मार्च 13, 2026 2:03 अपराह्न

printer

अमरीका: ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट ने ईरान के साथ चल रहे संघर्ष के बीच तेल भंडार जारी करने के वाशिंगटन के फैसले का किया समर्थन

अमरीका के ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट ने ईरान के साथ चल रहे संघर्ष के बीच तेल भंडार जारी करने के वाशिंगटन के फैसले का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्‍तर पर ऊर्जा प्रवाह को दीर्घकालिक रूप से सुरक्षित बनाए रखने के लिए विश्‍व को इस समय अल्‍पा‍वधि के लिए ईंधन आपूर्ति में व्यवधान का सामना करना पड़ रहा है। वैश्विक बाजारों को स्थिर करने के उद्देश्य से किए जा रहे समन्वित अंतरराष्ट्रीय प्रयास के तहत, अमरीका ने अपने आपातकालीन पेट्रोलियम भंडार से लगभग 172 मिलियन बैरल तेल जारी करने की योजना की घोषणा की है।

लगभग 30 देश आपातकालीन उपाय कर रहे हैं, जिससे संघर्ष के कारण ईंधन आपूर्ति में व्यवधानों की भरपाई के लिए वैश्विक प्रणाली में लगभग 400 मिलियन बैरल तेल जारी किया जा सकता है। विश्व के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में से एक, होर्मुज जल-डमरू-मध्य में तनाव के कारण ऊर्जा बाजार प्रभावित हुआ है। अमरीका के आपातकालीन पेट्रोलियम भंडार में वर्तमान में लगभग 415 मिलियन बैरल तेल है।