मार्च 18, 2026 12:23 अपराह्न

printer

अमरीका का प्रस्ताव, अवैध प्रवासियों को स्वदेश लौटने पर 2,600 डॉलर बोनस

अमरीका के गृह सुरक्षा विभाग ने अवैध प्रवासियों को अपने देश लौटने के लिए दो हजार छह सौ अमरीकी डॉलर का बोनस देने की पेशकश वाले पोस्‍टर जारी किए हैं।

विभाग ने अमरीका में अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों को लुभाने के उद्देश्‍य से इन पोस्‍टरों में ताजमहल और कोलम्बिया तथा चीन के प्रमुख स्‍थलों की तस्‍वीरों का इस्‍तेमाल किया है। अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्‍प के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के बाद प्रोजेक्‍ट होम कमिंग के नाम वाली इस पहल का शुभारंभ पिछले वर्ष मई में किया गया था। विभाग ने प्रवासियों को सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा एप का उपयोग करके यह प्रक्रिया शुरू करने की सलाह दी है। इस एप के माध्यम से वे स्वेच्छा से अमरीका छोड़ने की अपनी मंशा जताकर विवरण जमा कर सकते हैं। साथ ही यात्रा से संबंधित सहायता और कार्यक्रम के तहत दी जाने वाली वित्तीय प्रोत्साहन राशि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। विभाग के अनुसार 22 लाख से अधिक अवैध प्रवासियों ने जनवरी 2025 में कार्यक्रम के शुरू होने के बाद से इस योजना का लाभ उठाया है। 

यह कार्यक्रम प्रवासियों को गिरफ्तारी या प्रतिबंध के बिना नियमित यात्री के रूप में स्‍वदेश लौटने का अवसर प्रदान करता है। इस कार्यक्रम की शुरुआत में एक हजार अमरीकी डॉलर की बोनस राशि दी जाती थी।