अमरीका ने पांच और देशों पर यात्रा प्रतिबंध लगा दिए हैं। इनमें बुर्किना फासो, माली, नाइजर, दक्षिणी सूडान और सीरिया शामिल हैं। ट्रंप प्रशासन ने 15 अन्य देशों पर आंशिक यात्रा प्रतिबंध भी लागू किए हैं। साथ ही फलस्तीनी यात्रा दस्तावेज़ से अमरीका यात्रा पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। ये प्रतिबंध अमरीका की यात्रा करने और वहां बसने की इच्छा रखने वालों- दोनों पर लागू होंगे।
कई अन्य देशों पर नए प्रतिबंध भी लगाए गए हैं। अमरीका ने यह निर्णय हाल ही में दो नेशनल गार्ड सैनिकों पर गोलीबारी के मामले में एक अफगान नागरिक की गिरफ्तारी के बाद लिया है। ट्रंप प्रशासन ने कहा है कि जिन देशों पर यात्रा प्रतिबंध लगाए गए हैं, वहां व्यापक भ्रष्टाचार, फर्जी नागरिक दस्तावेज और आपराधिक रिकॉर्ड की समस्याओं के कारण उनके नागरिकों की जांच करना कठिन है। अमरीकी प्रशासन ने जून में 12 देशों पर प्रतिबंध लगाया था।