप से युवा आगंतुकों और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। केंद्र में 12 गैलरी हैं और ये महाकुंभ, समुद्र मंथन, यमुना नदी और प्रयाग महापर्व की कहानियों को डिजिटली दर्शाते हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डिजिटल अनुभूति केंद्र की सराहना की और इसे विरासत और तकनीक के बीच का सेतु बताया।

 

———


मौसम विभाग ने अगले 2 दिन में पश्चिमी हिमालय के पहाड़ों और देश के पूर्वोत्तर क्षेत्रों के मैदानी इलाकों में बारिश में वृद्धि का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉक्‍टर सोमा सेन रॉय ने कहा है कि 2-3 दिन में देश के पश्चिमी तट पर तापमान अधिक रहने की संभावना है।


दक्षिण विक्षोभ अभी नॉर्थ ईस्‍ट इंडिया को आज से इफैक्‍ट करना शुरू किया है। राजस्‍थान से लेकर जम्‍मू तक खराब है क्‍लॉडिंग का पंजाब में भी है आज भारी वर्षा का संभावना है। खासकर जम्‍मू कश्‍मीर में आज रात को हिमाचल प्रदेश में कल भारी वर्षा और परसों अति भारी वर्ष होने की संभावना है और प्‍लेनस में आकर आज और कल पंजाब हरियाणा में लाइट थंडर स्‍टॉम होने की संभावना है। अगर हम ईस्‍ट की स्थिति देखें तो वेस्‍टकोस्‍ट में टेंपरेचर काफी बड़ी हुई है।

मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे और पास के जिलों के लिए दो दिन के लिए गर्म हवा का अलर्ट जारी किया है।

 

——-


अब खबर आर्थिक जगत से —-

बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्‍स सूचकांक आज दिन के कारोबार में एक सौ 77 अंक की वृद्धि के साथ 74 हजार छह सौ 32 पर कारोबार कर रहा था। नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी भी करीब 19 अंकों की बढ़त के साथ 22 हजार पांच सौ 72 पर था। 

 

—–


खेल खबर


आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में, आज रावलपिंडी में ग्रुप बी के मैच में दक्षिण अफ्रीका का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा। मैच भारतीय समय के अनुसार दोपहर ढाई बजे से शुरू होगा। रावलपिंडी में न्यूजीलैंड ने कल रात बांग्लादेश को पांच विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ न्‍यूजीलैंड की टीम ने भारत के साथ ग्रुप ए से सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है।

महिला प्रीमियर क्रिकेट लीग में आज बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में गुजरात जायंट्स का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से होगा। मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।

हॉकी में, एफआईएच महिला प्रो लीग में कल रात भुवनेश्वर में भारत, नीदरलैंड से 2-4 से हार गया। दोनों टीमें आज फिर आमने-सामने होंगी। मैच शाम सवा पांच बजे शुरू होगा।

 

——-


अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने गुवाहाटी में एडवांटेज असम के दूसरे संस्‍करण निवेश और बुनियादी ढांचा शिखर सम्मेलन का उद्घाटन किया, कहा- असम स्टार्टअप हब बन रहा है और जल्द ही पूर्वोत्तर का विनिर्माण केंद्र बनेगा।

  • दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा में उत्पाद शुल्क नीति पर सीएजी रिपोर्ट पेश की। विधानसभाध्‍यक्ष ने अमर्यादित व्यवहार के लिए आम आदमी पार्टी के 12 विधायकों को निलंबित किया।

  • संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने यूक्रेन संघर्ष को तेजी से समाप्त करने और रूस और यूक्रेन के बीच स्थायी शांति के लिए एक अमरीकी-मसौदा प्रस्ताव अपनाया।

  • मौसम विभाग ने अगले दो दिन में पश्चिमी हिमालय और उत्तरपूर्वी मैदानी इलाकों में वर्षा में वृद्धि का अनुमान लगाया। महाराष्ट्र के कुछ जिलों में दो दिन का गर्म हवाओं का अलर्ट जारी।

  • आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में आज दोपहर रावलपिंडी में ग्रुप बी के मैच में दक्षिण अफ्रीका का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा।