Download
Mobile App

android apple
signal

January 24, 2025 3:46 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने वाले एनसीसी कैडेटों, झांकियों में शामिल कलाकार और जनजातीय समुदाय के अतिथियों से मुलाकात करेंगे।

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में युद्धक्षेत्र निगरानी प्रणाली- संजय की शुरुआत की।

  • दिल्‍ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज। विभिन्‍न पार्टियों के नेता प्रचार में जुटे। 

  • अमरीका में संघीय न्यायाधीश ने जन्‍म आधारित नागरिता का अधिकार समाप्‍त करने संबंधी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रम्‍प के आदेश को असवैंधानिक बताते हुए इस पर अस्‍थायी रोक लगाई। 

  • ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस प्रति‍योगिता में नोवाक जोकोविच के चोट के कारण मैच बीच में ही छोड़ने से अलेक्जेंडर ज्वेरेव पुरुष सिंगल्‍स के फाइनल में पहुंचे।

*****************************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने वाले एनसीसी कैडेटों, स्‍वयंसेवियों, कलाकारों तथा जनजातीय समुदाय के अतिथियों से मुलाकात करेंगे। आज प्रधानमंत्री आवास पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें श्री मोदी कलाकारों और एनसीसी कैडेटों के साथ बात करेंगे।

 

 

इस वर्ष के गणतंत्र दिवस समारोह में सांस्‍कृतिक विविधता और सैन्‍य-शक्ति का प्रदर्शन किया जाएगा। समारोह में संविधान की 75वीं वर्षगांठ और जन-भागीदारी की झांकी भी प्रस्‍तुत की जाएगी। परेड में तीन सौ कलाकार देश के विभिन्‍न हिस्‍सों के वाद्य-यंत्रों के साथ सारे जहां से अच्‍छा की प्रस्‍तुति देंगे।

 

 

इस वर्ष विभिन्‍न राज्‍यों और केंद्र सरकार की 31 झांकियों का मुख्‍य विषय होगा-स्‍वर्णिम भारत-विरासत और विकास। गणतंत्र दिवस परेड में भगवान बिरसा की 150वीं जयंती, सरदार वल्‍लभभाई पटेल और मौसम विभाग पर आधारित झांकियां भी शामिल होंगी।

*****************************

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्‍य अतिथि होंगे। गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के लिए वे कल रात नई दिल्ली पहुंचे। चार दिवसीय यात्रा के दौरान श्री सुबियांतो राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।

*****************************

जम्मू-कश्मीर में गणतंत्र दिवस समारोह के लिए समूचे केन्‍द्रशासित प्रदेश में सुरक्षा के व्‍यापक प्रबंध किए गए हैं। मुख्य समारोह जम्मू के मौलाना आज़ाद स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जहाँ उपराज्यपाल मनोज सिन्हा समारोह की अध्यक्षता करेंगे और परेड की सलामी लेंगे।

*****************************

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्‍ली में युद्ध क्षेत्र निगरानी प्रणाली-संजय की शुरूआत की। यह निगरानी प्रणाली युद्ध क्षेत्र की पारदर्शिता में वृद्धि करेगी और इसके अत्‍याधुनिक सेन्‍सर भविष्‍य के युद्धों की बेहतर तस्‍वीर देने में सक्षम होंगे। एक रिपोर्ट –

 

 

यह प्रणाली इस वर्ष मार्च से भारतीय सेना में तीन चरणों में शामिल की जाएगी। इस प्रणाली की मदद से विशाल भूमि सीमाओं की निगरानी करने, आक्रमणों को रोकने और युद्ध की स्थिति का सटीक विश्‍लेषण करने में मदद मिलेगी। रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह प्रणाली खुफिया तंत्र और निगरानी को कई गुना बढ़ा देगी। इसके शामिल होने से भारतीय सेना में डेटा और नेटवर्क संचालन की दिशा में नई शुरूआत होगी। कर्तव्‍य पथ पर गणतंत्र दिवस की परेड में संजय प्रणाली मुख्‍य आकर्षण रहेगी। भूपेन्‍द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्‍णवी।

*****************************

दिल्‍ली विधानसभा चुनाव के मतदान की तिथि नजदीक आने के साथ ही सभी राजनीतिक दलों का प्रचार तेज हो गया है। एक रिपोर्ट

 

 

भाजपा आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के प्रमुख नेता अपने उम्मीदवारों के पक्ष में समर्थन हासिल करने और मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए रैलियां और रोड शो कर रहे हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज शाम पटेल नगर निर्वाचन क्षेत्र के तहत आने वाली बलजीत नगर में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करने वाले हैं| वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर मंगोलपुरी नई दिल्ली और द्वारका  निर्वाचन क्षेत्रों में कई जन सभाएं करेंगे दूसरी और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नजफगढ़, उत्तम नगर और द्वारका निर्वाचन क्षेत्रों में रोड शो करेंगे। इस बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी मादीपुर निर्वाचन क्षेत्र में एक मेगा रैली करने वाले है। पल्लवी परमार आकाशवाणी समाचार नई दिल्ली।

*****************************

मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त राजीव कुमार ने आज बायोमीट्रिक मतदान प्रणाली को अनूठा बताते हुए कहा कि इससे फर्जी मतदान और एक से अधिक बार मतदान करने की घटनाओं में काफी कमी आई है। उन्‍होंने कहा कि यह प्रणाली सुनिश्चित करती है कि केवल सही मतदाता ही मतदान कर रहा है। आज नई दिल्‍ली में निर्वाचन आयोग द्वारा आयोजित दो दिवसीय सम्‍मेलन के दूसरे दिन निर्वाचन प्रबंधन निकायों को संबोधित करते हुए उन्‍होंने यह बात कही।

*****************************

वक्‍फ संशोधन विधेयक 2024 पर संसद की संयुक्‍त समिति की बैठक में आज विपक्ष के दस सांसदों को निलंबित कर दिया गया। सूत्रों ने बताया कि इन सांसदों में तृणमूल कांग्रेस के कल्‍याण बैनर्जी, डीएमके पार्टी के ए. राजा, कांग्रेस के नासिर हुसैन और इमरान मसूद तथा समाजवादी पार्टी के मुहिबुल्‍ला शामिल हैं। बाद में भारतीय जनता पार्टी की सांसद अपराजिता सारंगी ने आरोप लगाया कि श्री कल्‍याण बैनर्जी ने समिति के अध्‍यक्ष जगदम्बिका पाल के खिलाफ असंसदीय भाषा का प्रयोग किया।

*****************************

केन्‍द्रीय सूचना और प्रसारण राज्‍य मंत्री डॉ0 एल मुरूगन ने घोषणा की है कि विश्‍व थिरूकुरल सम्‍मेलन जल्‍दी ही नई दिल्‍ली में आयोजित होगा। आज पुद्दुचेरी विश्‍वविद्यालय में अंतर्राष्‍ट्रीय सम्‍मोहन सम्‍मेलन का उद्घाटन करते हुए डॉ0 मुरूगन ने कहा कि थिरूकुरल की प्रासंगिकता आज भी बरकरार है और यह पुस्‍तक दुनिया की सर्वश्रेष्‍ठ पुस्‍तकों में मानी जाती है।

*****************************

महाराष्ट्र में आज सुबह भंडारा स्थित आयुध निर्माण इकाई में विस्फोट होने से एक व्‍यक्ति की मौत हो गई और सात घायल हो गये। प्रारंभिक सूचना के अनुसार विस्‍फोट के समय आयुध कारखाने में कुल 13 लोग काम कर रहे थे। कारखाने की छत गिरने से एक व्‍यक्ति की मौत हो गई और कई घायल हो गये। महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्री देवेन्‍द्र फडणवीस ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में घायलों के शीघ्र स्‍वस्‍थ होने की कामना की है।

*****************************

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विस्फोट में एक व्‍यक्ति की मौत पर शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट में उन्‍होंने कहा कि बचाव दल घटनास्थल पर तैनात हैं और प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान करने के सभी प्रयास किए जा रहे हैं।

*****************************

मुंबई पुलिस ने 16 जनवरी को हुए हमले के मामले में कल अभिनेता सैफ अली खान का बयान दर्ज किया। 16 जनवरी को एक व्यक्ति ने अभिनेता के घर में घुसकर उनपर कई बार चाकू से वार किया था।

पुलिस को दिए गए अपने बयान में अभिनेता ने बताया कि उन्होंने किसी तरह हमलावर को धक्का देकर एक कमरे में बंद कर दिया, जिसके बाद वे घर के कर्मचारियों और बच्चों के साथ बाहर निकल गए। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

*****************************

अभिनेता सैफ अली खान पर हमला मामले में बांद्रा मजिस्ट्रेट कोर्ट ने आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद को 29 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। अदालत ने कहा कि मामले में काफी प्रगति हुई है, इसलिए अभी अन्य पहलुओं की जांच भी जरूरी है।

*****************************

मुंबई में अंधेरी मजिस्‍ट्रेट कोर्ट ने कल जाने-माने फिल्म निर्माता, राम गोपाल वर्मा को चेक बाउंस मामले में दोषी करार देते हुए, उन्हें तीन महीने की कैद की सजा सुनाई है।

 

अंधेरी मजिस्‍ट्रेट कोर्ट के फैसले के अनुसार राम गोपाल वर्मा को कैद के साथ तीन लाख 72 हजार रुपये का मुआवजा भी देना होगा।

*****************************

जम्‍मू कश्‍मीर में उपराज्‍यपाल मनोज सिन्‍हा ने कहा है कि सरकार जम्‍मू कश्‍मीर के युवाओं को देश का प्रमुख उद्यमी बनाने के लिए कृत-संकल्‍प है। उपराज्‍यपाल ने कहा है कि जम्‍मू कश्‍मीर के युवा प्रमुख उद्यमी के रूप में उभरकर देश की अर्थव्‍यवस्‍था में महत्‍वपूर्ण योगदान कर सकते हैं।

*****************************

बिहार के पूर्व मुख्‍यमंत्री और भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की आज 101 वीं जयंती है। इस अवसर पर बिहार के समस्‍तीपुर में आयोजित एक समारोह में उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि भारत रत्न  कर्पूरी ठाकुर ने कई सुधारात्मक कदम उठाए, जिससे बिहार सामाजिक जागरूकता के नये युग में प्रवेश कर गया।

 

 

37 साल में कर्पूरी ठाकुर जी ने सामाजिक व राजनीतिक कायाकल्‍प का नया इतिहास लिखा। सदियों की जत्‍था को तोड दिया। उन्‍होंने बडी आबादी के लिए संभावनाओं के अपार द्वार खोल दिए। ये वो महापुरूष हैं जिन्‍होंने समता युग की नई शुरूआत की।

 

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भारत रत्‍न कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। श्री मोदी ने कहा कि श्री ठाकुर ने अपना पूरा जीवन सामाजिक न्याय के लिए समर्पित कर दिया।

*****************************

आज राष्‍ट्रीय बालिका दिवस मनाया जा रहा है। यह दिन समाज में बालिकाओं के अधिकार, उनकी शिक्षा, स्‍वास्‍थ्‍य और सुरक्षा के प्रति जागरुकता फैलाने के उद्देश्य से मनाया जाता है। महिला और बाल विकास मंत्रालय की ओर से भारत में पहली बार 2008 में राष्‍ट्रीय बालिका दिवस मनाने की शुरुआत की गई थी। एक रिपोर्ट-

 

 

भारत में हर वर्ष 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया जाता है। यह दिवस बाल विवाह, भ्रूण हत्‍या और लैंगिक असमानता जैसे गंभीर मुद्दों को समाप्त करने की ओर समाज का ध्‍यान आकर्षित करता है। यह हमें याद दिलाता है कि समाज में लैंगिक समानता सुनिश्चित करने और लड़कियों को समान अवसर देने के लिए हम सभी को मिलकर काम करना चाहिए। भारत सरकार ने बालिकाओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं भी शुरू की हैं, जिनमें सुकन्या समृद्धि योजना, बालिका समृद्धि योजना, नंदा देवी कन्या योजना, सीबीएसई उड़ान योजना आदि शामिल हैं। इन्हीं योजनाओं में से एक है- बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान, जिसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने 22 जनवरी 2015 को की थी। इसका उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा, उनके अधिकार और उन्‍हें विकास के सभी अवसर उपलब्‍ध कराना है। राष्‍ट्रीय बालिका दिवस 2025 का विषय है-उज्‍जवल भविष्‍य के लिए बालिकाओं का सशक्तिकरण। समाचार कक्ष से जया भारती।

*****************************

अब खबरें महाकुंभ से

श्रद्धालुओं की अत्‍यधिक भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने चिकित्सा सेवा के लिए भी व्‍यापक प्रबंध किए हैं। प्रयागराज मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी रेलवे स्टेशन परिसर में श्रद्धालुओं को चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने की व्यवस्था की गई है। चिकित्सा के किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए भी रेलवे पूरी तरह तैयार है।

 

 

आकाशवाणी समाचार से बातचीत में उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि महाकुंभ 2025 के दौरान 29 तारीख को आने वाले मौनी अमावस्या पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए मेडिकल टीम और पैरामेडिकल स्टाफ पूरी तरह से सक्रिय रहेंगे उन्होंने बताया कि प्रयागराज जंक्शन और आठ अन्य रेलवे स्टेशनों पर चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ से लेस कुल 34 मेडिकल बूथ संचालित है। बाइट-शशिकांत त्रिपाठी, उन्‍होंने यह भी बताया कि किसी भी आपात चिकित्‍सा की स्थिति से निपटने के लिए प्रयागराज जंक्शन, नैनी, सूबेदारगंज और प्रयाग स्टेशन सहित पांच स्टेशनों पर ऑब्जरवेशन रूम बनाए गए हैं बाइट-शशिकांत त्रिपाठी, इन व्यवस्थाओं के अलावा रेलवे परिसर में एंबुलेंस भी तैनात किए गए हैं। आनंद कुमार आकाशवाणी समाचार प्रयागराज

*****************************

अमरीका में एक संघीय न्‍यायाधीश ने कल राष्‍ट्रपति डोनल्‍ड ट्रंप के उस कार्यकारी आदेश पर अस्‍थाई रोक लगा दी है, जिसमें देश में अवैध रूप से या अस्‍थाई वीजा के आधार पर रह रहे लोगों के बच्‍चों को अमरीकी नागरिकता से वंचित कर दिया गया था। अमरीका के जिला न्‍यायाधीश जॉन कोहेनर ने इस आदेश को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर पहली सुनवाई के दौरान आदेश को घोर असंवैधानिक बताते हुए इसके अमल पर 14 दिन की अस्‍थाई रोक लगा दी।

*****************************

युवा कार्य और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने आज नई दिल्ली में पहले खो खो विश्व कप में ऐतिहासिक जीत के लिए भारतीय पुरुष और महिला खो खो टीमों को बधाई दी। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए श्रीमती खडसे ने पुरुष और महिला टीम को बधाई देते हुए कहा कि ये देश के पारंपरिक खेल की जीत है।

 

 

हमारे कंट्री का भी अगर ये खो-खो पारंपरिक हमारा गेम है, आज ओलंपिक में जाता है, तो हमारे लिए भी बहत गर्व की बात है। हमारे पूरी दुनिया इस खेल को समझेगी, इस खेल को देखेगी।  

*****************************

ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट में, सर्बिया के नोवाक जोकोविच के मैच से हटने के बाद जर्मनी के अलेक्जेंडर ज़्वेरेव ने पुरुष सिंगल्स के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। सातवीं वरीयता प्राप्‍त नोवाक जोकोविच ने आज मेलबर्न में अपने सेमीफाइनल मैच के दौरान चोट के कारण मैच से हटने का फैसला लिया।

*****************************

मुख्य समाचार एक बार फिर:-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने वाले एनसीसी कैडेटों, झांकियों में शामिल कलाकार और जनजातीय समुदाय के अतिथियों से मुलाकात करेंगे।

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में युद्धक्षेत्र निगरानी प्रणाली- संजय की शुरुआत की।

  • दिल्‍ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज। विभिन्‍न पार्टियों के नेता प्रचार में जुटे। 

  • अमरीका में संघीय न्यायाधीश ने जन्‍म आधारित नागरिता का अधिकार समाप्‍त करने संबंधी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रम्‍प के आदेश को असवैंधानिक बताते हुए इस पर अस्‍थायी रोक लगाई।

     

  • ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस प्रति‍योगिता में नोवाक जोकोविच के चोट के कारण मैच से हटने बाद अलेक्जेंडर ज्वेरेव पुरुष सिंगल्‍स के फाइनल में पहुंचे।

*****************************