पश्चिम बंगाल में राम नवमी जुलूस के दौरान मुर्शिदाबाद में दो समुदायों के बीच तीन स्थानों पर हुई झड़पों के बाद गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है। इनमें एक धार्मिक संगठन के दो नेता भी शामिल हैं। पुलिस और उपद्रवियों की तलाश जारी है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। केंद्रीय बल इलाके में गश्त कर रहे हैं। मुर्शिदाबाद के डीआईजी अजीत सिंह यादव भी क्षेत्र में मौजूद हैं।
खबरों के मुताबिक, राम नवमी जुलूस के दौरान मची गड़बड़ी रघुनाथगंज के फुलतला ट्रैफिक जंक्शन पर शुरू हुई। स्थिति तब और बिगड़ गई जब आसपास के घरों और रघुनाथगंज पुल से जुलूस पर पत्थर फेंके गए। शिशतला गांव में भी हिंसा भड़की जब निवासियों ने तेज संगीत बजाते हुए धार्मिक स्थल से गुजर रहे जुलूस का विरोध किया। ग्रामीणों ने कथित तौर पर जुलूस पर हमला किया और पत्थर फेंके। झड़पों की खबर फैलते ही कुछ इलाकों में भारी भीड़ जमा हो गई। व्यवस्था बहाल करने के लिए पुलिस और केंद्रीय बलों की बड़ी टुकड़ियां तैनात की गईं।