युवा सहभागिता का मंच ‘मेरा युवा भारत‘ शहीद दिवस के उपलक्ष्य में आज राष्ट्रव्यापी पदयात्रा का आयोजन करेगा। यह पहल ‘मेरा भारत, मेरी जिम्मेदारी’ विषय पर आधारित है। इस पदयात्रा के जरिए भारत के युवा स्वतंत्रता सेनानियों – भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा, आदर्शवाद और आकांक्षाओं को जिम्मेदार नागरिकता की ओर प्रेरित करना है।
यह पदयात्रा देश के सभी 763 जिलों में आयोजित की जाएगी। हरियाणा के फरीदाबाद में एक प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें 10 हजार से अधिक युवा भाग लेंगे। इस अवसर पर युवा कार्यक्रम और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे और हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम भी उपस्थित रहेंगे।