मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

अक्टूबर 21, 2025 6:43 पूर्वाह्न

printer

अमरीका और ऑस्ट्रेलिया ने खनिज पदार्थों और रक्षा सहयोग पर हस्ताक्षर किए

अमरीका और ऑस्ट्रेलिया ने महत्वपूर्ण खनिज पदार्थों और रक्षा सहयोग पर केंद्रित 8 अरब 50 करोड़ डॉलर के अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ के बीच व्हाइट हाउस में हुई एक उच्च-स्तरीय बैठक के दौरान इन समझौतों को औपचारिक रूप दिया गया। ये समझौते महीनों की बातचीत के बाद हुए हैं और इनका उद्देश्य दोनों सहयोगियों के बीच आपूर्ति-श्रृंखला सुरक्षा, ऊर्जा स्वतंत्रता और सैन्य सहयोग को बढ़ाना है।

 

राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि महत्वपूर्ण खनिजों पर समझौते पर चार-पाँच महीनों से काम चल रहा था। व्हाइट हाउस द्वारा जारी एक तथ्य-पत्र में महत्वपूर्ण खनिजों के ढाँचे को ‘वैश्विक स्तर पर आपूर्ति-श्रृंखला सहयोग के लिए एक आदर्श’ बताया गया है। दस्तावेज़ के अनुसार, दोनों सरकारें महत्वपूर्ण खनिजों से जुड़ी परियोजनाओं में संयुक्त रूप से 3 अरब अमरीकी डॉलर से अधिक का निवेश करेंगी। जिसका अनुमानित वसूली योग्य मूल्य 53 अरब डॉलर है।

 

प्रधानमंत्री अल्बानीज़ ने कहा कि 8 अरब 50 लाख अमरीकी डॉलर की परियोजनाएँ प्रस्तावित हैं। दोनों पक्ष अगले छह महीनों में शुरू होने वाली परियोजनाओं के लिए 1 अरब डॉलर का संयुक्त निवेश करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह कदम दुर्लभ मृदा पदार्थों से बने चुम्बकों के निर्यात पर चीन द्वारा लगाए गए नए प्रतिबंधों के जवाब में उठाया गया है।