संयुक्त राज्य अमरीका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों के खिलाफ “कोई राजा नहीं” अभियान के तहत बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए हैं। जिसमें विभिन्न शहरों में लाखों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। मिनेसोटा के सेंट पॉल स्थित स्टेट कैपिटल में आयोजित मुख्य रैली में दो लाख से अधिक लोगों के शामिल होने का अनुमान है, जो सबसे बड़े प्रदर्शनों में से एक रहा। प्रदर्शनकारियों ने मार्च निकाला, नारे लगाए और तख्तियां लेकर ट्रंप प्रशासन की नीतियों, विशेष रूप से आव्रजन कार्रवाई और ईरान संघर्ष में भूमिका की आलोचना की।
इस बीच, सीनेटर कर्स्टन गिलिब्रैंड ने कहा कि अमरीका में लोग राजाओं के आगे नहीं झुकते। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति को अपनी व्यक्तिगत छवि को बढ़ावा देने के बजाय महंगाई कम करने, स्वास्थ्य सेवाओं को सस्ता बनाने और हर परिवार की प्रगति सुनिश्चित करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अब समय आ गया है कि ऐसे प्रावधान लागू किए जाएं, जिससे सरकार जनता की सेवा करे, न कि किसी एक व्यक्ति के अहंकार की।