निर्वाचन आयोग ने आज दिल्ली विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया। 70 सदस्यीय दिल्ली विधान सभा चुनाव के लिए पांच फरवरी को वोट डाले जायेगे और आठ फरवरी को मतगणना होगी। निर्वाचन आयोग के आज दोपहर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक करोड 55 लाख से ज्यादा मतदाताओं के लिए 13 हजार 33 से ज्यादा मतदान केंद्र बनाए जाएगें। श्री राजीव कुमार ने बताया कि चुनाव की अधिसूचना दस जनवरी को जारी की जाएगी। नामांकन भरने की अंतिम तारीख 17 जनवरी है। 20 जनवरी तक नाम वापस लिए जा सकते हैं।
#दिल्ली_विधानसभा के लिए मतदान 5 फरवरी को होगा और मतगणना 8 फरवरी को होगी
अधिसूचना 10 जनवरी, 2025 को जारी की जाएगी और नामांकन की अंतिम तिथि 17 जनवरी, 2025 होगी
-राजीव कुमार, मुख्य चुनाव आयुक्त (@ECISVEEP ) #DelhiElection2025 #Elections2025 #DelhiAssemblyElection2025 pic.twitter.com/O8wZpNKaW4
— आकाशवाणी समाचार (@AIRNewsHindi) January 7, 2025
मौजूदा दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी को समाप्त हो रहा है। सत्तारूढ आम आदमी पार्टी ने सभी विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने अब तक 29 प्रत्याशी घोषित किए हैं।
दिल्ली के एक करोड 55 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाताओं में से 83 लाख से अधिक पुरूष मतदाता और 71 लाख से अधिक महिला मतदाता हैं, दो सौ 61 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। दिल्ली के निर्वाचन कार्यालय के अनुसार पिछले दो महीनों में 18 से 19 वर्ष की आयु वर्ग के 52 हजार से अधिक मतदाता जोडे गए हैं। विकासपुरी विधानसभा सीट में सर्वाधिक चार लाख 62 हजार से अधिक मतदाता हैं जबकि दिल्ली कैंट सीट में सबसे कम 78 हजार 893 मतदाता हैं।