अमरीका ने गाजा संघर्ष विराम मसौदे पर संयुक्त राष्ट्र में छठा वीटो लगाया, अन्‍य सभी 14 सदस्य समर्थन में थे

अमरीका ने गाजा में तत्‍काल स्‍थायी संघर्ष विराम और बंधकों की रिहाई से संबंधित मांग वाले मसौदा प्रस्‍ताव को संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद में छठी बार वीटो कर दिया है। पश्चिमी एशिया में अमरीका की उप दूत मॉर्गन ऑर्टागस ने कहा कि यह मसौदा प्रस्‍ताव हमास की निंदा करने या अपनी रक्षा करने के लिए इस्राइल के अधिकार को मान्‍यता देने के लिए काफी नहीं है। सुरक्षा परिषद कसभी 14 सदस्‍यों ने मसौदा प्रस्‍ताव के समर्थन में मतदान किया। इन सदस्‍यों का कहना है कि गाजा की मानवीय स्थिति हृदय विदारक है। उन्‍होंने इस्राइल से गाजा में लगाये गये सभी सहायता प्रतिबंधों को हटाने का आह्वान किया है। संयुक्‍त राष्‍ट्र ने आगाह किया कि इस्राइल द्वारा अपने सैन्‍य हमलों में वृद्धि के कारण गाजा शहर में नागरिकों की सहायता की अंतिम आशाएं धराशायी हो रही हैं। इसके बाद  यह प्रतिक्रिया आयी है। सात अक्‍टूबर 2023 को दक्षिणी इस्राइल पर हमास द्वारा किए गए हमले की प्रतिक्रिया में इस्राइली सेना ने गाजा में हमले शुरू किए। हमास द्वारा किए गये हमलों में लगभग 1200 मारे गये थे और 251 लोगों को बंधक बना लिया गया था। इस क्षेत्र के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के अनुसार तब से गाजा में इस्राइल के हमलों में लगभग 65,141 लोग मारे गये हैं।