अमरीकी केन्द्रीय बैंक के प्रमुख पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तीखी टिप्पणी के बाद अमरीकी शेयर और डॉलर में फिर से गिरावट दर्ज की गई। अमरीकी राष्ट्रपति ने ब्याज दरें कम न करने पर केन्द्रीय बैंक के प्रमुख को पराजित व्यक्ति कहा था। इससे पहले सोशल मीडिया पोस्ट में, ट्रम्प ने फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष जेरोम पॉवेल से अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में मदद करने के लिए ब्याज दरों में कटौती करने का आग्रह किया था। श्री ट्रम्प ने कहा कि आर्थिक परिवर्तनों पर प्रतिक्रिया देने में पॉवेल का रवैया बहुत सुस्त बना हुआ है।
अमरीका की सबसे बडी 500 कंपनियों को ट्रैक करने वाले एसएंडपी 500 की कीमतों में कल रात लगभग दो दशमलव चार प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इस वर्ष की शुरुआत से अब तक एसएंडपी 500 मूल्य में लगभग 12 प्रतिशत गिरावट हुई है। डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज में कल रात दो दशमलव पांच प्रतिशत की गिरावट देखी गई। इस साल कुल मिलाकर इसके दाम करीब 10 प्रतिशत कम हुए हैं। नैस्डैक दो दशमलव पांच प्रतिशत से अधिक गिर गया जो इस वर्ष जनवरी से अब तक लगभग 18 प्रतिशत नीचे चला गया।