जून 24, 2024 2:11 अपराह्न | AAP | BJP | Delhi Water Crisis

printer

दिल्ली में जल संकट अभी भी बरकरार, आप और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी

राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली के कई भागों में जल संकट अभी भी बरकरार है। इस बीच, आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है।

   

दिल्‍ली के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय, सौरभ भारद्वाज, कैलाश गहलोत और ईमरान हुसैन ने आज प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को एक पत्र लिखकर हरियाणा से 10 करोड़ गैलेन पानी प्रतिदिन की मांग पर हस्तक्षेप करने की अपील की। एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के मंत्रियों ने दिल्‍ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के उस दावे को खारिज किया, जिसमें कहा गया था कि हरियाणा दिल्‍ली को पर्याप्त पानी दे रहा है। श्री राय ने उपराज्यपाल से मंत्रियों के साथ वजीराबाद जल उपचार संयंत्र का दौरा करने की अपील की। जल मंत्री आतिशी की भूख हड़ताल के समर्थन में आम आदमी पार्टी  धरना स्थल पर दिन में कैंडल मार्च निकालेगी।

   

उधर, भाजपा ने आम आदमी पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि दिल्ली में पानी सीधे तौर पर यमुना नदी से नहीं बल्कि नहर से आता है जो नियमित रूप से आ रहा है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पत्रकारों को बताया कि वजीराबाद जल उपचार संयंत्र में 95 प्रतिशत मिट्टी है, जो पानी के प्रवाह में बाधा डाल रही है। श्री सचदेवा ने यह भी सवाल किया कि दिल्ली सरकार ने मौजूदा पानी की कमी के दौरान जरूरत को पूरा करने के लिए अतिरिक्त पानी के लिए आप द्वारा संचालित पंजाब सरकार से संपर्क क्यों नहीं किया।