मौसम विभाग ने अगले पांच दिन के दौरान देश के दक्षिण-पश्चिमी प्रायद्वीपीय हिस्से और पूर्वोत्तर तथा आसपास के पूर्वी क्षेत्र में बहुत तेज वर्षा होने की संभावना व्यक्त की है। मौसम एजेंसी के अनुसार इस महीने की 16 तारीख तक कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक, गुजरात क्षेत्र, तेलंगाना में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। रायलसीमा में 14 और 15 जुलाई, सौराष्ट्र और कच्छ में आज वर्षा हो सकती है। असम, मेघालय और ओडिसा में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। पश्चिम बंगाल के तराई क्षेत्र, सिक्किम, बिहार और अरुणाचल प्रदेश में रविवार तक भारी वर्षा का अनुमान है। झारखंड, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, नागालैंड और मणिपुर में कल से दो-तीन दिन भारी बारिश होगी।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से, छत्तीसगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में मंगलवार तक भारी वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। पंजाब, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और विदर्भ में भी रविवार से मंगलवार तक वर्षा का दौर जारी रहने की भविष्यवाणी की है।