उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के एक गांव में आज धार्मिक समागम में भगदड़ के दौरान 75 से अधिक लोगों की मृत्यु हो गई और कई अन्य घायल हो गए। एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि यह घटना फुलराई गांव में आयोजित सत्संग में हुई। इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग जुटे थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में हाथरस की घटना पर दुख व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की निगरानी में प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उत्तर प्रदेश सरकार के लगातार संपर्क में हैं। श्री मोदी ने सदन के माध्यम से सभी को आश्वस्त किया कि पीड़ितों की हरसंभव मदद की जाएगी।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने तथा उनके समुचित उपचार और मौके पर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। श्री योगी ने अपर पुलिस महानिदेशक- एडीजी आगरा और अलीगढ़ आयुक्त के नेतृत्व में घटना के कारणों की जांच 24 घंटे के भीतर पूरी करने का निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम आयोजकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
जिला प्रशासन ने लोगों की मदद के लिए हेल्पलाइन 05722227041 और 05722227042 नम्बर जारी किए हैं।