मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर में सोनमर्ग सुरंग का उद्घाटन किया; इस परियोजना से क्षेत्र में पर्यटन और हर मौसम में संपर्क सुविधा को बढ़ावा मिलेगा।
- सेना प्रमुख ने कहा – उत्तरी सीमाओं पर स्थिति संवेदनशील लेकिन स्थिर। सेना किसी भी प्रतिकूल स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार।
- महाकुंभ के शुरू होने पर प्रयागराज में त्रिवेणी संगम के विभिन्न घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने अमृत स्नान किया।
- उत्तर-पश्चिम भारत में शीतलहर जारी। न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना, घने कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली रेल सेवाएं प्रभावित।
- और, खो-खो विश्व कप 2025 आज शाम नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में शुरू होगा।
———————————-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कश्मीर के गांदरबल जिले में प्रतिष्ठित सोनमर्ग सुरंग का उद्घाटन किया और इसे राष्ट्र को समर्पित किया। प्रधानमंत्री इस समय सोनमर्ग में एक जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। आइए सुनते हैं–
इससे पहले, केंद्रीय परविहन और राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि पर्यटन के साथ जम्मू-कश्मीर में स्थानीय आजीविका को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कों से देश सम्पन्न होगा।
प्रधानमंत्री ने सुरंग के भीतर जाकर इस परियोजना का निरीक्षण भी किया। सोनमर्ग सुरंग से गांदरबल जिले में गगनगीर और सोनमर्ग के बीच यात्रा समय घटकर मात्र 20-25 मिनट रह जाएगा। इस परियोजना से क्षेत्र में पर्यटन और हर मौसमों में संपर्क सुविधा को बढ़ावा मिलेगा।
———————————-
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा है कि देश की उत्तरी सीमा पर स्थिति संवेदनशील लेकिन स्थिर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सेना किसी भी प्रतिकूल स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और सीमावर्ती क्षेत्रों में मजबूत बुनियादी ढांचे का निर्माण भारतीय सेना की प्राथमिकता है।
आज नई दिल्ली में भारतीय सेना की वार्षिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जनरल द्विवेदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में स्थिति नियंत्रण में है और राज्य में पर्यटन बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष मारे गए कुल आतंकवादियों में से 60 प्रतिशत पाकिस्तान मूल के थे। श्री द्विवेदी कहा कि इस क्षेत्र में हिंसा की घटनाओं में काफी कमी आई है और जम्मू-कश्मीर के लोग शांति चाहते हैं।
———————————-
दिल्ली उच्च न्यायालय ने आज आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार से शराब घोटाले पर, नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक-सीएजी की रिपोर्ट विधानसभा अध्यक्ष को सौंपने में देरी के लिए सवाल किया है। इस घोटाले के कारण दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया था।
———————————-
दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के इस आरोप को खारिज कर दिया है कि हाल ही में दिल्ली विकास प्राधिकरण-डीडीए की बैठक के दौरान शकूर बस्ती इलाके के भूमि उपयोग में बदलाव किया गया है।
श्री सक्सेना ने कहा कि डीडीए की बैठक के दौरान आप के दो विधायक मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया कि आप नेता जानबूझकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने उनसे आग्रह किया कि वे इस तरह के बयान देना बंद करें अन्यथा डीडीए उनके खिलाफ कार्रवाई करेगा।
डीडीए ने न तो इस बस्ती का लैंड यूज चेंज किया है और न ही डीडीए ने कोई इविएक्शन अथवा डेमोलेशन नोटिस दिया है। श्री केजरीवाल जानबूझकर कोरा झूठ बोल रहे हैं और लोगों को गुमराह कर रहे हैं। 27 दिसम्बर की मीटिंग में जिस रेलवे की ज़मीन का ट्रांसपोटेशन से रिजेंशियल में लैंड यूज चेंज करने का चर्चा हुई थी वह रेलवे की दूसरी खाली ज़मीन है। जिस पर कोई भी झुग्गी नहीं है।
इस बीच, दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया तेज हो गई है। विभिन्न दलों के प्रमुख नेताओं ने मतदाताओं को लुभाने के लिए मैदान में उतरना शुरू कर दिया है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
दिल्ली चुनाव में अपने मुद्दों को जनता के बीच पहुंचाने के लिए तीनों ही प्रमुख पार्टियां भाजपा, आम आदमी और कांग्रेस हर दिन एक के बाद एक प्रेस कांफ्रेंस कर एक-दूसरे पर हमलावर हैं। इस बीच, सोशल मीडिया भी चुनावी अखाड़े में बदल चुका है, जहां सत्ताधारी आम आदमी पार्टी और विपक्षी भाजपा मीम्स पोस्टर और क्रिएटिव वीडियो के माध्यम से एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं। मुख्यमंत्री रहते अरविंद केजरीवाल द्वारा अपने आवास पर सुविधाओं के लिए कथित तौर पर बड़ी राशि खर्च करने, आम आदमी पार्टी द्वारा पूर्वांचलियों का अपमान और कथित शराब घोटाले जैसे मुद्दों पर भाजपा, आम आदमी पार्टी को घेरने में लगी है। वहीं सत्ताधारी आम आदमी पार्टी अपने मीम्स और क्रिएटिव वीडियो द्वारा भाजपा से उनके मुख्यमंत्री के चेहरे, पार्टी नेताओं द्वारा कथित तौर पर अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल और राजधानी में फर्जी वोटर जैसे विषय पर विपक्षी पार्टी से सवाल कर रही है। दिवाकर आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज शाम सीलमपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। दिल्ली भाजपा इकाई के नेता और आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेता भी अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए अलग-अलग इलाकों में प्रचार कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी आज अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी।
———————————-
दिल्ली की मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर. एलिस वाज ने आज कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी मतदान केंद्रों की लाइव निगरानी की जाएगी। नई दिल्ली में उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।
दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए मतदान पांच फरवरी को और मतगणना अगले महीने की 8 फरवरी को होगी।
———————————-
विश्व का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम महाकुंभ आज पौष पूर्णिमा के अवसर पर प्रयागराज में अमृत स्नान के साथ शुरू हो गया। लाखों श्रद्धालु, तीर्थयात्री और आगंतुक गंगा, यमुना और सरस्वती नदियों के संगम त्रिवेणी के विभिन्न घाटों पर पवित्र डुबकी लगा रहे हैं।
———————————-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाकुंभ के शुभारंभ पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री ने इसे भारतीय मूल्यों और संस्कृति को संजोने वाले करोड़ों लोगों के लिए एक विशेष दिन बताया।
———————————-
और अब चलते हैं प्रयागराज में मौजूद हमारे संवाददाता आंनद कुमार के पास –
महाकुंभ में आज पौष-पूर्णिमा पर पहला अमृत स्नान है। संगम तट पहुंच रहे श्रृद्धालुओं में कैसा उत्साह देखने को मिल रहा है।
पौष पूर्णिमा के पावन अवसर पर आज महाकुंभ के पहले दिन संगम के तट पर बनाए गए विभिन्न घाटों पर पवित्र स्नान के लिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। अमृत स्नान का यह क्रम लगातार जारी है। प्रयागराज में देश के कोने-कोने से तो श्रद्धालु और तीर्थयात्री पहुंच ही रहे हैं, वहीं विदेशी पर्यटक भी विश्व के इस सबसे बड़े अध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम में देखे जा रहे हैं। वहीं श्रद्धालुओं के उत्साह की बात करें तो इस महाकुंभ को लेकर वे काफी उत्साहित हैं। इसमें हर उम्र के लोग देखे जा रहे हैं। चाहे वो महिला हो, युवा हो, या बुजुर्ग हों सभी प्रफुल्लित और उत्सहित नजर आ रहे हैं।
श्रृद्धालुओं की सुवधिा के लिए विभिन्न स्नान घाटों पर क्या व्यवस्थाएं की गई हैं ?
अगर घाटों पर व्यवस्था की बात करें, तो श्रद्धालुओं के लिए हर रास्ते पर साइनऐज बनाए गए हैं, ताकि उन्हें घाटों पर पहुंचने में दिक्कत न हो। इसके लिए चैंजिंग रूम, पेय जल के वॉटर एटीएम तथा श्रद्धालुओं की सहायता के लिए पुलिस बूथ भी बनाए गए हैं। इसके अलावा घाटों पर बेरिगेटिंग भी की गई ताकि स्नान के दौरान लोग गहरे पानी में न जा सकें।
———————————-
उत्तर प्रदेश के डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहा है कि इस भव्य आयोजन में शामिल होने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
हम लोगों ने जो पारंपरिक पुलिस व्यवस्थाएं हैं उसके अतिरिक्त अधिक से अधिक तकनीक का प्रयोग करके बेहतर व्यवस्थाएं यहां के श्रद्धालुओं को दी हैं। आज वहां पुष्प वर्षा भी होगी। हमारे माउंटेड पुलिस के लोग लगातार भ्रमण कर रहे हैं। हम ड्रोन्स के द्वारा तथा सीसीटीवी के द्वारा सभी जगहों पर क्राउड मैनेजमेंट, ट्रैफिक मैनेजमेंट कर रहे हैं।
———————————-
फसलों का त्योहार आज विशेष रूप से उत्तर भारत के राज्यों पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, जम्मू और चंडीगढ़ में मनाया जा रहा है। पंजाब में खुशियों और भाईचारे का त्यौहार लोहड़ी हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। देश के अन्य भागों की तरह यहां भी अग्नि जलाने और मानव जाति की खुशहाली और समृद्धि की प्रार्थना करने की रस्मों के साथ त्यौहार मनाया जाएगा। एक रिपोर्ट –
सुंदर मुद्रिए हो, तेरा कौन विचारा हो, दुल्हा पट्टी वाला हो, यह प्रसिद्ध दुल्हा-भट्टी को वो गीत जिसमें सभी लोग गाते हैं जो एक-दूसरे के घर लोहड़ी मांगने जाते हैं। चाहे वे किसी भी उम्र के हों या गीत स्वभाविक रूप से उनके मुख से निकलता है। शाम को घर पर पूजा करने के बाद लोहड़ी जलाई जाएगी और सभी लोग पड़ोसियों के साथ इकट्ठे बैठकर त्योहार मनाएंगे। यह त्योहार नवविवाहितों और नवजात शिशुओं के माता-पिता के लिए और भी ज्यादा खुशनुमा हो जाता है। यह एक प्रतिकात्मक कार्यक्रम है, जो एक बेटी के जन्म का सम्मान करता है और उन्हें समाज में सम्मान और गर्व के साथ अपना जीवन व्यतीत करने के लिए उत्साहित करता है। राजेश बाली, आकाशवाणी समाचार जलंधर।
———————————-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और गृहमंत्री अमित शाह ने लोहड़ी, मकर संक्रांति, पोंगल और माघ बिहू त्योहारों के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
———————————-
असम में आज माघ बिहू का त्योहार मनाया जा रहा है। इसे भोगली बिहू और माघोर दोमाही के नाम से भी जाना जाता है।
———————————-
गुजरात का अंतर्राष्ट्रीय पतंग महोत्सव शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने 11 जनवरी को अहमदाबाद में साबरमती रिवरफ्रंट पर पतंग उड़ाकर इस महोत्सव का उद्घाटन किया। “सावधानी और बचाव” की थीम पर आधारित इस महोत्सव में 47 देशों के 143 पतंगबाजों के साथ-साथ भारत के 11 राज्यों के 52 प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं।
———————————-
खो-खो विश्व कप 2025 आज नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में शुरू होगा। एक रिपोर्ट-
खो-खो विश्व कप की शुरुआत आज शाम उद्घाटन समारोह से होगी। पहला मुकाबला भारत और नेपाल के बीच रात साढ़े आठ बजे से शुरू होगा। इस वर्ल्ड कप के लिए खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया ने पुरुष और महिला वर्ग के लिए 15-15 सदस्यों की टीम चुनी है। पुरुष टीम से प्रतीक वायकर को कप्तान बनाया गया है, तो वहीं महिला टीम की कमान प्रियंका इंगले के हाथों में है। पुरुष भारतीय टीम को ग्रुप-ए में शामिल किया गया है। जिसमें नेपाल, भूटान, पेरू और ब्राजील की टीमें मौजूद हैं। वहीं, महिला टीम की बात करें तो उसमें भी भारत ए ग्रुप में है। उसके साथ-साथ मलेशिया, ईरान और कोरिया को इस ग्रुप में रखा गया है। सभी टीम में एक दूसरे से ग्रुप स्टेज की मैच खेलेंगे। उसके बाद 17 जनवरी को क्वार्टर फाइनल, 18 जनवरी को सेमीफाइनल और 19 को फाइनल मुकाबला होगा। अभिषेक कपिल, आकाशवाणी समाचार, नई दिल्ली
इस मैच का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स टीवी चैनल पर किया जायेगा।
———————————-
महिला हॉकी इंडिया लीग में आज श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स का मुकाबला जे एस डब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब से आज रांची में होगा। मैच शाम छह बजे शुरू होगा। महिला हॉकी इंडिया लीग की शुरुआत रांची में एक शानदार समारोह के साथ हुई।
———————————-
मौसम विभाग ने आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान लगाया है। अगले दो से तीन दिनों तक राजस्थान, बिहार, उत्तराखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में भी इसी तरह की स्थिति रहने की उम्मीद है।
———————————-
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में घने कोहरे से दृश्यता कम होने के कारण कई रेलगाडि़यां देरी से चल रही हैं। रेलवे के अनुसार, दिल्ली आने वाली 12 ट्रेनें दो घंटे देरी से चल रही हैं।
———————————-
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर में सोनमर्ग सुरंग का उद्घाटन किया; इस परियोजना से क्षेत्र में पर्यटन और हर मौसम में संपर्क सुविधा को बढ़ावा मिलेगा।
- सेना प्रमुख ने कहा – उत्तरी सीमाओं पर स्थिति संवेदनशील लेकिन स्थिर। सेना किसी भी प्रतिकूल स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार।
- महाकुंभ के शुरू होने पर प्रयागराज में त्रिवेणी संगम के विभिन्न घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने अमृत स्नान किया।
- उत्तर-पश्चिम भारत में शीतलहर जारी। न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना, घने कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली रेल सेवाएं प्रभावित।
- और, खो-खो विश्व कप 2025 आज शाम नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में शुरू होगा।
———————————-