विश्व स्वास्थ्य संगठन-डब्ल्यूएचओ ने पारंपरिक चिकित्सा, विशेष रूप से आयुष प्रणालियों के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता-एआई को एकीकृत करने में भारत के अग्रणी प्रयासों को मान्यता दी है। आयुष मंत्रालय ने डब्ल्यूएचओ के ऐतिहासिक तकनीकी संक्षिप्त विवरण, “पारंपरिक चिकित्सा में एआई के अनुप्रयोग का मानचित्रण” में इस उल्लेख का स्वागत किया और इसे भारत की प्राचीन स्वास्थ्य सेवा प्रणालियों के लिए एक मील का पत्थर बताया। यह मान्यता भारत के उस प्रस्ताव के बाद मिली है जिसके कारण पारंपरिक चिकित्सा में एआई पर डब्ल्यूएचओ का पहला रोडमैप तैयार हुआ।
केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव ने कहा कि यह तकनीक के माध्यम से पारंपरिक चिकित्सा को आगे बढ़ाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इन पहलों में आयुर्वेद, सिद्ध, यूनानी, सोवा रिग्पा और होम्योपैथी में एआई उपकरण शामिल हैं, जो प्राचीन निदान को आधुनिक एल्गोरिदम के साथ जोड़ते हैं।