अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ जारी तनाव के बावजूद वे होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा से अमरीकी सैन्य बलों को नहीं हटाएंगे। मीडिया से बातचीत में ट्रम्प ने अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के प्रति निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग की सुरक्षा के लिए अधिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए। ट्रम्प ने ईरान के साथ चल रहे अमरीकी-इज़राइल संघर्ष में ब्रिटेन जैसे देशों से कम सैन्य समर्थन मिलने की ओर भी इशारा किया। जहाजों और क्षेत्रीय बुनियादी ढांचे पर लगातार ईरानी हमलों के बावजूद ट्रम्प ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में कोई वास्तविक खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से तेल की आवाजाही पर निर्भर देशों को इस मार्ग की सुरक्षा में अधिक सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्गों में से एक है। यहां से वैश्विक आपूर्ति का लगभग 20 प्रतिशत तेल गुजरता है।