उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सभी राजनीतिक दलों से संसद और विधानसभाओं में बिना बाधा के सुचारू रूप से कामकाज चलाने के लिए परस्पर सहयोग का आग्रह किया है। उपराष्ट्रपति आज मुंबई में विधानसभा में महाराष्ट्र राज्य विधानमंडल की संयुक्त बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संवाद जरूरी है। जनता की समस्याओं का समाधान तभी संभव है जब सत्ता पक्ष और विपक्ष सहयोगपूर्ण रवैया अपनाएं।
श्री धनखड़ ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अनुशासन का पालन करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के तीन स्तंभों- कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका को अलग-अलग शक्तियां और जिम्मेदारियां दी गई हैं। सफल लोकतंत्र के लिए इन तीनों में तालमेल जरूरी है।
इस मौके पर राज्यपाल रमेश बैस ने महिलाओं, युवाओं और जलवायु परिवर्तन से जुडे मुद्दों को प्राथमिकता देने का आवाह्न किया। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि उपराष्ट्रपति ने देश को आगे बढ़ाने और लोकतंत्र को समृद्ध करने के प्रयास किये हैं। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए उपराष्ट्रपति का पद महत्वपूर्ण है।