बांग्लादेश में सरकारी नौकरियों के लिए कोटा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के कारण राजधानी ढाका और अन्य शहरों में हिंसा बढ़ गई है। 1971 में देश की आजादी के लिए लड़ने वाले युद्ध वीरों के संबंधियों के लिए कुछ सार्वजनिक क्षेत्र की नौकरियों को आरक्षित करने के खिलाफ विश्वविद्यालय के छात्र कई दिनों से रैलियां कर रहे हैं। हिंसा के कारण मेट्रो रेल और ढाका आने-जाने वाली रेलवे सेवाएं रोक दी गई हैं और मोबाइल तथा इंटरनेट नेटवर्क बंद करने का आदेश दिया गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजधानी सहित देश भर में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के जवानों को तैनात किया गया है।