राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में विधानसभा का चार दिवसीय मानसून सत्र आज से शुरू हो रहा है। सत्र में अनुपूरक बजट सहित कई विधेयक पेश किए जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी, मंत्री, विधायक और अधिकारी गैरसैंण पहुंच चुके हैं। सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
वही, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने सभा मंडप का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और ध्वनि व्यवस्था में सुधार को लेकर संतोष जताया। इस बार सत्र का संचालन ई-नेवा प्रणाली से होगा। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि डिजिटल माध्यम से कार्यवाही अधिक पारदर्शी और प्रभावी होगी। महिला जनप्रतिनिधियों के लिए विशेष कक्ष की व्यवस्था भी की गई है।
कार्य मंत्रण की बैठक में सत्र की कार्ययोजना तय की गई। इसमें अनुपूरक बजट के साथ छह विधेयक लाए जाएंगे, जिनमें समान नागरिक संहिता संशोधन विधेयक, उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा विधेयक, पंचायती राज अधिनियम संशोधन विधेयक, लोक साक्ष्य विधेयक, धर्मांतरण कानून संशोधन विधेयक और लोकतंत्र सेनानी पेंशन विधेयक शामिल हैं। दलीय बैठक में विधानसभा अध्यक्ष ने सभी दलों से सहयोग की अपील की।