UP: प्रदेश भर में आज श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व आस्था और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं कृष्ण के जन्म स्थान मथुरा और वृंदावन में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस अवसर पर श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर, श्री बांके बिहारी मंदिर, प्रेम मंदिर, इस्कॉन मंदिर सहित कई अन्य मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया है।
समूचे बृजमण्डल में भगवान श्रीकृष्ण का 5251वां जन्मोत्सव बड़ी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। कान्हा की जन्मभूमि को दुल्हन की तरह सजाया गया है और चहुं ओर रंग-बिरंगी रोशनी की छटा बिखरी हुई है। इस अवसर पर लाखों श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर अभिभूत हो रहे हैं, वहीं नगर में प्रमुख चौराहों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। जगह-जगह भंडारे और प्याऊ का प्रबंध किया गया है। सभी चौराहों और प्रमुख मार्गों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का सिलसिला जारी है। इसके अलावा मथुरा और वृंदावन के प्रमुख मंदिर और घाटों की सजावट लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। दुनिया भर में मशहूर बांके बिहारी मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव कल मनाया जाएगा। श्री कृष्ण जन्मोत्सव की कड़ी में प्रदेश भर में जगह-जगह दर्शन-पूजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी है।