मार्च 20, 2026 11:00 पूर्वाह्न

printer

पश्चिम बंगाल: एसआईआर प्रक्रिया के तहत विवादित मतदाताओं की पहली पूरक सूची आज प्रकाशित की जा सकती है

पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण(एसआईआर) प्रक्रिया के तहत विचाराधीन मतदाताओं की सूची की जांच के बाद, विवादित मतदाताओं की पहली पूरक सूची आज प्रकाशित की जा सकती है। गहन पुनरीक्षण के बाद 28 फरवरी को जारी अंतिम मतदाता सूची में साठ लाख से अधिक नाम विचाराधीन थे।

पूरक सूची जारी होने से पहले, कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सुजॉय पाल ने कल कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने और एसआईआर प्रक्रिया में शामिल न्यायाधीशों तथा न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा के लिए आपातकालीन बैठक बुलाई। मुख्य सचिव दुष्यंत नरयाल ने भी मुख्य अधिकारी मनोज अग्रवाल और विशेष पर्यवेक्षक सुब्रता गुप्ता से मुलाकात की।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ अलग से एक और दौर की चर्चा की। इन बैठकों का विवरण अभी तक सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि इसमें पूरक सूची के प्रकाशन से पहले राज्य में सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने पर ध्यान केंद्रित किया गया था।