वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज कहा कि मुंबई वालों के जीवन को सुगम बनाने के लिए मुंबई में विभिन्न परियोजनाओं को गति दी जाएगी। इसके तहत कांदिवली में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल परिसर को तेजी से पूरा किया जाएगा। खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए यहां मार्गदर्शन मिलेगा। मुंबई में विभिन्न प्राधिकरणों के प्रमुखों के साथ बैठक के बाद मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए श्री गोयल ने कहा कि पश्चिमी एक्सप्रेसवे पर अकुर्ली सुरंग का काम अगस्त के अंत तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। जिससे क्षेत्र में यातायात की भीड़ को कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्थानीय लोगों की मदद से विभिन्न विकल्पों पर विचार करने के बाद मुंबई में लंबित झुग्गी पुनर्विकास परियोजनाओं को पूरा किया जाएगा। उत्तरी मुंबई में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत एक लाख पेड़ लगाए जाएंगे, जिन्हें छात्र गोद लेंगे।