मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अगले महीने मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने इसे अपने देश के लिए बहुत बड़ा सम्मान बताया।
- केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा- नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति भारत को वैश्विक स्तर पर ले जाएगी।
- नई दिल्ली में तीन दिवसीय पूसा कृषि विज्ञान मेला आज से शुरू। इसमें कृषि क्षेत्र में नवीनतम बीज किस्मों और प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन।
- भारत-पाकिस्तान की सेना जम्मू-कश्मीर में सीमा पर शांति बनाए रखने के लिए 2021 के संघर्ष विराम समझौते का सम्मान करने पर सहमत।
- अमरीका में, डोनाल्ड ट्रम्प प्रशासन ने सैन्य नेतृत्व में बड़े बदलाव के तहत शीर्ष अमरीकी जनरल और नौसेना प्रमुख को बर्खास्त किया।
- और, एथलेटिक्स में, गुलवीर सिंह ने बोस्टन में बीयू टेरियर डीएमआर चैलेंज में पुरुषों की पांच हजार मीटर इनडोर दौड़ में एशियाई रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रचा। विश्व चैंपियनशिप 2025 के लिए क्वालीफाई किया।
————————————–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अगले महीने मॉरिशस के 57वें राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। मॉरिशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम ने मॉरिशस की संसद को संबोधित करते हुए कहा कि श्री मोदी जैसे विशिष्ट व्यक्ति की मेजबानी करना सौभाग्य की बात होगी। उन्होंने भारत और मॉरिशस के बीच मजबूत और स्थाई संबंधों का उल्लेख भी किया। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने विशेष अतिथि बनने के लिए सहमति व्यक्त की है।
प्रधानमंत्री मोदी की मॉरिशस यात्रा पेरिस और अमरीका की हाल की यात्राओं के बाद हो रही है।
मॉरीशस में 12 मार्च को राष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है। मॉरिशस, ब्रिटेन से 1968 में स्वतंत्र हुआ था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पिछले वर्ष मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल थीं।
————————————–
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा है कि भारत को वैश्विक स्तर तक ले जाने के लिए नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति की परिकल्पना की गई है। नई दिल्ली में दिल्ली विश्वविद्यालय के आज 101वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए श्री प्रधान ने जोर देकर कहा कि देशभर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू करके वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जा सकता है। शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाएं।
आज भारत की 60 परसेंट आबादी युवाओं की है। उसमें से ज्यादातर स्कूल एंड कॉलेज एंड यूनिवर्सिटीज में रहते हैं। प्रधानमंत्री जी की जो आह्वान है हमें अपना कर्तव्य निभाना है, भारत को 2047 तक विकसित भारत में परिवर्तित करना है, तब ये संभव हो पाएगा अगर दिल्ली विश्वविद्यालय के नेतृत्व में हम देश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू कर पाएंगे।
श्री प्रधान ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय में सीखे गए सामाजिक कौशल छात्रों के लिए भविष्य में बहुत लाभकारी होंगे।
भारत को बनाने के लिए, भारत को विश्व स्तर पर ले जाने के लिए माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की परिकल्पना किया है। मैं बधाई देता हूं दिल्ली विश्वविद्यालय के नेतृत्व को, कि आप अग्रसर रहे।
————————————–
पूसा कृषि विज्ञान मेला आज नई दिल्ली में शुरू हुआ। तीन दिवसीय मेले का विषय उन्नत कृषि-विकसित भारत है। केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री चौहान ने कहा कि खेती भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ और जीवन रेखा है। उन्होंने कहा कि सरकार 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए कृषि के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है।
प्रधानमंत्री जी का संकल्प है क्योंकि विकसित भारत विकसित खेती के बिना नहीं बन सकता। किसानों के आगे बढे बिना नहीं बन सकता। उस दिशा में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में अनेको कदम उठाए जा रहे हैं और उसी की यह एक कड़ी है किसान मेला। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद अच्छे बीज, कई फसलों के लिए अच्छे बीज की किस्में तैयार कर रही है।
श्री चौहान ने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य है उत्पादन बढ़ाना। इस वर्ष कृषि विज्ञान मेले का मुख्य आकर्षण भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान द्वारा विकसित अत्याधुनिक किस्मों और प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन करना है।
————————————–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को बिहार के भागलपुर में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त जारी करेंगे। इस योजना के अंतर्गत किसानों को तीन समान किस्तों में वार्षिक छह हजार रुपये दिये जाते हैं।
केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि देशभर के 9 करोड़ 80 लाख से अधिक किसानों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के जरिए 22 हजार करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। श्री चौहान ने कहा कि किसान कल्याण मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
————————————–
गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह पुणे में गृह मंत्रालय की पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। सम्मेलन में महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा राज्यों के मुख्यमंत्री, वरिष्ठ मंत्री, केन्द्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव के, प्रशासक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भाग ले रहे हैं। गृह मंत्री जनता सहकारी बैंक के प्लैटिनम जुबली वर्ष के समापन समारोह में शामिल होंगे।
श्री शाह ने पुणे में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवासीय योजना के दूसरे चरण के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किये। इस अवसर पर दस लाख लाभार्थियों को इस योजना की पहली किस्त भी दी जाएगी।
————————————–
जम्मू-कश्मीर में भारत और पाकिस्तान सेनाओं के प्रतिनिधि फरवरी 2021 के युद्धविराम समझौते को बरकरार रखने और भविष्य की गलतफहमियों को रोकने के उपायों का पता लगाने पर सहमत हुए हैं। नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हाल की झड़पों और आईईडी घटनाओं के बाद तनाव कम करने के लिए दोनों देशों के ब्रिगेड कमांडरों ने पुंछ जिले में एक फ्लैग मीटिंग की। 25 फरवरी, 2021 को नवीनीकृत किए गए युद्धविराम समझौते को बनाए रखने पर सहमति के अलावा, ब्रिगेड कमांडरों ने तनाव कम करने के लिए स्थापित संचार चैनलों का लाभ उठाने पर भी सहमति व्यक्त की। दोनों पक्षों ने सीमा पर शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए संघर्ष विराम समझौते के महत्व पर जोर दिया।
भारतीय और पाकिस्तानी सेना के अधिकारियों के बीच फ्लैग मीटिंग के बाद पुंछ जिले के सीमावर्ती गांवों के निवासियों ने राहत व्यक्त की है।
————————————–
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की। श्रीमती गुप्ता ने कल राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भी मुलाकात की थी।
————————————–
और अब खबरें महाकुंभ से-
26 फरवरी को महाशिव रात्रि को देखते हुए प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में गहन चिकित्सा इकाई- आई.सी.यू. में बिस्तरों की संख्या बढ़ाकर 147 कर दी गई है। हमारे संवाददाता ने बताया है महाकुंभ के दौरान समय पर चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने यह पहल की है।
महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ. संतोष सिंह ने बताया कि एसआरएन अस्पताल में अब 147 आईसीयू बेड हैं जिनकी संख्या 2017 में केवल 52 थी। उन्होंने कहा कि महाकुंभ के दौरान किसी भी आपातकालीन चिकित्सा स्थिति से निपटने में यह अस्पताल बेहद कारगर साबित होगा। इसमें ट्रॉमा केयर और वेंटिलेटर की सुविधा चौबीसों घंटे उपलब्ध है। स्वास्थ्य सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए, ट्रॉमा केयर सेंटर में वेंटिलेटर, मॉनिटरिंग सिस्टम और आपातकालीन चिकित्सा दलों सहित अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध हैं। महाशिवरात्रि पर महाकुंभ में करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। राज्य सरकार किसी भी आपातकालीन चिकित्सा स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारी पूरी कर रही है। आदर्श के साथ अभिषेक कपिल, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
महाकुंभ में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आने के कारण उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने प्रयागराज में 24 फरवरी की हाई स्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा स्थगित कर दी है।
शेष जिलों में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी।
————————————–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘परीक्षा पे चर्चा’ पहल से पूरे भारत में विद्यार्थियों के जीवन में बदलाव आ रहा है।
आकाशवाणी समाचार ने जालंधर में जिन छात्रों से बातचीत की। उनमें से ये वे छात्र हैं जो हाल ही में आयोजित परीक्षा पे चर्चा के 8वें एपिसोड में ऑनलाइन शामिल हुए थे।
मेरा नाम गगनदीप कौर है और मैं दिल्ली पब्लिक स्कूल की छात्रा हूं। परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम देखने और हमारे आदरणीय प्रधानमंत्री जी को सुनने के बाद मैंने अपने मुख्य विषय सामाजिक अध्ययन के संबंधित अपनी समस्याओं से निपटने में भी सक्षम हुई।
मैं प्रधानमंत्री जी के द्वारा स्टार्ट किया गया ये कार्यक्रम जिसके कारण मैं और मुझ जैसे बहुत विद्यार्थी खुद को समझ पाए हैं, अपनी क्षमताओं का मूल्यांकन कर पाए हैं।
————————————–
नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ एकजुट होने और एक स्वस्थ तथा दिल्ली को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से आज सुबह दिल्ली पुलिस स्थापना दिवस समारोह पर एक वॉकथॉन आयोजित किया गया। दिल्ली के पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा, ओलंपिक रजत पदक विजेता रवि कुमार दहिया और अर्जुन पुरस्कार विजेता कुश्ती चैंपियन सरिता मोर ने वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाई। वॉकथॉन कर्तव्य पथ, इंडिया गेट पर आयोजित किया गया था। संवाददाताओं से बातचीत में रवि कुमार दहिया ने सभी से नशे से दूर रहने का आग्रह किया।
मैं दिल्ली पुलिस का बहुत धन्यवाद करना चाहूंगा कि आपकी जो मुहिम है वाकई में काबिले तारीफ है। मैं सबसे यही कहूंगा कि नशे से दूर रहें और नशे से दूर रहना ही सबसे जरूरी चीज है। उसके बाद आपका महत्वपूर्ण आपकी जो भी फील्ड हो उसमें आप बहुत ही अच्छे तरीके से काम कर पाओगे। अगर आप नशे में हो तो चाहे कोई भी फील्ड हो तो आप मतलब डिस्टर्ब रहोगे, आप तंग रहोगे और आपकी वजह से समाज भी दुखी रहेगा।
————————————–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल सुबह 11 बजे आकाशवाणी पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह मासिक रेडियो कार्यक्रम की 119वीं कड़ी होगी। यह कार्यक्रम आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार वेबसाइट और न्यूज ऑन ए.आई.आर. मोबाइल ऐप पर प्रसारित होगा।
————————————–
अमरीका में डोनल्ड ट्रम्प प्रशासन ने देश के सैन्य नेतृत्व में बड़ा बदलाव करते हुए शीर्ष जनरल और नौसेना प्रमुख को बर्खास्त कर दिया है। राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने एक सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में घोषणा की कि वे ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन चार्ल्स क्यू ब्राउन को बर्खास्त कर रहे हैं और वायु सेना के लेफ्टिनेंट जनरल डैन “रेज़िन” केन को उनके स्थान पर नियुक्त कर रहे हैं। मीडिया की खबरों में बताया गया है कि इस कदम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि जनरल केन सेवानिवृत्त हैं और वे चार स्टार वाले जनरल नहीं हैं।
इसके बाद रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने एक बयान जारी कर अमरीका की नौसेना की प्रमुख एडमिरल लिसा फ्रैंचेटी और वायु सेना के उप-प्रमुख जनरल जेम्स स्लिफ़ को बर्खास्त करने की घोषणा की।
————————————–
छठे भारत-जापान संयुक्त सैन्य अभ्यास-धर्म गार्जियन के लिए भारतीय सेना का दल आज रवाना हो गया। दल में 120 सैन्य कार्मिक हैं। यह अभ्यास 24 फरवरी से 9 मार्च तक जापान के पूर्वी फ़ूजी युद्धाभ्यास प्रशिक्षण क्षेत्र में आयोजित किया जाना है। इस अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र अधिदेश के तहत संयुक्त शहरी युद्ध-कौशल और आतंकवाद रोधी अभियान चलाते हुए दोनों सेनाओं के बीच समन्वय को बढ़ाना है।
धर्म गार्जियन एक वार्षिक अभ्यास कार्यक्रम है जो बारी-बारी से भारत और जापान में आयोजित किया जाता है। पिछला अभ्यास 2024 में राजस्थान में आयोजित किया गया था।
————————————–
एथलेटिक्स में, हांग्झो एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता गुलवीर सिंह ने पुरुषों की पांच हजार मीटर की इन्डोर, दौड़ 13 मिनट से भी कम समय में पूरा कर इतिहास रच दिया है। ऐसा करने वाले गुलवीर पहले भारतीय हैं। बोस्टन में बीयू टेरियर डीएमआर चैलेंज में गुलवीर ने आश्चर्यजनक रूप से 12 मिनट 59 दशमलव सात-सात सेकंड में यह दौड़ जीती। ऐसा करके उन्होंने न केवल भारत के लिए एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया, बल्कि सितंबर में जापान के तोक्यो में आयोजित होने वाली विश्व चैम्पियनशिप 2025 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। पिछले सप्ताह, गुलवीर ने पुरुषों की तीन हजार मीटर इन्डोर स्पर्धा में 16 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था।
————————————–
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता के ग्रुप बी के मैच में लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में अब से कुछ ही देर में ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला इंग्लैंड से होने वाला है। भारतीय समयानुसार मैच ढाई बजे शुरू हो रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर इंग्लैंड से बल्लेबाजी करने को कहा है।
————————————–
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अगले महीने मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने इसे अपने देश के लिए बहुत बड़ा सम्मान बताया।
- केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा- नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति भारत को वैश्विक स्तर पर ले जाएगी।
- नई दिल्ली में आज से तीन दिवसीय पूसा कृषि विज्ञान मेला शुरू हुआ। इसमें कृषि क्षेत्र में नवीनतम बीज किस्मों और प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन।
- भारत-पाकिस्तान की सेना जम्मू-कश्मीर में सीमा पर शांति बनाए रखने के लिए 2021 के संघर्ष विराम समझौते का सम्मान करने पर सहमत।
- अमरीका में, डोनाल्ड ट्रम्प प्रशासन ने सैन्य नेतृत्व में बड़े बदलाव के तहत शीर्ष अमरीकी जनरल और नौसेना प्रमुख को बर्खास्त किया।
- एथलेटिक्स में, गुलवीर सिंह ने बोस्टन में बीयू टेरियर डीएमआर चैलेंज में पुरुषों की पांच हजार मीटर इनडोर दौड़ में एशियाई रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रचा। विश्व चैंपियनशिप 2025 के लिए क्वालीफाई किया।
————————————–