मार्च 9, 2026 7:55 अपराह्न | Uttam Nagar incident

printer

मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता ने उत्तम नगर घटना में दिवंगत तरुण के परिजनों से मुलाकात की

दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता आज दिल्ली सचिवालय में उत्तम नगर घटना में दिवंगत तरुण के परिजनों से भेंट कर अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्रीमती गुप्ता ने कहा कि असहनीय पीड़ा की इस घड़ी में दिल्ली सरकार पूरी संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और दृढ़ता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। मुख्‍यमंत्री ने तरुण के परिवार का दुःख अत्यंत गहरा और असहनीय बताते हुए कहा कि उन्हें न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्‍होंने कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों के विरुद्ध कठोरतम और त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। श्रीमती गुप्‍ता ने बताया कि दिल्ली सरकार पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता, संबल और आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी। साथ ही परिवार की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए भी सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्‍होंने स्‍पष्‍ट किया कि दिल्ली में इस प्रकार की अमानवीय और हिंसक घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो समाज को स्पष्ट संदेश दे कि दिल्ली में अपराध के लिए कोई स्थान नहीं है।