हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हुआ है। इसके साथ ही उत्तर भारत में बारिश का दौर जारी है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी वर्षा हुई है। इस सप्ताह उत्तर भारत के राज्यों में रुक-रुक कर बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है। जम्मू-कश्मीर में हिमपात के कारण कई महत्वपूर्ण सड़कें बंद हो गईं हैं। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। बारिश के कारण कुछ स्थानों पर अचानक बाढ़ और भूस्खलन की आशंका है। बारिश से कुछ निचले इलाकों में जलभराव भी हो सकता है।
हिमाचल प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात हुआ है। मंगलवार और बुधवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में ओलावृष्टि, गरज- चमक के साथ तेज हवा चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
लाहौल और स्पीति तथा कुल्लू के ऊंचाई वाले इलाकों में पिछले 24 घंटों में हिमपात हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य में 10 अप्रैल तक बारिश जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है।
पश्चिमी गड़बडी के कारण उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में लगातार बारिश होने का अनुमान है। इसका सबसे अधिक प्रभाव में राजस्थान में पड़ने की आशंका है।