जम्मू और कश्मीर के ऊपरी इलाकों में कल मौसम की पहली बर्फबारी हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में तापमान सामान्य से नीचे चला गया। केंद्र शासित प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहा और श्रीनगर में दिन का तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू संभाग के बनिहाल में अधिकतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस जबकि जम्मू में 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पीर की गली, राजदान टॉप, साधना दर्रा, सिंथन टॉप, डक्सुम, कोंगडोरी गुलमर्ग, मिनीमर्ग और केंद्र शासित प्रदेश के अन्य हिस्सों में ताज़ा बर्फबारी दर्ज की गई। श्रीनगर सहित मैदानी इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावना व्यक्त की है। विभाग ने किसानों को सभी कृषि गतिविधियाँ स्थगित करने की सलाह दी है।