पश्चिम बंगाल में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में मतदाताओं को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोलकाता में उन्होंने कहा कि आयोग चुनाव पूर्व या चुनाव पश्चात किसी भी प्रकार की हिंसा बर्दाश्त नहीं करेगा।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का उद्देश्य एक ऐसी मतदाता सूची तैयार करना है जो पूरी तरह से शुद्ध हो। साथ ही यह सुनिश्चित करे कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची से बाहर न रहे और कोई भी अयोग्य व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। श्री कुमार ने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को चुनाव शांतिपूर्ण और हिंसा मुक्त कराने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव सुचारू रूप से संपन्न होंगे।
आयोग ने मीडिया को सूचित किया है कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश और कलकत्ता उच्च न्यायालय की निगरानी में न्यायिक अधिकारी विचाराधीन नामों की जांच कर रहे हैं।
आयोग की पूर्ण पीठ 8 मार्च को कोलकाता में आई और उसने कानून प्रवर्तन एजेंसियों, जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस और केंद्रीय बलों के नोडल अधिकारियों, आईजी/डीआईजी रेंज के अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठकें कीं। इसके बाद कल और आज मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ भी बैठकें हुईं।
News On AIR | मार्च 10, 2026 4:46 अपराह्न | Upcoming elections
पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों में मतदाताओं को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी : मुख्य निर्वाचन आयुक्त