अप्रैल 8, 2026 1:52 अपराह्न

printer

पश्चिम बंगाल: एसआईआर प्रक्रिया के पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची से हटे 91 लाख नाम

निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण – एसआईआर के बाद राज्य की मतदाता सूचियों से लगभग 91 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, व्यापक संशोधन प्रक्रिया के परिणामस्वरूप मतदाता सूची से लगभग 91 लाख नाम हटा दिए गए। इस प्रक्रिया में पहले हटाए गए लगभग 63 लाख नामों के साथ-साथ न्यायिक निर्णय के बाद अयोग्य घोषित किए गए अतिरिक्त 27 लाख मतदाताओं के नाम भी शामिल हैं।

आयोग ने कहा कि संशोधन का उद्देश्य मतदाता सूचियों को स्‍पष्‍ट बनाना था, जिसमें डुप्लिकेट, मृत, स्थानांतरित या अन्य किसी कारण से अयोग्य मतदाताओं को हटाकर इस महीने के अंत में होने वाले मतदान से पहले अधिक सटीक मतदाता आंकड़े सुनिश्चित किया जा सके। मुर्शिदाबाद, उत्तर 24 परगना, मालदा, नादिया और दक्षिण 24 परगना सहित कई जिलों में सबसे अधिक नाम हटाए गए।

कोलकाता में कई निर्वाचन क्षेत्रों से लगभग 7 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए गए, जिससे शहर के उत्तरी और दक्षिणी दोनों हिस्सों में मतदाताओं की संख्या में भारी गिरावट आई।

सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि इस संशोधन से अल्पसंख्यक, प्रवासी और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग प्रभावित हुए हैं, और वैध मतदाताओं के मताधिकार से वंचित होने की आशंका जताई है। दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस प्रक्रिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि फर्जी या अवैध नामों को मतदाता सूची से हटाना आवश्यक था।