उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 जिला पंचायत अध्यक्ष सीटों में से 10 पर जीत हासिल की, जिनमें 5 सीटें निर्विरोध मिलीं। ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भी पार्टी ने 75 प्रतिशत से अधिक सीटों पर कब्जा जमाया। हरिद्वार की 6 सीटों को छोड़कर 89 में से 83 ब्लॉक प्रमुख सीटों पर चुनाव हुए।
देहरादून में जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा को हार मिली, जबकि नैनीताल में मतगणना दोबारा होने के कारण परिणाम रोके गए हैं।
भाजपा ने रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, पौड़ी, अल्मोड़ा में जीत दर्ज की, जबकि उत्तरकाशी, चंपावत, टिहरी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंहनगर में प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध विजयी हो चुके थे।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में भाजपा की जीत पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे राज्य के सर्वांगीण विकास और सुशासन के संकल्प को और मजबूत करने वाला ऐतिहासिक क्षण बताया। मुख्यमंत्री ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे और प्रदेश को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।