अमरीका की सेना ने कल कैरेबियन सागर में एक नौका पर हमला किया, जिस पर मादक पदार्थों की तस्करी का संदेह था। इस हमले में चार लोगों की मौत हो गई। यह अभियान ट्रंप प्रशासन द्वारा लैटिन अमरीका में कथित तस्करों को निशाना बनाने के लिए चलाए जा रहे एक अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत पिछले साल सितंबर की शुरुआत से अब-तक कम से कम 163 लोगों की मौत हो चुकी है।
अमरीका के दक्षिणी कमान ने बताया कि यह हमला ज्ञात तस्करी मार्गों पर चलने वाली नौकाओं को निशाना बनाकर किया गया था, हालांकि नौका पर मादक पदार्थों की मौजूदगी की पुष्टि करने वाला कोई सबूत नहीं दिया गया। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस अभियान को लैटिन अमरीकी कार्टेल के साथ सशस्त्र संघर्ष का हिस्सा बताया है, जिसका उद्देश्य अमरीका में मादक पदार्थों के ओवरडोज से होने वाली मौतों को रोकना है। ये अभियान ऐसे समय में जारी है जब अमरीका की सेना पश्चिम एशिया में समानांतर सैन्य गतिविधियों में भी शामिल हैं।