भारत में अमरीकी राजदूत सर्जियो गोर ने वाशिंगटन में एफबीआई निदेशक काश पटेल से मुलाकात की। अमरीकी राजदूत ने साइबर अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध नेटवर्क जैसे खतरों के खिलाफ अमरीका-भारत सहयोग पर चर्चा की। सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री गोर ने कहा कि सुरक्षा के मामले में दोनों देश पूरी तरह से एक दूसरे के साथ हैं।
अमरीकी राजदूत ने उपराष्ट्रपति जेडी वैंस से भी मुलाकात की और भारत-अमरीका संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के नेतृत्व में व्हाइट हाउस इस क्षेत्र पर विशेष ध्यान दे रहा है।
श्री गोर ने पिछले सप्ताह राष्ट्रपति ट्रंप से भी मुलाकात की थी राजदूत ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप भारत के साथ संबंधों को महत्व देते हैं। अमरीकी राजदूत ने एक साक्षात्कार में, कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सच्चा मित्र मानते हैं और यह दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करता है।