मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डोमिनिका के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
- झारखंड और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरो पर। विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता रैलियां और रोड शो कर रहे हैं।
- श्रीलंका में संसदीय चुनाव के लिए मतदान जारी।
- 43वां भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला नई दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू।
- बिहार में एशियन महिला हॉकी चैम्पियनशिप में आज शाम भारत का मुकाबला थाईलैंड से होगा।
*****
डोमिनिका ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपने सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान से अलंकृत करने की घोषणा की है। कोविड महामारी के दौरान डोमिनिका को राहत उपलब्ध कराने और दोनों देशों की साझेदारी मजबूत करने में योगदान के लिए प्रधानमंत्री मोदी को डोमिनिका अवॉर्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। एक रिपोर्ट –
डोमिनिका की राष्ट्रपति सिलवेनी बर्टन गयाना में इस महीने की 19 से 21 तारीख तक आयोजित होने वाले कैरिबियाई समुदाय और साझा बाज़ार शिखर सम्मेलन में यह सम्मान प्रदान करेंगी। डोमिनिका के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार भारत ने कोविड महामारी के दौरान डोमिनिका को एस्ट्राज़ेनेका कोविड वैक्सीन की 70 हजार डोज़ की आपूर्ति की थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा और सूचना प्रौद्योगिकी में डोमिनिका की सहायता की है। डोमिनिका में जलवायु समायोजी भवन निर्माण और सतत विकास को बढ़ावा देने में भी प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। डोमिनिका के प्रधानमंत्री रूजवेल्ट स्केरिट ने कहा कि यह सम्मान डोमिनिका के साथ प्रधानमंत्री मोदी की एकजुटता के प्रति कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है और यह सम्मान प्रदान करना डोमिनिका के लिए गौरव की बात है। भूपेन्द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं आशा निवेदी।
इस सम्मान की स्वीकृति में प्रधानमंत्री मोदी ने जलवायु परिवर्तन और भू-राजनीतिक संघर्ष की वैश्विक चुनौतियों से निपटने में सहयोग पर बल दिया। उन्होंने डोमिनिका और कैरिबियाई लोगों के लिए काम करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।
*****
झारखंड में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण और महाराष्ट्र में एक ही चरण में होने वाले मतदान के लिए प्रचार तेज हो गया है।
*****
झारखंड में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए और इंडिया दोनों गठबंधनों के नेता मतददाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में सभा और रैलियां कर रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने गिरिडीह में जनसभा को संबोधित किया। बाद में उनका गांडेय और बोकारो में तीन चुनावी सभाओं को संबोधित करने का कार्यक्रम है। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ धनबाद, बोकारो और बेरमो में चुनावी रैली को संबोधित किया। झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सारठ, दुमका और बोकारो में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। राजद, आजसू और वामपंथी दलों के नेता भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में चुनाव प्रचार करेंगे। दूसरे चरण का मतदान इस महीने की 20 तारीख को होगा।
*****
भाजपा के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने धनबाद में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा सरकार ने राज्य में घुसपैठियों को आने दिया।
ये कांग्रेस नेतृत्व की चाहे वो झारखंड मुक्ति मोर्चा हो, चाहे आरजेडी हो, ये सबके सब लूट-खसोट करने के लिए आए है। ये भ्रष्टाचार फैलाने वालों के लिए राजनीति में कोई जगह नहीं होनी चाहिए। यही आगाज करने के लिए आज मैं आपके पास आया हूं।
वहीं, दूसरी ओर झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देवघर के सारठ में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया।
जिस तरीके से हम लोगों ने इस बार महागठबंधन बन करके एक मजबूत एलाइंस बना करके जो कार्य योजना तैयार किया है। इस बार से भारतीय जनता पार्टी को जड़ से उखाड़ देने का हम लोगों ने संकल्प लिया है।
*****
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार तेज होने के साथ ही राज्य में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। हमारी संवाददाता ने बताया है कि सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता अपने उम्मीदवारों के समर्थन में विभिन्न स्थानों पर चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
काँग्रेस नेता राहुल गांधी ने आदिवासी बहुल नंदुरबार जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा और आरएसएस पर ‘वनवासी’ शब्द के इस्तेमाल को लेकर हमला बोला। राहुल गांधी ने आज नांदेड़ में एक और रैली को संबोधित करने वाले है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज महाराष्ट्र में तीन रैलियों को संबोधित करेंगे, जबकि उपमुख्यमंत्री और एनसीपी नेता अजित पवार निफाड, दिंडोरी, सिन्नर और कोपरगांव में रैलियां करेंगे। एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार पुणे जिले में प्रचार कर रहे हैं, जबकि शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे नेवासा और छत्रपति संभाजी नगर में रैलियां करेंगे। अंकिता आपटे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
झारखंड और महाराष्ट्र दोनों राज्यों में मतगणना 23 नवम्बर को होगी।
*****
निर्वाचन क्षेत्र प्रोफ़ाइल की हमारी श्रृंखला में, आइए अब जानते हैं महाराष्ट्र की नांदेड़ जिले के भोकर विधानसभा क्षेत्र के बारे में। यह चुनाव हाल में भाजपा में शामिल हुए अशोक चव्हाण के लिए एक महत्वपूर्ण परीक्षा हो सकती है, उनकी बेटी श्रीजया चव्हाण भाजपा उम्मीदवार के रूप में इस सीट से मैदान में हैं। एक रिपोर्ट –
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण की बेटी श्रीजया चव्हाण भोकर से राजनीति की शुरुआत कर रही हैं । भोकर, श्रीजया के दादा शंकर राव चव्हाण के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान से चव्हाण परिवार का पारंपरिक गढ़ रहा है। अब, हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद, अशोक चव्हाण अपनी बेटी श्रीजया की उम्मीदवारी के माध्यम से एक महत्वपूर्ण परीक्षा का सामना कर रहे है। कांग्रेस ने तिरूपति पाटिल कोंडेकर को मैदान में उतारा है, जबकि वंचित बहुजन अघाड़ी ने रमेश राठौड़ को उम्मीदवार बनाया है। भोकर निर्वाचन क्षेत्र में राज्य मे सबसे जादा 140 उम्मीदवार चुनावी मैदान मे है। समरजीत ठाकुर, आकाशवाणी समाचार, संभाजी नगर।
*****
श्रीलंका में नई संसद के लिए 13 हजार चार सौ 21 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जा रहे हैं। इस चुनाव में एक करोड़ 70 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस बार संसदीय चुनाव में कुल आठ हजार आठ सौ उम्मीदवार मैदान में हैं।
राष्ट्रपति चुनाव के कुछ ही सप्ताह बाद श्रीलंका के मतदाता आज भी राष्ट्र में दसवीं संसद का चुनाव करने के लिए मतदान कर रहे हैं। दोपहर 1 बजे तक विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान 30 से 50 प्रतिशत तक रहा। शुरुआती मतदाताओं में राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका, प्रधानमंत्री डॉक्टर हरिनी अमरसूर्या, पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमासिंघा और एस जे बी सजीत प्रेमदासा शामिल थे। चुनाव अब तक शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ा है और किसी भी घटना की सूचना नहीं मिली है। मतदान समाप्त होने के बाद शाम सवा चार बजे मतगणना करना शुरू की जाएगी। अहमद मोईन फारूखी आकाशवाणी समाचार कोलंबो।
*****
अमरीका में माइक जॉनसन संसद के निचले सदन, प्रतिनिधिसभा के अध्यक्ष पद चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार होंगे। अमरीकी राष्ट्रपति चुने गये डोनाल्ड ट्रंप ने रिपब्लिकन सदस्यों की एक बैठक में उनकी उम्मीदवारी का समर्थन किया था। लुसियाना से रिपब्लिकन सांसद को अध्यक्ष पद के लिए जनवरी के शुरू में 435 सदस्यों के सदन में बहुमत का समर्थन हासिल करना होगा।
*****
43वां भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला नई दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू हो गया है। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने 14 दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम का उद्धाटन किया। इस वर्ष मेले का विषय है- विकसित भारत ऐट-2047. इस वर्ष झारखंड राज्य पर विशेष फोकस रहेगा जबकि बिहार और उत्तर प्रदेश भागीदार राज्य इस कार्यक्रम में विभिन्न देश हिस्सा लेंगे। इस वर्ष 11 देश अंतर्राष्ट्रीय मेले में हिस्सा ले रहे हैं। इनमें चीन, मिस्र, ईरान, दक्षिण कोरिया, थाईलैंड, तुर्किए और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं। यह मेला आज से पहले पांच दिन तक व्यापारियों के लिए खुला रहेगा। 18 नवंबर से 27 नवंबर तक यह आम जनता के लिए खुला रहेगा।
मेले का उद्घाटन करते हुए पीयूष गोयल ने इस तरह के आयोजन वर्ष में दो बार करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार भारत व्यापार प्रोत्साहन संगठन का विस्तार करने और इसे अखिल भारतीय संगठन बनाने पर विचार कर रही है।
मेले की अधिक जानकारी के लिए हम आपको व्यापार मेले में चलते हैं, जहां हमारे संवाददाता सकलेन अख्तर मौजूद हैं।
इस मेले में कोयला और खान मंत्री जी किशन रेड्डी ने खान मंत्रालय के पवेलियन का उद्धाटन किया। संवाददाताओं से बात करते हुए श्री रेड्डी ने मिनरल्स से माइल्स्टोन नामक प्रदर्शनी के महत्व पर प्रकाश डाला।
आकाशवाणी से विशेष बातचीत में आईटीपीओ महाप्रबंधक शंकर नंद भारती ने कहा कि इस वर्ष के मेले का विषय विकसित भारत ऐट-2047 और झारखंड पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
इस बार हम पिछले बार के मेले की तुलना में अधिक क्षेत्रफल में इसको आयोजित कर रहे हैं। इस व्यापार मेले में बिहार और उत्तर प्रदेश पार्टनर स्टेट के तौर पर है। साथ ही झारखंड फोकस स्टेट के तौर पर आ रहा है। इन स्टेट्स के अलावा 33 अलग-अलग स्टेट्स और यूनियन टेरेटरी, 49 भारत सरकार के डिपार्टमेंट हो या पीएचयूज हो, वो भी पार्टिशिपेट्स कर रहे हैं और 11 विदेशी कंट्रीज का पार्टिशिपेशन है।
*****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल बिहार के जमुई जाएंगे जहां वो जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित समारोह में भाग लेंगे। इस आयोजन के साथ ही भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष समारोह की शुरुआत हो जाएगी। श्री मोदी भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान में एक स्मारक सिक्का और डाक टिकट का अनावरण भी करेंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर आदिवासी समुदायों के उत्थान और क्षेत्र के ग्रामीण तथा दूरदराज इलाकों में बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए छह हजार छह सौ 40 करोड़ रुपये से अधिक राशि की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
*****
जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ जिला प्रशासन कल ऐतिहासिक चौगांव मैदान में विशाल जनजातीय उत्सव का आयोजन कर रहा है। यह उत्सव जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में मनाया जायेगा।
*****
सूचना और प्रसारण मंत्रालय के वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार रवीन्द्र कुमार जेना ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को सामूहिक स्वच्छता शपथ दिलाई। इस दौरान आकाशवाणी की महानिदेशक डॉक्टर प्रज्ञा पालीवाल गौड़, अतिरिक्त महानिदेशक एल. मधु नाग और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने नई दिल्ली के आकाशवाणी भवन में स्वच्छता शपथ ली।
*****
राजस्थान पुलिस ने आज देउली उनियारा सीट से विधानसभा उप-चुनाव के निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर कल समरावता गांव में मतदान के दौरान उप-संभागीय अधिकारी पर हमले का आरोप है।
*****
दिल्ली-एनसीआर में आज तीसरे पहर वायु गुणवत्ता सूचकांक 424 पर पहुंच गया। शहर के कुछ हिस्सों में वायु गुणवत्ता की स्थिति सबसे खराब रही।
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने नई दिल्ली में समीक्षा बैठक के दौरान प्रदूषण के स्तर पर चिन्ता प्रकट की। उन्होंने बताया कि शहर में ग्रैप-3 के प्रतिबंध फिलहाल लागू नहीं किए जाएंगे।
दिल्ली के ऊपर एक लेयर बनी है स्मॉग की और उसकी वजह से जो प्रदूषण के कण है वायुमंडल में। स्पर्श होने की वजह से सतह की तरह बने हुए है। लेकिन आज से हवा की गति में सुधार होने का अनुमान है।
इस बीच, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी पर शहर में प्रदूषण स्तर बढाने का आरोप लगाया है। श्री सचदेवा ने कहा कि दिल्ली सरकार ने पिछले दस वर्ष में एक भी पर्यावरणीय योजना प्रस्तुत नहीं की है।
दिल्ली की स्थिति बद से बदतर इसलिए हो रही है दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार न कभी भी ठोस नीति से काम नहीं किया है। इनके पास कोई नीति है ही नहीं। पिछले 10 सालों में एक भी एनवॉयरमेंट प्लान पेश नहीं किया दिल्ली की जनता के सामने और दिल्ली में आज जो पोलूशन की स्थिति है ये एक दिन की प्रोब्लम नहीं ये 12 महीने की प्रोब्लम है।
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने भी आम आदमी पार्टी पर शहर की वायु गुणवत्ता खराब स्तर तक पहुंचाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अब तक हुई बैठकें किसी तरह काम की साबित नहीं हुईं।
*****
बिहार के राजगीर में एशियन महिला हॉकी चैम्पियनशिप में वर्तमान चैम्पियन भारत का मुकाबला आज अपने तीसरे मैच में थाईलैण्ड से होगा। मैच शाम चार बजकर 45 मिनट से खेला जाएगा। भारत ने पहले मैच में मलेशिया को चार-शून्य से हराया था और दूसरे मैच में दक्षिण कोरिया पर तीन-शून्य से जीत हासिल की थी। आज के अन्य मैचों में जापान का चीन से मुकाबला लगभग इसी समय शुरू हो रहा है।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू को उनकी जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री का स्मरण किया।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डोमिनिका के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
- झारखंड और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरो पर। विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता रैलियां और रोड शो कर रहे हैं।
- श्रीलंका में संसदीय चुनाव के लिए मतदान जारी।
- 43वां भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला नई दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू।
- बिहार में एशियन महिला हॉकी चैम्पियनशिप में आज शाम भारत का मुकाबला थाईलैंड से होगा।
*****