अगस्त 5, 2025 3:33 अपराह्न

printer

एक आधुनिक, समावेशी और मीडिया तथा मनोरंजन के कुशल इको-सिस्‍टम के निर्माण में बड़ी भूमिका निभानी है: डॉ. एल. मुरूगन

सूचना और प्रसारण राज्‍य मंत्री डॉ. एल. मुरूगन ने कहा है कि एक आधुनिक, समावेशी और मीडिया तथा मनोरंजन के कुशल इको-सिस्‍टम के निर्माण में राज्‍यों और केंद्र शासित प्रदेशों को बड़ी भूमिका निभानी है। श्री मुरूगन आज नई दिल्‍ली में राज्‍यों और केंद्र श‍ासित प्रदेशों के सूचना और जनसम्‍पर्क सचिवों के राष्‍ट्रीय सम्‍मेलन के उद्घाटन के अवसर पर बोल रहे थे।

 

सूचना और प्रसारण राज्‍य मंत्री डॉ. एल. मुरूगन ने कहा कि सरकार मनोरंजन क्षेत्र को उच्‍च प्राथमिकता देती है और इसे बढावा देने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्‍होंने कहा कि प्रेस सेवा पोर्टल, इंडिया सिने हब, इंटरनेशनल फिल्‍म फेस्टिवल, वेव्‍स बाजार तथा वेव शिखर सम्‍मेलन जैसे कदमों से बड़े बदलाव आए हैं। श्री मुरूगन ने बताया कि ये सुधार सिर्फ नीति में परिवर्तन नहीं हैं, बल्कि ये कंटेंट क्रिएटर को सशक्‍त करने, बाधाओं को दूर करने और भारत को सच्‍चे अर्थों में फिल्‍म और मीडिया अनुकूल राष्‍ट्र बनाने की प्रतिबद्धता हैं।

 

इस बीच सूचना और प्रसारण सचिव संजय जाजू ने कहा कि भारत में हाल में कंटेंट क्रिएशन में बहुत अधिक वृद्धि हुई है। उन्‍होंने कहा कि प्रादेशिक और क्षेत्रीय मीडिया के विस्‍तार से नए अवसर सामने आए हैं, लेकिन इससे जनसंचार के लिए नई चुनौतियां भी पैदा हुई हैं।

 

श्री जाजू ने राष्ट्रीय सम्मेलन को एक ऐसा मंच बताया जहां सचिव महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श और सहयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इससे अर्थव्यवस्था को मज़बूत करने और सामुदायिक संबंधों के निर्माण में मदद मिल सकती है।