जनवरी 2, 2026 10:30 पूर्वाह्न

printer

अमरीका: सिलिकॉन वैली के हिंदू मंदिर में सैकड़ों भक्तों ने मनाई अयोध्या राम मंदिर की दूसरी सालगिरह

अमरीका के सिलिकॉन वैली के एक हिंदू मंदिर में सैकड़ों भक्तों ने अयोध्या में राम मंदिर की दूसरी सालगिरह मनाई। यह कार्यक्रम भारत में सालगिरह के कार्यक्रमों से एक दिन पहले आयोजित किया गया था। जो भगवान राम को समर्पित प्रार्थना, भक्ति संगीत और सामुदायिक सेवा पर केंद्रित था।

 

फ्रेमोंट मंदिर के अधिकारियों ने कहा कि यह आयोजन अयोध्या में मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की सालगिरह के साथ किया गया था, जिसे भारत में 31 दिसंबर को मनाया गया था। पूरे अमरीका के अन्‍य मंदिरों और सामुदायिक समूहों ने भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए। क्षेत्र के पेशेवर भजन गायकों ने राम धुन और भजन गाए।

 

फ्रेमोंट मंदिर उत्तरी कैलिफ़ोर्निया में भारतवंशी-अमरीकियों के लिए एक प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र है। यह नियमित रूप से हिंदू त्योहारों और भारत में होने वाली घटनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजनों के दौरान बड़ी सभाओं का आयोजन करता है।