मार्च 25, 2026 11:45 पूर्वाह्न

printer

पश्चिम एशिया संघर्ष के 26वें दिन भी पूरे क्षेत्र में हमलों का सिलसिला जारी; राजनयिक गतिविधियां तेज

पश्चिम एशिया संघर्ष के 26वें दिन भी पूरे क्षेत्र में हमलों का सिलसिला जारी है और राजनयिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इजराइल की सेना ने दक्षिणी लेबनान में अभियान तेज कर दिए हैं और सीमा पर दीर्घकालिक सुरक्षा योजनाओं के संकेत दिए हैं। इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज़ ने कहा कि सेना सुरक्षा कारणों से लिटानी नदी तक के क्षेत्रों पर नियंत्रण करने का इरादा रखती है। उन्‍होंने बताया कि हिज़्बुल्लाह द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले कई पुल नष्ट कर दिए गए हैं। श्री काट्ज ने कहा कि विस्थापित निवासियों को तब तक वापस लौटने की अनुमति नहीं दी जाएगी जब तक उत्तरी इजराइल सुरक्षित नहीं हो जाता। बेरूत के पास इजराइल के हमलों की खबर है, जिसमें बशामौन के एक आवासीय क्षेत्र में दो लोग मारे गए और पांच अन्य घायल हो गए। दक्षिणी लेबनान में लड़ाई जारी है, हताहतों की संख्या बढ़ रही है और विस्थापन भी बढ़ता जा रहा है।

अमरीका ने 82वीं एयरबोर्न डिवीजन के लगभग 2000 सैनिकों को त्वरित प्रतिक्रिया बल के रूप में पश्चिम एशिया में तैनात करने का आदेश दिया है। इसमें अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को अतिरिक्त सैन्य विकल्प मिल गए हैं। साथ ही अमरीका ने कहा कि उसने मध्यस्थों के माध्यम से ईरान को लड़ाई समाप्त करने के उद्देश्य से 15 सूत्री प्रस्ताव भेजा है। अमरीकी केंद्रीय कमान ने यह भी दावा किया कि अमरीकी सेना ने ईरान के अंदर 9 हजार से अधिक सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया है, जिससे ईरान की युद्ध क्षमता में काफी कमी आई है।

इस बीच, ईरान ने मिसाइलों और ड्रोन हमले शुरू किए हैं, जिसमें तल अवीव में कई स्थानों पर छह लोग घायल हुए हैं। ईरान की सरकारी मीडिया ने कहा कि कुछ मिसाइलें इजराइल सुरक्षा घेरे को भेदने में कामयाब रहीं, जबकि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने चेतावनी दी है कि अगर लेबनान और फिलिस्तीनी क्षेत्रों में इजराइल के अभियान जारी रहे तो और भी बड़े हमले किए जाएंगे।

इस बीच, ईरान ने मोहम्मद बगेर ज़ोलघाद्र को अपने सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद का नया सचिव नियुक्त किया है। ये अली लारीजानी का स्थान लेंगे जो संघर्ष में मारे गए थे।

खाड़ी देशों में, हवाई रक्षा प्रणालियां सक्रिय हैं। कुवैत ने अपने हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने वाली मिसाइलों और ड्रोनों को रोकने की सूचना दी, जबकि एक ड्रोन हमले से कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास एक ईंधन सुविधा में आग लग गई। सऊदी अरब ने भी अपने पूर्वी प्रांत में मिसाइलों और ड्रोनों को रोकने की सूचना दी, और बहरीन ने एक हमले से हुए नुकसान की सूचना दी।

इराक में भी संघर्ष का एक नया मोर्चा उभर रहा है। कुर्द क्षेत्र में, एरबिल में अमरीकी वाणिज्य दूतावास के पास एक ऊंची इमारत में विस्फोट और आग लगने की खबर है। यह घटना ड्रोन या मिसाइल गतिविधि के संदेह में हुई है। उत्तरी इराक में हाल के दिनों में कई हमले हुए हैं, जिनमें कुर्द पेशमर्गा बलों के हताहत होने की खबरें हैं। एरबिल हवाई अड्डे के पास स्थित ठिकानों को भी निशाना बनाया गया है, जहां अमरीकी सेना मौजूद है।