मार्च 31, 2026 9:13 अपराह्न

printer

अमरीका के रक्षा मंत्री की चेतावनी, ईरान संघर्ष के आने वाले दिन निर्णायक

अमरीका के रक्षा मंत्री और पेंटागन प्रमुख पीट हेगसेथ ने चेतावनी दी है कि ईरान के साथ संघर्ष के आगामी दिन निर्णायक होंगे। एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ, एक महीने से अधिक समय से चल रहे अमरीकी-इस्राएली सैन्य अभियान के बावजूद, संघर्ष को समाप्त करने के लिए बातचीत में तेजी आई है। परंतु रक्षा मंत्री ने संघर्ष में अमरीकी जमीनी सेना की भूमिका से इंकार नहीं किया।

श्री हेगसेथ के साथ शीर्ष अमरीकी सैन्य अधिकारी, जनरल डैन केन, भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि अमरीकी सेना अब तक 11 हजार से अधिक ठिकानों पर हमले कर चुकी है। उन्होंने बताया कि अमरीका, ईरान की बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन क्षमताओं को नष्ट करना जारी रखे हुए है। उन्होंने  कहा कि वे संघर्ष के दौरान ईरान की रसद और आपूर्ति श्रृंखलाओं को बाधित करने और नष्ट करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमरीका, ईरानी नौसेना पर अपना वर्चस्व कायम रखे हुए है और उनकी बारूदी सुरंग बिछाने की क्षमता और नौसैनिक ढांचे को निशाना बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।

इस बीच, अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पोस्ट में यूरोपीय सहयोगियों की संघर्ष में अधिक सक्रिय भागीदारी न निभाने के लिए फिर से आलोचना की और मांग की कि ब्रिटेन और अन्य ईंधन की जरूरत वाले देशों को होर्मुज जल-डमरू-मध्य से अपना तेल खुद प्राप्त करना चाहिए। उन्होंने यूरोपीय देशों से कहा कि वे अमरीका की मदद से पीछे हट रहे हैं, इसे देखते हुए अमरीका भी उनकी मदद नहीं करेगा और उन्हें स्वयं के लिए लड़ना सीखना होगा।

इस बीच, दुबई के पास लाखों बैरल कच्चे तेल से भरे एक कुवैती तेल टैंकर पर हमला हुआ है, जिसके लिए अधिकारियों ने ईरान को जिम्मेदार ठहराया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जहाज पर सवार 24 चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और आग पर काबू पा लिया गया है। इस्राएल, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात में नए हमले और उन्हें रोकने की कार्रवाइयों की खबरें आ रही हैं। दुबई में मलबा गिरने से कई लोग घायल हो गए हैं।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला