फ़रवरी 23, 2026 7:54 पूर्वाह्न

printer

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने किया पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा के लिए भाजपा सरकार के गठन का आह्वान

भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भाजपा सरकार के गठन का आह्वान किया है। कोलकाता में एक महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने चिंता व्यक्त की कि महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद संदेशखाली और आरजी कर की घटनाओं से उजागर हुई, जो राज्य की महिला सुरक्षा संबंधी स्थिति राष्ट्रीय बहस का विषय बन गई है।

केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में अत्याचारों की शिकार महिलाओं को अक्सर न्याय नहीं मिलता है। उन्‍होंने दावा किया कि राज्य सरकार केंद्र की त्वरित विशेष न्यायालयों और महिला हेल्पलाइन जैसी पहलों को लागू करने में विफल रही है। श्रीमती अन्‍नपूर्णा देवी ने कहा कि राज्‍य में सबसे अधिक एसिड हमले होते हैं। केंद्रीय मंत्री ने राज्य प्रशासन पर अपराधियों को कथित तौर पर संरक्षण देने के लिए चुप्पी साधने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण की तुलना राज्य के कथित भ्रष्टाचार और कुशासन से करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जनता की सेवा करने के बजाय राष्ट्र-विरोधी तत्वों को संरक्षण देने को प्राथमिकता दी है।