पूरे खाड़ी क्षेत्र में बुनियादी ढांचे पर ईरान के ड्रोन हमलों से पश्चिम एशिया संकट और गहरा गया है।बहरीन में ईरान ने ड्रोन से आज गल्फ पेट्रोकैमिकल इंडस्ट्रीज़ कंपनी पर हमला किया, जिससे कई इकाइयों में आग लग गई। ईरान का यह हमला ईरानी शहर मशहर में सबसे बड़े पेट्रोकैमिकल परिसर में अमरीका और इस्राएल के हमले के बाद हुआ है। स्थानीय खबरों में कहा गया है कि बहरीन में आग पर नियंत्रण पा लिया गया है और अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अधिकारी नुकसान का आकलन कर रहे हैं।
कुवैत में बिजली और जल शुध्दिकरण संयंत्रों पर ईरान के ड्रोन हमलों के बाद दो विद्युत संयंत्र बंद कर दिए गए हैं। कुवैत के बिजली, जल और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार बिजली और पानी की आपूर्ति बनाए रखने के लिए आपात दलों की तैनाती की गई है। एक अन्य ड्रोन हमले में शुवैख ऑयल सेक्टर परिसर में भी आग लग गई।
ईरान द्वारा संयुक्त अरब अमीरात में भी ड्रोन हमलों की खबर है। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि एयर डिफेंस सिस्टम ने आज नौ बैलिस्टिक मिसाइल और एक क्रूज मिसाइल रोकी। इस बीच, इस्राएल के तेल अवीव में एक बैलिस्टिक मिसाइल गिरी।
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि होर्मूज जलडमरूमध्य खोलने के लिए ईरान का समय समाप्त हो रहा है। इस बीच, ईरान ने अमरीका की मांग खारिज कर दी है और कहा है कि उस पर कोई भरोसा नहीं है। इस बीच, ओपेक और अन्य देशों ने कहा है कि तेल उत्पादन बढ़ाने का कोई संकेत नहीं है।