जनवरी 20, 2025 7:22 अपराह्न

printer

राष्ट्र निर्माण और समृद्धि में युवाओं की है महत्‍वपूर्ण भूमिकाः राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि युवाओं की राष्ट्र निर्माण और समृद्धि में महत्‍वपूर्ण भूमिका होती हैं। दिल्ली में राष्‍ट्रीय कैडेट कोर- एनसीसी के गणतंत्र दिवस शिविर का दौरा करने के बाद कैडेटों को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि भारत की संस्कृति 140 करोड़ लोगों की एकता के सूत्र में बंधी हुई है और प्रत्येक व्यक्ति का विकास समाज की प्रगति को दर्शाता है।

 

रक्षा मंत्री ने लोगों से अपने जीवन में अनुशासन, एकता और राष्ट्रीय अखंडता को प्राथमिकता देने का भी आग्रह किया। उन्‍होंने कहा कि ये मूल्‍य विकास के पथ पर बढने वाले देश की आधारशिला होते हैं।

 

    रक्षा मंत्री ने इस लक्ष्य को हासिल करने में एनसीसी की भूमिका पर कहा कि कैडेट नेतृत्व, अनुशासन, महत्वाकांक्षा और देशभक्ति के गुणों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देते हैं।

 

उन्होंने कहा कि यह संगठन भारत की छवि का प्रतिबिम्‍ब है, विविधता में एकता को दर्शाता है और कैडेट यहां जो जीवन मूल्य सीखते हैं, वे हमेशा उनके साथ रहेंगे।

 

श्री सिंह ने कैडेटों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए रक्षा मंत्री पदक और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया।