भारत संचार निगम लिमिटेड-बीएसएनएल ने आज देशभर में वॉयस ओवर वाई-फाई,शुरू करने की घोषणा की। इसे वाई-फाई कॉलिंग सेवा के नाम से भी जाना जाता है। संचार मंत्रालय ने कहा कि यह सेवा अब देश के सभी दूरसंचार सर्किलों में बीएसएनएल के सभी ग्राहकों के लिए उपलब्ध होगी। इससे चुनौतीपूर्ण वातावरण में भी निर्बाध और उच्च गुणवत्ता वाली कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी।
मंत्रालय ने कहा कि ये ग्राहकों को वाई-फाई नेटवर्क पर वॉइस कॉल और मैसेज करने तथा प्राप्त करने में सक्षम बनाता है। इससे घरों, कार्यालयों, तहखानों और दूरदराज के स्थानों सहित कमजोर मोबाइल सिग्नल वाले क्षेत्रों में भी स्पष्ट और विश्वसनीय कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी। मंत्रालय ने कहा कि यह सेवा ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में विशेष रूप से लाभदायक है।