जुलाई 7, 2025 11:43 पूर्वाह्न

printer

उत्तराखंड फायर सर्विस के जवानों ने विश्व पुलिस एवं फायर गेम्स में जीते 9 पदक

अमरीका के बर्मिंघम में आयोजित विश्व पुलिस एवं फायर गेम्स 2025 में उत्तराखंड फायर सर्विस के जवानों ने पहली बार प्रतिभाग करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और भारत के लिए कुल 9 पदक जीते। इस उपलब्धि से राज्य और देश दोनों का गौरव बढ़ा है।

 

प्रतियोगिता में 70 से अधिक देशों के साढ़े आठ हजार से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। भारत की ओर से भाग लेने वाले चार अग्निशमन कर्मियों में उत्तराखंड से एक पुरुष और तीन महिला फायर फाइटर्स शामिल थे। टीम ने 2 स्वर्ण, 3 रजत और 4 कांस्य पदक अपने नाम किए।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और कहा कि यह जीत सिर्फ एक पदक नहीं बल्कि उत्तराखंड फायर सर्विस की समर्पण, फिटनेस और दृढ़ता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि हमारे फायर फाइटर्स अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्टता का प्रदर्शन कर रहे हैं।