अप्रैल 9, 2026 9:07 पूर्वाह्न

printer

पश्चिम एशिया संघर्ष समाप्‍त करने के लिए ईरान के साथ इस्‍लामाबाद में सीधी वार्ता में उपराष्‍ट्रपति जे.डी. वेंस अमरीकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्‍व करेंगे

अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप पश्चिम एशिया क्षेत्र में कई सप्‍ताह के संघर्ष को समाप्‍त करने के उद्देश्‍य से ईरान के साथ प्रत्‍यक्ष वार्ता करने के लिए उपराष्‍ट्रपति जे.डी.वेन्‍स के नेतृत्‍व में एक प्रतिनिधिमंडल और अन्‍य शीर्ष अधिकारियों को इस्‍लामाबाद भेज रहे हैं। व्‍हाइट हाऊस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि वार्ता करने वाली टीम में पश्चिम एशिया के विशेष दूत स्‍टीव विटकॉफ और राष्‍ट्रपति ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर शामिल हैं। पहले दौर की वार्ता शनिवार की सुबह होगी। ईरान के राष्‍ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने पुष्टि की है कि पाकिस्‍तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ टे‍लीफोन पर बातचीत के बाद तेहरान इस्‍लामाबाद वार्ता में शामिल होगा। ईरान के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्‍व संसद के अध्‍यक्ष मोहम्‍मद बाघर गालिबफ के करने की उम्‍मीद है। वे ईरान के युद्धकालीन नेतृत्‍व के मुख्‍य व्‍यक्ति हैं। 
 
अमरीकी प्रशासन द्वारा ईरान के विरूद्ध एक निर्णायक सैन्‍य अभियान के रूप में उल्‍लेख करने के बाद राष्‍ट्रपति ट्रंप द्वारा कल दो सप्‍ताह के संघर्ष विराम की घोषणा किए जाने के बाद यह वार्ता होने जा रही है। सुश्री लेविट ने कहा कि 28 फरवरी को अमरीका और इस्राएल के हमलों की शुरूआत के बाद क्षेत्र में छद्म गुटों को हथियार देने की ईरान की क्षमता पर लगाम लगा दी गई है। 
 
इस बीच, इस क्षेत्र में विशेषकर लेबनान में छिटपुट संघर्ष जारी है, जहां इस्राएल हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर हमले कर रहा है। ईरान ने इन हमलों को संघर्ष विराम का उल्‍लंघन बताया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्‍बास अराघची ने कहा कि दुनिया लेबनान में जनसंहार को देख रही है। उन्‍होंने कहा कि गेंद अ‍ब अमरीका के पाले में है। दुनिया देख रही है कि क्‍या अमरीका अपनी वचनबद्धताओं के अनुसार काम करेगा। 
 
लेबनान के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने कहा कि इस्राएल के हमलों में कल एक सौ 82 लोगों की मौत हो गई। यह इस्राएल-हिज़्बुल्लाह के संघर्ष में एक ही दिन में मरने वालों की सबसे अधिक संख्‍या है। संघर्ष के शुरू होने के बाद सिर्फ पांच सप्‍ताहों में लेबनान में 1739 लोग मारे गए हैं और पांच हजार आठ सौ तिहत्‍तर लोग घायल हुए हैं।
 
इस्राएल के प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्‍याहू के कार्यालय ने एक बयान में कहा कि यह दो सप्‍ताह के लिए ईरान के विरूद्ध हमलों को बंद करने संबंधी ट्रंप के निर्णय को समर्थन देता है, लेकिन इसमें लेबनान में हिज़्बुल्लाह के साथ चल रहे युद्ध को शामिल नहीं किया गया है। यह संघर्ष विराम ईरान द्वारा तत्‍काल होर्मुज जलडमरूमध्‍य को खोलने और अमरीका, इस्राएल तथा क्षेत्र के अन्‍य देशों पर सभी प्रकार के हमलों को रोकने से संबंधित है। 
 
अमरीका के उपराष्‍ट्रपति जे.डी.वेन्‍स ने ईरान को आगाह किया है कि लेबनान में इस्राएल के हमलों को लेकर वाशिंगटन के साथ हुए संघर्ष विराम को खतरे में डालना मूर्खता होगी। हंगरी में उन्‍होंने कहा कि लेबनान के मुद्दों पर वार्ता को “विफल” बनाना ईरान पर निर्भर है। 
 
फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि उन्‍होंने ईरान और अमरीका के शीर्ष नेताओं से कहा है कि दोनों पक्षों के बीच हुए संघर्ष विराम को लेबनान और टकराव के सभी क्षेत्रों में सम्‍मान किया जाएगा। जबकि बेरूत में इस्राएल के हमले जारी है। 
 
रणनीतिक होर्मुज जलडमरूमध्‍य तनाव का मुख्‍य बिन्‍दु बना हुआ है। ईरान की मीडिया ने कहा कि तेहरान ने बड़े स्‍तर पर इस मार्ग को बाधित किया है। वहीं, व्‍हाइट हाऊस ने कहा कि जलडमरूमध्‍य में यातायात में वृद्धि देखी गई है।  संघर्ष विराम वार्ता के हिस्‍से के रूप में होर्मुज जलडमरूमध्‍य को फिर से खोलने का वचन देने के बाद आईआरजीसी की नौसेना ने समुद्री माइन्‍स को हटाने के लिए जहाजों के लिए वैकल्पिक परिवहन मार्गों की घोषणा की।